विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Mustard Cultivation Increase Oil Content Seeds Avoid Mistake While Sowing Learn Method Of Cultivation

Mustard cultivation: सरसों के दानों में बढ़ाना है तेल, तो बुवाई के समय न करें ये गलती, जानें खेती का तरीका

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 09 Nov 2026 05:41 PM IST
सार

  • सरसों की अच्छी पैदावार के लिए अपनाएं खेती के ये 4 तरीके।

  • छिटकवां के बजाय लाइन में करें सरसों की बुवाई।

  • सरसों में तेल की मात्रा बढ़ाने में मदद करता है सल्फर।

  • फूल आने से पहले करें दूसरी सिंचाई।

सरसों
सरसों - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रबी सीजन में सरसों की खेती किसानों के लिए अच्छी कमाई का विकल्प बन सकती है। बाजार में सरसों के तेल की अच्छी मांग रहती है। हालांकि, फसल से बेहतर उत्पादन लेने के लिए सिर्फ अच्छे बीज और खाद का इस्तेमाल करना काफी नहीं है।

बुवाई से लेकर सिंचाई और खाद के प्रबंधन तक सही तकनीक अपनाना भी जरूरी है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, सही बीज दर, लाइन में बुवाई, सल्फर का इस्तेमाल और समय पर सिंचाई करके किसान सरसों की पैदावार बेहतर कर सकते हैं।

जरूरत के हिसाब से करें बीज का इस्तेमाल
सरसों की खेती में कई किसान जरूरत से ज्यादा बीज डाल देते हैं। इससे खेत में पौधों की संख्या बढ़ जाती है और उनके बीच पोषक तत्वों के लिए प्रतिस्पर्धा होने लगती है। एक कट्ठा जमीन में हाइब्रिड किस्म की बुवाई के लिए करीब 50 ग्राम और ओपन पॉलिनेटेड (ओपी) किस्मों के लिए लगभग 90 ग्राम बीज की जरूरत होती है। वहीं, सामान्य तौर पर प्रति हेक्टेयर करीब 2.5 किलोग्राम बीज का इस्तेमाल किया जा सकता है। कुछ शोध आधारित किस्मों में परिस्थितियों के अनुसार बीज दर 5 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर तक हो सकती है।

छिटकवां के बजाय लाइन में करें बुवाई
सरसों की बुवाई करते समय किसान अक्सर छिटकवां विधि अपनाते हैं। इससे खेत में कहीं पौधे ज्यादा तो कहीं कम उगते हैं। पौधों के बीच सही दूरी नहीं होने से उन्हें धूप और पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाते। इसलिए किसानों को लाइन में बुवाई करनी चाहिए।

इसके लिए पौधे से पौधे के बीच करीब 10 सेंटीमीटर और एक लाइन से दूसरी लाइन के बीच 30 सेंटीमीटर की दूरी रखें। इससे पौधों को बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है। साथ ही निराई-गुड़ाई और फसल की देखभाल करना भी आसान होता है।

सरसों की फसल में सल्फर का जरूर करें इस्तेमाल
सरसों तिलहनी फसल है, इसलिए इसकी खेती में सल्फर का विशेष महत्व है। डॉ. प्रमोद कुमार के मुताबिक, किसान यूरिया, डीएपी और पोटाश का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन सल्फर पर ध्यान नहीं देते। जबकि सल्फर पौधों में तेल बनने की प्रक्रिया में मदद करता है।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, प्रति एकड़ करीब 11 किलोग्राम सल्फर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे दानों में तेल की मात्रा और फसल की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, सल्फर की सही मात्रा मिट्टी की जांच और खाद की किस्म के आधार पर तय करनी चाहिए।

फूल आने से पहले करें दूसरी सिंचाई
सरसों की अच्छी पैदावार के लिए खाद के साथ सिंचाई का सही प्रबंधन भी जरूरी है। फसल को जरूरत के अनुसार पानी देना चाहिए। विशेषज्ञ के मुताबिक, सरसों में दूसरी सिंचाई फूल आने से पहले करनी चाहिए। इस समय खेत में पर्याप्त नमी रहने से फूल और फलियों के विकास में मदद मिलती है। पानी की कमी होने पर फसल के विकास और उत्पादन पर असर पड़ सकता है।

किसानों के लिए जरूरी बात : सरसों की बेहतर पैदावार के लिए बुवाई के समय बीज की सही मात्रा और पौधों के बीच उचित दूरी रखें। इसके साथ ही मिट्टी की जरूरत के अनुसार नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश और सल्फर का संतुलित इस्तेमाल करें। समय पर सिंचाई करने से फसल का विकास बेहतर हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन