Home›Khelkood›
From Clay Idols To Securing Olympic Quota For Country Jaypal S Extraordinary Journey
फलक पर चमका गांव सितारा : किसान और मूर्तिकार परिवार का बेटा बना भारत को ओलंपिक कोटा दिलाने वाला पहला निशानेबाज
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 11 Nov 2026 02:37 PM IST
सार
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के किसान और मूर्तिकार परिवार के 31 वर्षीय जयपाल मालवीय लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए भारत को कोटा दिलाने वाले पहले भारतीय निशानेबाज बने हैं। उन्होंने दोहा के आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में दोस्तों से कर्ज लेकर 2022 में खरीदी सेकंड-हैंड पिस्टल से रजत जीता।
31 साल की उम्र में जयपाल मालवीय ने वह कर दिखाया है जिसके लिए कई निशानेबाज वर्षों संघर्ष करते हैं। वे 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भारत को कोटा दिलाने वाले पहले भारतीय निशानेबाज बने हैं।
मध्य प्रदेश के इस निशानेबाज का सफर बिल्कुल पारंपरिक नहीं रहा। छिंदवाड़ा के छोटे गांव के किसान जयपाल मूर्तिकारों के परिवार से हैं और स्थानीय अकादमी में कदम रखते समय प्रतिस्पर्धी निशानेबाजी के बारे में कम ही जानते थे।
दोहा में आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में उपलब्धि का जश्न मनाते समय उनका परिवार त्योहार के लिए देवी लक्ष्मी की मूर्तियां बनाने में व्यस्त था। मूर्तिकला परिवार का पारंपरिक पेशा और आजीविका का बड़ा जरिया है।
जयपाल ने कहा, 'हम प्रजापति कुम्हार हैं। हमारा मुख्य काम दुर्गा, लक्ष्मी और गणेश की मूर्तियां बनाना है। त्योहार की वजह से परिवार के ज्यादातर लोग लक्ष्मी की मूर्तियां बनाने में लगे थे। यही हमारी रोजी है।'
खेती बनी परिवार की रीढ़
आठ भाई-बहनों (पांच भाई, तीन बहनें) में सबसे छोटे जयपाल परिवार की छोटी जमीन पर भी काम करते हैं, जहां गेहूं, बाजरा और मौसमी सब्जियां उगाई जाती हैं। मूर्तियों की मिट्टी उनके अपने खेतों से आती है।
मेले के गुब्बारे से अकादमी तक सफर
उनका निशानेबाजी से परिचय सादा था। तब तक निशानेबाजी का मतलब गांव के मेलों में पैलेट पिस्टल-राइफल से गुब्बारे फोड़ने का खेल था। उन्हें पता ही नहीं था कि यह प्रतिस्पर्धी खेल है, जिसका राज्य स्तर से अंतरराष्ट्रीय सर्किट तक ढांचा है।
उन्होंने कहा, 'मुझे निशानेबाजी के भविष्य की कोई जानकारी नहीं थी। मुझे यह तक नहीं पता था कि राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं होती हैं। अकादमी में गया तो लगा यह वही मेले वाला खेल है, मैंने सोचा मजे के लिए कर सकता हूं।'
उनके गांव से मुश्किल से पांच किलोमीटर दूर छिंदवाड़ा की अकादमी में बदलाव शुरू हुआ। हालांकि 2016 से 2018 के बीच राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र में स्नातक के दौरान एनसीसी प्रशिक्षण में उन्होंने पहली बार हथियार संभाला था।
उन्होंने एनसीसी 'सी' प्रमाणपत्र अल्फा ग्रेड के साथ हासिल किया और अपनी बटालियन में अव्वल रहे। उनके प्रदर्शन से प्रभावित सेना अधिकारियों ने उन्हें सशस्त्र बलों में जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा, 'एनसीसी के कर्नल चाहते थे कि दो साल में मैं सेना में दिखूं। फिर कोविड आ गया, भर्ती रुक गई और मैं सेना की परीक्षा की तैयारी नहीं कर सका।'
बिना कोच, दोस्तों के कर्ज से पिस्टल
योजना विफल होने पर उन्होंने महामारी के बाद बी.एड किया और मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की तैयारी शुरू की। निशानेबाजी धीरे-धीरे गंभीर रूप ले रही थी। अकादमी के दोस्तों ने राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की सलाह दी, तो उन्होंने 2021 में राज्य चैंपियनशिप में कांस्य जीता।
एक साल बाद केरल में जीवी मावलंकर प्री-नेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने दिल्ली की राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया और ग्रुप बी राष्ट्रीय दल में जगह बनाई।
चयन प्रक्रिया उनके लिए अपरिचित रही। उन्होंने कहा, 'मैंने कुछ ट्रायल दिए, पर ट्रायल की अवधारणा या टीम में चयन का तरीका नहीं जानता था। मैं बिल्कुल अनजान था। बस शूटिंग करता रहा। मेरा कोई कोच भी नहीं था।'
निशानेबाजी महंगा खेल है और आर्थिक चिंता बड़ी रही। एनसीसी की बुनियाद से उन्होंने ज्यादा खर्च किए बिना बुनियादी बातें सीखीं। 2022 में सेकंड-हैंड पिस्टल खरीदनी थी, तो गांव के दोस्तों ने करीब एक लाख रुपये का कर्ज दिया।
उन्होंने कहा, 'मैंने दोस्तों से पैसे लिए और मेरी किस्मत अच्छी थी कि उन्होंने साथ दिया। यह वही सेकंड-हैंड पिस्टल है जो मैंने 2022 में खरीदी थी और जिससे मैंने दोहा में रजत और देश के लिए ओलंपिक कोटा जीता।'
वर्ष 2025 में उन्होंने छह हफ्ते का राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) कोचिंग कोर्स किया, ताकि उभरते निशानेबाजों को सिखाकर आमदनी का दूसरा जरिया बने। कोर्स के दौरान भी वे शूटिंग ट्रायल देते रहे।
पहली बार विदेश, पहली बार हवाई यात्रा
अंतरराष्ट्रीय अनुभव इसी साल मिला। जुलाई में हांगझोउ विश्व कप उनका पहला विदेशी दौरा था। वे शीर्ष आठ में रहे, पर रैंकिंग पॉइंट्स ओनली (आरपीओ) श्रेणी में होने का पता चलने पर फाइनल में नहीं खेल सके। हांगझोउ की उड़ान उनकी पहली हवाई यात्रा थी और विश्व चैंपियनशिप के लिए दोहा उनका दूसरा अंतरराष्ट्रीय दौरा।
दोहा में उन्हें अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी की बारीकियां भी पता चलीं, जैसे देश के लिए कोटा जीतने और ओलंपिक चयन में फर्क। उन्होंने कहा, 'मुझे बस पिछले तीन-चार दिनों में पता चला कि देश के लिए कोटा जीतने वाला निशानेबाज जरूरी नहीं कि ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करे। ओलंपिक दल के चयन के लिए ट्रायल होते हैं।'
ओलंपिक कोटा पक्का हो गया है, पर लॉस एंजिलिस के लिए भारतीय टीम में जगह चयन ट्रायल पर निर्भर करेगी। चंदन का परिवार खेती और मूर्तियां बनाना जारी रखेगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।