विज्ञापन
Home› Baat Pate Ki› Livestock Insurance Portal Launched On September 28 Service Available In 11 Regional Languages

पशुपालकों के लिए बड़ी सुविधा : 28 सितंबर को लॉन्च होगा पशुधन बीमा पोर्टल, 11 क्षेत्रीय भाषाओं में मिलेगी सेवा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 27 Sep 2026 04:43 PM IST
सार

केंद्र सरकार 28 सितंबर को पशुधन बीमा पोर्टल लॉन्च करेगी। इस पोर्टल पर बीमा पॉलिसी जारी करने, क्लेम की प्रक्रिया और निगरानी जैसी सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी। पोर्टल हिंदी और अंग्रेजी के साथ 11 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगा।

28 सितंबर को लॉन्च होगा पशुधन बीमा पोर्टल
28 सितंबर को लॉन्च होगा पशुधन बीमा पोर्टल - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पशुओं का बीमा कराने और बीमा से जुड़ा दावा दर्ज कराने की प्रक्रिया अब डिजिटल होगी। केंद्र सरकार 28 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में पशुधन बीमा पोर्टल लॉन्च करेगी। इस पोर्टल के जरिए पशुपालक बीमा पॉलिसी, दावे और बीमा योजना से जुड़ी जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्राप्त कर सकेंगे।केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पोर्टल की शुरुआत करेंगे। इसे पशुधन बीमा सेवाओं को आसान और डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

एक ही पोर्टल पर मिलेगी बीमा की सुविधा
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अनुसार, पोर्टल को पशुधन बीमा के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है। इसके जरिए पशुधन बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसी जारी करने, बीमा दावे की प्रक्रिया, निगरानी और रिपोर्ट तैयार करने का काम किया जा सकेगा। इससे बीमा से जुड़ी अलग-अलग प्रक्रियाओं को एक ही व्यवस्था से संचालित करने में मदद मिलेगी।

हिंदी-अंग्रेजी के साथ 11 क्षेत्रीय भाषाएं
पोर्टल की सबसे खास बात यह है कि इसे हिंदी और अंग्रेजी के अलावा 11 क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे अलग-अलग राज्यों के पशुपालक अपनी सुविधा की भाषा में पशुधन बीमा से जुड़ी जानकारी और सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।

पशुओं के नुकसान का जोखिम कम करने में मदद
पशुधन किसानों और पशुपालकों की आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पशुओं की बीमारी, दुर्घटना या अन्य कारणों से होने वाले नुकसान का सीधा असर उनकी आय पर पड़ सकता है। ऐसे में पशुधन बीमा किसानों को आर्थिक जोखिम से सुरक्षा देने में मदद करता है। सरकार के अनुसार, नया पोर्टल पशुधन बीमा सेवाओं को पारदर्शी, आसान और तेज बनाने के साथ पशुपालकों तक तकनीक आधारित सेवाएं पहुंचाने में मदद करेगा।

बीमा योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी भी होगी
पोर्टल के जरिए पशुधन बीमा योजनाओं की रियल टाइम निगरानी और आंकड़ों के आधार पर प्रबंधन किया जा सकेगा। इससे केंद्र और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिलेगी। सरकार का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था से बीमा सेवाओं की निगरानी और सेवा देने की प्रक्रिया मजबूत होगी। इससे देशभर में पशुधन बीमा योजनाओं का संचालन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन