विज्ञापन
Home› Youth Junction› Punjab Government To Build 3117 Model Playgrounds In Villages Rs966 Crore Project To Strengthen Rural Sports Infrastructure

पंजाब सरकार का बड़ा एलान: गांवों में बनेंगे 3,117 खेल मैदान, 966 करोड़ रुपये की आएगी लागत, मिलेंगी कई सुविधाएं

गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा Published by: Himanshu Mishra Updated Fri, 24 Oct 2025 02:18 PM IST
सार

सरकार 23 जिलों के गांवों में 966 करोड़ रुपये की लागत से 3,117 आदर्श खेल मैदान (Model Playgrounds) विकसित करने जा रही है। 

सीएम भगवंत मान
सीएम भगवंत मान - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब सरकार ने राज्य के ग्रामीण इलाकों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और सामाजिक ढांचे को मजबूत बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार 23 जिलों के गांवों में 966 करोड़ रुपये की लागत से 3,117 आदर्श खेल मैदान (Model Playgrounds) विकसित करने जा रही है। कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि यह परियोजना आने वाले छह महीनों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

खेल और सामाजिक विकास का संगम
मंत्री सौंद ने कहा कि इन खेल मैदानों का उद्देश्य सिर्फ खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देना ही नहीं, बल्कि गांवों में सामाजिक एकता और सामुदायिक जीवन को भी सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा, “पंजाब की असली ताकत उसके गांव हैं। अगर गांव मजबूत होंगे तो पंजाब अपने आप मजबूत होगा।”

हर जिले में बनेगा मॉडल प्लेग्राउंड
परियोजना के तहत हर जिले में खेल मैदान बनाए जाएंगे। इनमें प्रमुख जिलों में प्रस्तावित संख्या इस प्रकार है –
  • अमृतसर: 194
  • लुधियाना: 257
  • जालंधर: 168
  • होशियारपुर: 202
  • गुरदासपुर: 198
  • पटियाला: 191
  • बठिंडा: 186
  • संगरूर: 186
  • मुक्तसर साहिब: 134
  • फिरोजपुर: 121

इसके अलावा अन्य जिलों में भी दर्जनों खेल मैदान तैयार किए जाएंगे।

खन्ना विधानसभा के 30 गांवों में बनेगा मैदान
खन्ना विधानसभा क्षेत्र के कुल 67 गांवों में से 30 गांवों को इस योजना में शामिल किया गया है। इनमें भादला ऊंचा, बूथगढ़, गोह, मलकपुर, साहिबपुरा, किशनपुर, तुरमरी, राजेवाल, इसरू और नसराली जैसे गांव शामिल हैं। मैदानों का आकार 0.35 एकड़ से 4.10 एकड़ तक होगा। इनमें ओपन जिम, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी और क्रिकेट जैसी आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

युवाओं को नशे से दूर रखने की पहल
मंत्री सौंद ने कहा कि यह योजना युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए भी एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा, “ये मैदान सिर्फ खेलने की जगह नहीं होंगे, बल्कि गांवों की आत्मा बनेंगे, जहां बच्चे खेलेंगे, समाज जुड़ेगा और संस्कृति जीवित रहेगी।”

पंजाब के भविष्य में निवेश
मंत्री ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ सरकारी योजना नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य में एक निवेश है। उन्होंने कहा, “यह हमारा वादा, हमारा सपना और हमारी जिम्मेदारी है — हम पंजाब के हर बच्चे को खेलने का अवसर देंगे, हर गांव को एक सुंदर खेल मैदान देंगे।”
विज्ञापन
विज्ञापन