विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Krishi Vyapar› Chirag Paswan Urges Beverage Industry To Make India A Global Manufacturing And Export Hub

सत्तू, जलजीरा, आम पन्ना को मिलेगा बाजार: मैन्युफैक्चरिंग-निर्यात का केंद्र बन सकता है भारत - चिराग पासवान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Fri, 20 Nov 2026 09:01 PM IST
सार

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने पेय पदार्थ कंपनियों से भारतीय किसानों से खरीद बढ़ाने और सत्तू, जलजीरा व आम पन्ना जैसे पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने विनिर्माण, नवाचार, गुणवत्ता और निर्यात के जरिए भारत को पेय उद्योग का वैश्विक केंद्र बनाने पर जोर दिया।

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने पेय पदार्थ उद्योग से भारतीय कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर भारत को विनिर्माण, नवाचार और निर्यात का वैश्विक केंद्र बनाने का आह्वान किया है। शुक्रवार को नई दिल्ली में भारतीय पेय पदार्थ संघ (आईबीए) के राष्ट्रीय पेय पदार्थ सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सप्तधारा विजन का उल्लेख किया। इसमें विनिर्माण, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा तकनीक और नवाचार पर विशेष जोर दिया गया है।

पारंपरिक पेय पदार्थों को मिले बढ़ावा
मंत्री ने कंपनियों से भारतीय किसानों के साथ खरीद संबंध मजबूत करने और सत्तू, जलजीरा तथा आम पन्ना जैसे पारंपरिक पेय पदार्थों की व्यावसायिक संभावनाएं तलाशने को कहा। उन्होंने स्थापित कंपनियों, नए उद्यमियों और शोध संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई, ताकि भारतीय उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा कर सकें।

उन्होंने कहा कि भारत में उत्पादन और नवाचार करने वाली वैश्विक कंपनियां तथा नए उत्पाद विकसित करने वाले भारतीय उद्यमी देश के औद्योगिक विकास में योगदान देते हैं। वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए उत्पादों की गुणवत्ता, उपभोक्ताओं का भरोसा और जिम्मेदार विनिर्माण जरूरी है।

आईबीए अध्यक्ष सी.के. जयपुरिया ने अपने संबोधन में कहा कि पेय पदार्थ उद्योग कृषि उपज की बर्बादी कम करने और किसानों को समर्थन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। बढ़ती आय, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और डिजिटल कॉमर्स के विस्तार से इस क्षेत्र में नए अवसर बन रहे हैं।

आईबीए के उपाध्यक्ष एस.आर. गोयनका ने नकली उत्पादों और उद्योग को लेकर नकारात्मक धारणाओं की चुनौतियों का उल्लेख किया। उन्होंने उद्योग की प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए कर व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और डिजिटलीकरण पर समन्वित प्रयासों की जरूरत बताई। आईबीए की महासचिव डॉ. गुनवीना चड्ढा ने कहा कि बदलते बाजार के अनुरूप उद्योग को स्पष्ट नीतिगत रोडमैप और सरकारी सहयोग की जरूरत है।

भारतीय पेय पदार्थ संघ भारत में काम करने वाली प्रमुख गैर-अल्कोहल पेय निर्माता कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है। यह टिकाऊ विकास, सार्वजनिक स्वास्थ्य और उद्योग मानकों पर काम करता है।
विज्ञापन
विज्ञापन