Home›Khelkood›
Coconut Farmer S Daughter Is Bridney Sets National Cycling Record
गांव के सितारे : छोटे-से द्वीप के नारियल किसान की बेटी ने साइकिलिंग में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, जीता स्वर्ण
गांव जंक्शन डेस्क, कोलकाता
Published by: Umashankar Mishra
Updated Sat, 07 Nov 2026 06:57 PM IST
सार
कार निकोबार की 16 वर्षीय साइकिलिस्ट आईएस ब्रिडनी ने रांची में राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के दौरान 500 मीटर टाइम ट्रायल में 37.479 सेकंड का समय लेकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता।
साइकलिंग में स्वण पदक विजेता 16 वर्षीय ब्रिडनी कार निकोबार के किसान की बेटी हैं।
- फोटो : एआई
कार निकोबार के एक नारियल किसान की बेटी आईएस ब्रिडनी ने राष्ट्रीय स्तर पर साइकिलिंग में नया रिकॉर्ड बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
16 वर्षीय ब्रिडनी ने झारखंड के रांची में तीन नवंबर को आयोजित 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर और 41वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में सब-जूनियर बालिका वर्ग की 500 मीटर व्यक्तिगत टाइम ट्रायल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
उन्होंने यह दूरी 37.479 सेकंड में पूरी की और 38.700 सेकंड के पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह रिकॉर्ड पहले त्रिशा पॉल के नाम था।
नारियल की खेती से चलता है परिवार
ब्रिडनी कार निकोबार के किन्युका गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता रुथर नारियल की खेती और खोपरा बेचकर परिवार का गुजारा करते हैं, जबकि मां जुनिया गृहिणी हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद परिवार ने बेटी के खेल के सपने को पूरा करने में साथ दिया।
शुरुआत में ब्रिडनी की रुचि फुटबॉल और 100 मीटर दौड़ में थी। नवंबर 2022 में चयन ट्रायल के दौरान कोच विश्वजीत बालकृष्ण सुतार ने उनकी साइकिलिंग प्रतिभा पहचानी और उन्हें इस खेल के लिए प्रोत्साहित किया। 2023 में उनका चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के कार निकोबार प्रशिक्षण केंद्र में हुआ।
कोच ने जुटाए प्रतियोगिता के लिए जरूरी संसाधन
कार निकोबार के प्रशिक्षण केंद्र में साइकिलिंग वेलोड्रोम और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में कोच सुतार ने अपने पुराने प्रशिक्षुओं की मदद से तिरुवनंतपुरम और कोल्हापुर से जरूरी उपकरणों की व्यवस्था की।
इसके बाद ब्रिडनी ने 2024-25 में चेन्नई में राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप और रांची में स्कूल राष्ट्रीय चैंपियनशिप की टीम स्प्रिंट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते। 2025-26 में रुद्रपुर राष्ट्रीय चैंपियनशिप और स्कूल नेशनल में उन्हें रजत पदक मिले।
साई के कोलकाता स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र ने भी उनके प्रशिक्षण के लिए आर्थिक, प्रशासनिक और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई। करीब तीन महीने पहले उनका चयन दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम स्थित साई राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में हुआ।
फिलहाल वह विदेशी कोच मार्क पैकर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। उनका लक्ष्य एशियाई खेलों में देश के लिए पदक जीतना है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।