विज्ञापन
Home› Baat Pate Ki› Apna Paisa› Term Insurance Save Just 1 000 A Month To Give Your Family 1 Crore Worth Of Protection

Term Insurance: परिवार के लिए कैसे चुनें सबसे सस्ता और सबसे बड़ा बीमा कवच? एजेंटों से बचें, जानें 3 अहम बातें

गांव जंक्शन डेस्क, रायपुर Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 12 Oct 2025 01:34 PM IST
सार

जब भी बीमा की बात होती है तो कई लोग इसे एक फिजूलखर्ची या एजेंटों का बिछाया जाल समझते हैं। खासकर टर्म इंश्योरेंस (Term Insurance) को लेकर तो जानकारी का और भी अभाव है। लेकिन सच्चाई यह है कि यह आपके परिवार के लिए सबसे बड़ा और सबसे सस्ता सुरक्षा कवच है।
 

परिवार के लिए कैसे चुनें सबसे सस्ता और सबसे बड़ा बीमा कवच
परिवार के लिए कैसे चुनें सबसे सस्ता और सबसे बड़ा बीमा कवच - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खेत में फसल लहलहा रही हो, बच्चे स्कूल जा रहे हों और घर में शांति हो, तो हर परिवार के मुखिया का मन सुकून से भर जाता है। हम अपनी मेहनत से अपने परिवार के आज को बेहतर बनाने और कल को सुरक्षित करने के लिए दिन-रात एक कर देते हैं। हम बीज, खाद, बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्चों के लिए तो योजना बना लेते हैं, लेकिन क्या हमने कभी उस सबसे बड़ी अनिश्चितता के बारे में सोचा है - जिंदगी?

यह सवाल थोड़ा असहज कर सकता है, लेकिन यह हमारे परिवारों के भविष्य से जुड़ा सबसे जरूरी सवाल है। वित्त मंत्रालय द्वारा साल 2022 में पेश किया गया आर्थिक सर्वेक्षण बताते हैं कि हमारे देश में केवल 100 लोगों में से केवल  3 लोगों के पास जीवन बीमा पॉलिसी है। इसका सीधा मतलब है कि बाकी 97 लोगों के परिवारों को एक अनहोनी काफी बडी समस्या में डाल सकती है।

टर्म इंश्योरेंस- एक गलत समझा गया मॉडल
जब भी बीमा की बात होती है तो कई लोग इसे एक फिजूलखर्ची या एजेंटों का बिछाया जाल समझते हैं। खासकर टर्म इंश्योरेंस (Term Insurance) को लेकर तो जानकारी का और भी अभाव है। लेकिन सच्चाई यह है कि यह आपके परिवार के लिए सबसे बड़ा और सबसे सस्ता सुरक्षा कवच है।

इसे एक सीधे-सादे गणित से समझिए। मान लीजिए 25-30 साल का एक स्वस्थ व्यक्ति सिर्फ 1000 रुपये महीने यानी साल के 12,000 रुपये बचाता है। 30 साल में वह कुल 3.60 लाख रुपये जमा करेगा। लेकिन अगर इस दौरान उसे कुछ हो जाता है, तो उसके परिवार को 1 करोड़ रुपये तक की भारी-भरकम राशि मिलती है। यह कोई घोटाला या पोंजी स्कीम नहीं है, यही टर्म इंश्योरेंस का असली जादू है।

महंगाई की मार और सही समय का महत्व
कोविड जैसी महामारी ने हमें सिखाया है कि जीवन कितना अनिश्चित है। इसी अनिश्चितता के कारण बीते कुछ सालों में टर्म इंश्योरेंस के प्रीमियम 41 फीसदी तक बढ़ गए हैं। जो योजना 2020 में 10,000 रुपये सालाना पर मिलती थी, आज उसकी कीमत 14,000 रुपये हो चुकी है।

जल्द कदम उठाना समझदारी
लोग अक्सर यह सोचकर इसे टाल देते हैं कि मैं तो अभी जवान हूं, स्वस्थ हूं, मुझे क्या होगा? लेकिन यही बाद में देख लेंगे वाली सोच सबसे महंगी पड़ती है। आप जितनी कम उम्र में टर्म इंश्योरेंस लेते हैं आपका प्रीमियम जीवन भर के लिए उतना ही कम हो जाता है। हर साल की देरी आपके प्रीमियम को महंगा बनाने का काम करती है।

अपने परिवार के लिए सही बीमा कैसे चुनें?
बाजार में बहुत सारी कंपनियां और योजनाएं हैं। लेकिन कुछ सरल बातों का ध्यान रखकर आप अपने लिए सबसे बेहतर विकल्प चुन सकते हैं।

कितना कवर जरूरी है?: एक सामान्य नियम है कि आपको अपनी सालाना आय का कम से कम 10 से 15 गुना कवर लेना चाहिए। अगर आपकी सालाना कमाई 3 लाख रुपये है, तो आपको कम से कम 30 से 45 लाख का बीमा करवाना चाहिए। इसके अलावा अपने ऊपर चल रहे कर्जों (जैसे किसान क्रेडिट कार्ड या होम लोन) और बच्चों की भविष्य की पढ़ाई के खर्च को भी इसमें जोड़ना चाहिए।

सही कंपनी की पहचान करने का तरीका
  • क्लेम सेटलमेंट रेशियो: यह 97% से ज्यादा होना चाहिए। इसका मतलब है कि कंपनी 100 में से 97 दावों का भुगतान करती है।
  • अमाउंट सेटलमेंट रेशियो: यह 90% से ऊपर होना चाहिए। यह बताता है कि कंपनी बड़ी राशि वाले दावों का भी भुगतान करने में सक्षम है।
  • सॉल्वेंसी रेशियो: यह कंपनी की आर्थिक मजबूती को दिखाता है। यह 2 से ज्यादा होना एक अच्छा संकेत है।
एजेंट की बातों से बचें
कई बार एजेंट मोटी कमीशन के चक्कर में आपको ULIP जैसी महंगी और जटिल योजनाएं बेचने की कोशिश करते हैं। वहीं, टर्म प्लान में उनका कमीशन बहुत कम होता है। ऐसे में किसी के कहने पर नहीं, बल्कि अपनी सूझबूझ और इन तीन आंकड़ों के आधार पर फैसला लें।
विज्ञापन
विज्ञापन