इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में बीएससी एग्रीकल्चर प्रथम वर्ष के ‘फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स’ की परीक्षा पेपर लीक होने के बाद रद्द कर दी गई। परीक्षा 19 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक 28 कृषि महाविद्यालयों में होनी थी, लेकिन इससे करीब पांच घंटे पहले सुबह 4 से 5 बजे के बीच मूल प्रश्नपत्र से मेल खाती PDF सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगी।
20 दिन में तीसरी घटना
लगातार पेपर लीक की यह विश्वविद्यालय में 20 दिनों के भीतर तीसरी घटना है। इससे पहले 7 अगस्त को प्लांट पैथोलॉजी और 20 अगस्त को परीक्षा से ठीक पहले एंटोमोलॉजी का प्रश्नपत्र लीक हुआ था। एंटोमोलॉजी की परीक्षा भी रद्द कर दी गई थी। दोनों रद्द परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा कराने की बात विश्वविद्यालय ने कही है।
पैकेट में छेद कर पेपर रिकॉर्ड करने का आरोप
जांच के लिए विश्वविद्यालय ने पांच सदस्यीय समिति बनाई। जांच में दुर्ग स्थित भारती एग्रीकल्चर कॉलेज से लौटे प्रश्नपत्र के लिफाफों में छेड़छाड़ के सबूत मिले। अधिकारियों के मुताबिक, पहले की घटनाओं जैसी ही तकनीक में सुई, पोकिंग टूल और एंडोस्कोपी कैमरे की मदद से पैकेट में छोटा छेद कर अंदर रखे प्रश्नपत्र को रिकॉर्ड किया गया।
विश्वविद्यालय ने भारती एग्रीकल्चर कॉलेज को 10 दिन में जवाब देने का कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जवाब नहीं मिलने पर कॉलेज को डिफॉल्टर घोषित किया जा सकता है।
मामले को चल रही आपराधिक जांच में शामिल करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने रायपुर के तेलीबांधा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस अब तक इस पेपर लीक मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें दुर्ग के असिस्टेंट प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया भी शामिल हैं।
परीक्षा व्यवस्था होगी और सख्त
लगातार घटनाओं के बाद IGKV ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है। अब प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से सिर्फ 30 मिनट पहले केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। परीक्षा हॉल में CCTV कवरेज बढ़ाया जाएगा और निगरानी में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।