झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. राजेश सिंह ने पॉलीहाउस में कम लागत में ज्यादा मुनाफा कमाने का एक बेहद कारगर मॉडल तैयार किया है। इस वर्टिकल फार्मिंग तकनीक में एक ही पॉलीहाउस के अंदर ऊपर नामधारी 4266 जैसी इंडिटर्मिनेट किस्म के टमाटर और नीचे रंगीन गोभी, ब्रोकली, ब्रुसेल्स स्प्राउट्स व गांठ गोभी की खेती एक साथ की जाती है। सबसे खास बात यह है कि टमाटर को दिए जाने वाले खाद और पानी से ही नीचे लगी गोभी की फसल भी तैयार हो जाती है, यानी खाद-पानी का अतिरिक्त खर्च नहीं बढ़ता। टमाटर के पौधे जे-हुक और रस्सी के सहारे 15 से 20 फीट तक ऊपर बढ़ते हैं और इनकी निचली पत्तियों की नियमित छंटाई की जाती है ताकि नीचे उग रही गोभी और ब्रोकली को पर्याप्त धूप और हवा मिलती रहे।
कमाई के लिहाज से यह मॉडल बुंदेलखंड और पॉलीहाउस किसानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रहा है। 1,000 वर्ग मीटर के पॉलीहाउस में टमाटर से करीब 3 लाख रुपये (एक एकड़ में लगभग 12 लाख रुपये) की संभावित बिक्री के साथ-साथ नीचे लगी रंगीन गोभी और ब्रोकली से एक एकड़ में 3.5 से 4 लाख रुपये तक की अतिरिक्त बिक्री हो सकती है। बीज, पौध और मजदूरी का करीब 60 से 70 हजार रुपये प्रति एकड़ खर्च निकालने के बाद किसान सिर्फ गोभी की फसल से ही 2.5 से 3 लाख रुपये तक का शुद्ध अतिरिक्त मुनाफा कमा सकते हैं। इस वीडियो में जानिए बुवाई का सही समय, नर्सरी की लागत, कीट नियंत्रण और पॉलीहाउस प्रबंधन की पूरी जानकारी।
HIGHLIGHTS
पॉलीहाउस में टमाटर के साथ गोभी उगाकर कमाएं अतिरिक्त आमदनी
एक ही पॉलीहाउस में ऊपर टमाटर, नीचे रंगीन गोभी और ब्रोकली
बिना अतिरिक्त खाद-पानी के दो फसलों से कमाई का मॉडल
1,000 वर्ग मीटर में टमाटर से ₹3 लाख की बिक्री का अनुमान
गोभी से एक एकड़ में ₹3.5-4 लाख तक की अतिरिक्त बिक्री
दोनों फसलों से खर्च निकालकर ₹2.5-3 लाख तक मुनाफे का दावा