देश में कृषि उत्पादन के लिहाज से वर्ष 2025-26 ऐतिहासिक रहा है। किसानों की मेहनत और बेहतर कृषि तकनीकों की मदद से देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 3785.38 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यह वर्ष 2024-25 के मुकाबले 208.06 लाख टन अधिक है। वहीं, दलहन और तिलहन के उत्पादन में भी नए रिकॉर्ड बने हैं। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को वर्ष 2025-26 के प्रमुख फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान और वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के पहले अग्रिम अनुमान जारी किए।
इस मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय कृषि क्षेत्र लगातार आगे बढ़ रहा है। भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है। गेहूं और कपास के उत्पादन में भारत दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में चावल का उत्पादन 1551.54 लाख टन और गेहूं का उत्पादन 1220.64 लाख टन रहा। वहीं, मक्का का उत्पादन बढ़कर 550.25 लाख टन हो गया है। देश में खाद्यान्न के पर्याप्त भंडार हैं और भारतीय चावल के निर्यात में भी 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
दलहन और तिलहन उत्पादन में भी नए रिकॉर्ड
कृषि मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में दलहन और तिलहन के उत्पादन में भी बढ़ोतरी हुई है। देश में कुल दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन और तिलहन उत्पादन 432.55 लाख टन दर्ज किया गया है।दलहन में मूंग का उत्पादन 43.96 लाख टन रहा, जबकि चना 125.13 लाख टन और अरहर का उत्पादन 35.99 लाख टन दर्ज किया गया। तिलहन में मूंगफली का उत्पादन बढ़कर 131.71 लाख टन और सरसों का उत्पादन 137.66 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। सोयाबीन का उत्पादन 126.36 लाख टन रहा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गेहूं और चावल के उत्पादन में पर्याप्त स्थिति हासिल करने के बाद अब सरकार का जोर दलहन और तिलहन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर है। इसके लिए राष्ट्रीय दलहन मिशन और तिलहन मिशन के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, किसानों को फसल विविधीकरण के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
अल नीनो और कम बारिश के बावजूद खरीफ उत्पादन बढ़ने का अनुमान
वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के पहले अग्रिम अनुमान के मुताबिक, देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख टन रहने की उम्मीद है। यह पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है।
इस बार अल नीनो, मानसून में देरी और कई राज्यों में कम बारिश के कारण खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित हुई। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में मिट्टी में नमी की कमी और सूखे जैसी स्थिति भी देखने को मिली। इसके बावजूद किसानों की मेहनत, सरकारी योजनाओं और बेहतर बीजों की मदद से उत्पादन में बढ़ोतरी का अनुमान है।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों, कम बारिश और बुवाई में देरी के बावजूद हमारे किसानों के हौसले से खरीफ खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है।"
खरीफ में चावल और मोटे अनाज का उत्पादन
खरीफ 2026-27 में चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन रहने का अनुमान है। वहीं, मोटे और पोषक अनाज का कुल उत्पादन 381.05 लाख टन रहने की उम्मीद है। इसमें मक्का का उत्पादन 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन और रागी 12.48 लाख टन रहने का अनुमान है। छोटे मिलेट्स का उत्पादन 3.71 लाख टन रह सकता है।
खरीफ में दलहन और तिलहन का कितना होगा उत्पादन?
पहले अग्रिम अनुमान के अनुसार, खरीफ सीजन में कुल दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन रहने की उम्मीद है। इसमें अरहर का उत्पादन 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन और उड़द 14.49 लाख टन रहने का अनुमान है। अन्य दलहनी फसलों का उत्पादन 9.02 लाख टन रह सकता है।
वहीं, खरीफ तिलहन का कुल उत्पादन 239.47 लाख टन रहने का अनुमान है। इसमें मूंगफली का उत्पादन 111.68 लाख टन और सोयाबीन का 102.44 लाख टन रहने की उम्मीद है। इसके अलावा अरंडी 18.97 लाख टन, तिल 4.91 लाख टन और सूरजमुखी 1.17 लाख टन रह सकता है।
मक्का, गन्ना और मूंगफली का भी बढ़ा उत्पादन
वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमानों में कई नकदी फसलों का उत्पादन भी बेहतर रहा है। मक्का का उत्पादन 550.25 लाख टन और गन्ने का उत्पादन 5037.29 लाख टन दर्ज किया गया। वहीं, कपास का उत्पादन 280.06 लाख गांठ और जूट व मेस्ता का उत्पादन 94.28 लाख गांठ रहा। खरीफ 2026-27 के पहले अनुमान में गन्ने का उत्पादन 4543.39 लाख टन, कपास का 248.66 लाख गांठ और जूट व मेस्ता का 97.06 लाख गांठ रहने की उम्मीद है।
फसल विविधीकरण और आत्मनिर्भरता पर सरकार का जोर
कृषि मंत्री ने कहा कि देश में गेहूं और चावल का पर्याप्त भंडार होने के बाद अब दलहन और खाद्य तेलों के उत्पादन को बढ़ाना जरूरी है। इसके लिए किसानों को ऐसी फसलें उगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिनकी देश में मांग अधिक है और जिनका आयात करना पड़ता है। सरकार का लक्ष्य दलहन और तिलहन के उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करना है। इसके लिए किसानों को बेहतर बीज, नई तकनीक और सरकारी योजनाओं का लाभ देने पर जोर दिया जा रहा है।
डिजिटल सर्वे और वैज्ञानिक तरीकों से तैयार हुए आंकड़े
कृषि मंत्री ने बताया कि फसल उत्पादन के ये अनुमान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिले आंकड़ों के साथ डिजिटल क्रॉप सर्वे, रिमोट सेंसिंग और फसल की स्थिति पर निगरानी के आधार पर तैयार किए गए हैं। खरीफ 2026-27 के ये पहले अग्रिम अनुमान हैं। फसल कटाई के बाद खेतों में किए जाने वाले प्रयोगों से वास्तविक पैदावार के आंकड़े मिलने पर इनमें बदलाव किया जा सकता है। इसके बाद दूसरे और अंतिम अनुमान जारी किए जाएंगे।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।