मकर संक्रांति: कर्नाटक-आंध्र में अंतर-राज्यीय बैलगाड़ी दौड़ का रोमांच, ग्रामीण खेलों की परंपरा को नई ऊर्जा
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Mon, 12 Jan 2026 08:50 PM IST
सार
मकर संक्रांति के उत्सव के बीच कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर में अंतर-राज्यीय बैलगाड़ी दौड़ ने ग्रामीण खेलों की परंपरा को नई ऊर्जा दी। तीन दिन तक चले इस आयोजन में कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए।
मकर संक्रांति के अवसर पर बैलगाड़ी दौड़।
- फोटो : एजेंसी
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के गौरिबिदनूर तालुक स्थित हुडुगुरु गांव में मकर संक्रांति के अवसर पर अंतर-राज्यीय बैलगाड़ी दौड़ का आयोजन किया गया। रायथमित्र बलगा द्वारा आयोजित इस रोमांचक प्रतियोगिता में न केवल कर्नाटक, बल्कि पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश से भी सैकड़ों किसान अपनी बैलगाड़ियों के साथ पहुंचे, जिससे यह आयोजन अंतर-राज्यीय स्वरूप में तब्दील हो गया।
तीन दिन तक चला रोमांचक मुकाबला
हुडुगुरु गांव में लगातार तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में 50 से अधिक जोड़ी बैलों ने भाग लिया। तेज रफ्तार में दौड़ती बैलगाड़ियों और उन्हें साधते सारथियों के साहस और कौशल ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। गौरिबिदनूर और आसपास के दूर-दराज गांवों से हजारों लोग इस आयोजन को देखने पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
पारंपरिक खेलों को मिला नया जीवन
उद्घाटन समारोह में आयोजकों में से एक ने कहा कि तेजी से बढ़ते यंत्रीकरण के दौर में बैलों का उपयोग लगातार घट रहा है। ऐसे में अंतर-राज्यीय स्तर की बैलगाड़ी दौड़ जैसे आयोजन पारंपरिक ग्रामीण खेलों को जीवित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने हल्लिकार जैसी स्वदेशी नस्लों के संरक्षण को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार
मकर संक्रांति के उत्सव से जुड़े इस आयोजन ने किसानों में नया उत्साह भर दिया। आयोजकों की ओर से विजेता बैलगाड़ी जोड़ों के मालिकों को आकर्षक पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
गुजरात में पतंग महोत्सव की धूम
इधर, मकर संक्रांति से पहले गुजरात में अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव का उल्लास भी देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026 का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।
चांसलर मर्ज की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान दोनों नेताओं ने इस सांस्कृतिक आयोजन में हिस्सा लिया, जिससे भारत-जर्मनी संबंधों में सांस्कृतिक जुड़ाव भी झलका। दोनों नेताओं ने पतंग उड़ाकर उत्सव का आनंद लिया और प्रतिभागियों से संवाद किया।
यह अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 14 जनवरी तक तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें 50 देशों के 135 अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज, देशभर से 65 प्रतिभागी और गुजरात के 871 स्थानीय पतंगबाज हिस्सा ले रहे हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।