विज्ञापन
Home› Khelkood› This Is How Stars Are Made In Simdega Known As The Cradle Of Hockey

'हॉकी के पालने' में ऐसे बनते हैं सितारे : जनजातीय गांवों में बांस के डंडे से होती है खेल की शुरुआत

जेड. अख्तर, रांची Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 20 May 2024 06:19 PM IST
सार

जनजातीय बहुल झारखंड के गांवों की बदहाली के बीच यह हॉकी के खुशहाल बनने की कहानी है। किसी ने महुआ बेचकर हॉकी स्टिक खरीदी, कोई दूसरों के जूते पहनकर ऊबड़-खाबड़ मैदान में गेंद के पीछे भाग रहा था, तो किसी ने बांस के डंडे से हॉकी खेलना शुरू किया। यहां के गांवों में कुछ इसी तरह बनते हैं हॉकी के सितारे।

अपने माता-पिता के साथ हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे (मध्य)
अपने माता-पिता के साथ हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे (मध्य) - फोटो : जेड. अख्तर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सिर्फ भारतीय ही नहीं, वैश्विक हॉकी की चर्चा भी दो स्थानों के जिक्र के बगैर पूरी नहीं हो सकती है। इनमें से एक तो है झारखंड और दूसरा इसी झारखंड का एक जिला सिमडेगा। अगर पूरे झारखंड की बात करें तो यहां से राष्ट्रीय और वैश्विक पटल पर उभरे खिलाड़ियों ने लगभग हर खेल के मैदान पर अपना लोहा मनवाया है। चाहे वो क्रिकेट हो या फुटबॉल। हॉकी हो या तीरंदाजी। झारखंड के खिलाड़ियों का दबदबा अंतरराष्ट्रीय पटल पर अलग दिखाई देता है।

अकेले रांची के बरियातू हॉकी प्रशिक्षण केंद्र से ही पांच दर्जन से अधिक महिला हॉकी खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इसमें भी सिमडेगा जिले का नाम पिछले दशकों में हॉकी का पर्याय बन चुका हैं। इसे 'ह़ॉकी का पालना' कहा जाता है। यह भी सत्य है कि हॉकी में उभरने वाला झारखंड का हर दूसरा या तीसरा खिलाड़ी किसी न किसी रूप से सिमडेगा से संबंध रखता है। सिमडेगा ने काउंटी का प्रतिनिधित्व करने वाले ओलंपिक में शीर्ष पायदान के खिलाड़ी दिए हैं।

धोबी, बावर्ची, माली और सफाईकर्मियों की टीम

यह जानना भी कितना रोचक है कि धर्म परिवर्तन का मकसद लेकर झारखंड आने वाली ईसाई मिशनरियों ने राज्य में हॉकी की व्यवस्थित शुरुआत की। झारखंड में हॉकी के पनपने का पूरा क्रेडिट ही ईसाई मिशनरियों को दिया जाना चाहिए। बिशप जेसी हेडली के बेटे एडवर्ट हेडली ने 1897 में ही एक हॉकी टीम बनाई थी। इस टीम ने दुनिया की प्राचीनतम ह़ॉकी चैंपियनशीप बेटन कप जीतकर तहलका मचा दिया था। इसके बाद, आर्क डिकन की उपाधि पाने वाले हैमिल्टन हेडली ने धोबी, बावर्ची, माली और सफाई करने वालों को शामिल कर एक हॉकी टीम बनाई। इस टीम ने 1901 में एक बार फिर से बेटन कप जीत कर तहलका मचा दिया।

एम्सटर्डम ओलंपिक में मिला पहला गोल्ड
वर्ष 1928 में एम्सटर्डम ओलंपिक में भारत को पहला ओलंपिक गोल्ड पदक दिलाने वाले जयपाल सिंह मुंडा झारखंड के खूंटी जिले के थे, तो 1980 के मास्को ओलंपिक में अंतिम बार गोल्ड हासिल करने वाली भारतीय टीम में सिमडेगा के सिलबानुस डुंगडुंग को आज भी याद किया जाता है। इसी के साथ, सिमडेगा जिले की दयामनी सोय, पुष्पा टोपनो, हेलेन सोय, पुष्पा प्रधान को भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी करने का मौका मिल चुका है। सिमडेगा की संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग जैसी खिलाड़ी वर्तमान में हॉकी के ग्लोबल फलक पर चमक रहे हैं।

विश्व कप हॉकी के इतिहास का लेखाजोखा देखें तो भारत इसमें सिर्फ एक बार 1975 में चैंपियन बना। इस विजयी टीम में माइकल किंडो भी शामिल थे, जो सिमडेगा के थे।

इसी तरह, सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम कप्तानी करने वाली खिलाड़ी सुमराय टेटे, सलीमा टेटे और असुंता लकड़ा झारखंड सिमडेगा की हैं। वहीं, खूंटी जिले की पुष्पा प्रधान जूनियर भारतीय हॉकी टीम की कमान संभाल चुकी हैं। क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी का नाम तो अब किवदंती बन चुका है, भारतीय क्रिकेट टीम की कमान संभालने के बाद वे आईपीएल की कप्तानी अभी तक कर रहे हैं।

सिमडेगा के लोगों की रग-रग में हॉकी

सिमडेगा की बात करें तो कहावत है कि हॉकी यहां के लोगों के रग-रग में बसती है। यहां बांस के डंडे से हॉकी की शुरुआत करने वाले खिलाड़ी आज वैश्विक स्तर पर जाने जाते हैं। हॉकी उनकी दिनचर्या और संस्कृति में शामिल हो चुकी है। लेकिन, इतना होने पर भी कहा जा सकता है कि झारखंड के हॉकी खिलाड़ियों की आर्थिक स्थित बहुत अच्छी नहीं है। भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा शुरुआती दिनों में अपने भाई विमल लकड़ा के जूते पहनकर खेलती थीं। राज्य की पहली महिला अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति को अपना पहला हॉकी स्टिक महुआ बेचकर खरीदना पड़ा था।

झारखंड के हॉकी खिलाड़ियों की इस पीड़ा को सलीमा टेटे के इस कथन से और बेहतर तरीके से समझा जा सकता है। कोरिया में हॉकी फेडरेशन ने जब सलीमा को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर चुना तो उन्होंने कहा था, "मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रही हूं। हमारे देश के एथलीटों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।“

सुमराय टेटे ने अभी हाल में रांची में कहा, “ये सिर्फ मेरी बात नहीं है, कठिन वातावरण में भी झारखंड की आदिवासी लड़कियों का खेल की दुनिया में स्टार बनने के पीछे एक ही राज है। हॉकी उनके रग-रग में बसती है। शायद यही वजह है कि 90 के दशक से ही छोटानागपुर की आदिवासी लड़कियों की नेशनल टीम में मौजूदगी रही है। तब से लेकर आज तक मेरी तरह करीब 70 लड़कियां हॉकी इंडिया में अपने टैलेंट का लोहा मनवा चुकी हैं। लेकिन, आपको ये जानकार हैरत होगी कि इनमें से ज्यादतर लड़कियां गरीब परिवारों से आती हैं।“


मास्को ओलंपिक में गोल्ड लाने वाली भारतीय टीम के सदस्य सिमडेगा के सिलबानुस डुंगडुंग (दाएं) व निक्की प्रधान (बाएं)।
मास्को ओलंपिक में गोल्ड लाने वाली भारतीय टीम के सदस्य सिमडेगा के सिलबानुस डुंगडुंग (दाएं) व निक्की प्रधान (बाएं)। - फोटो : जेड. अख्तर

बांस के डंडे और पेड़ की टहनियों से हॉकी

सुमराय आगे कहती हैं, “गांव में आज भी हॉकी में करियर बनाने की ख्वाहिश रखने वाली लड़कियों को बांस, केंद की लकड़ी और पेड़ की टहनियों को काटकर बनी हॉकी स्टिक से खेलना पड़ता है।“ दरअसल, बांस के पौधे का जड़ वाला हिस्सा हॉकी स्टिक की तरह टेढ़ा होता है। इसकी गोलाकार जड़ों को छीलकर गेंद की शक्ल दी जाती है। सखुए के पेड़ की टहनी और सूखे हुए शरीफे का इस्तेमाल भी गेंद के रूप में किया जाता है। इससे आप अंदाजा लगा सकता हैं कि किन हालातों का सामना करते हुए यहां के खिलाड़ी आगे बढ़ते हैं।

साल 1979 में सुमराय टेटे का जन्म झारखंड, सिमडेगा के कसीरा मेरोंगटोली गांव में हुआ था। जहां उस समय न ढंग की सड़कें थी, न आने-जाने की व्यवस्था, न शिक्षा के लिए बेहतर स्कूल और ना हेल्थ की बुनियादी सुविधाएं। ऐसे माहौल में खेल की दुनिया का सितारा बनना तो दूर की बात थी, उस समय सुमराय टेटे के परिवार को जीने के लिए भी कठिन संघर्ष पड़ता था। लेकिन, सुमराय ने इन्हीं परिस्थितियों में खुद को साबित किया। सुमराय टेटे आगे बताती हैं कि उनके परिवार को 2 वक्त की रोटी के लिए संघर्ष करना पड़ता था। मां संतोषी टेटे हाउसवाइफ थीं। चाचा सिमोन टेटे हॉकी खिलाड़ी थे। सुमराय टेटे के अंदर हॉकी को लेकर रुचि अपने चाचा को खेलते देख कर ही जगी। इसके बाद कभी बांस तो कभी लकड़ी की स्टिक और लेदर बॉल से हॉकी खेलना शुरू किया। उस समय उनके पास जूते भी नहीं होते थे।

ऊबड़-खाबड़ मैदान में गेंद के पीछे खिलाड़ी

वर्ष 2001 में जन्मी सलीमा टेटे ने बड़की छापर, सिमडेगा के ऊबड़-खाबड़ मैदान में ही हॉकी खेलना शुरू किया था। सलीमा के पिता सुलक्सन टेटे और भाई अनमोल लकड़ा खेत में आज भी खुद से हल-जोतकर चावल और सब्जियों की खेती करते हैं। इसी से परिवार का भरण-पोषण होता है। परिवार में सलीमा के अलावा उनकी 4 अन्य बहनें इलिसन, अनिमा, और महिमा टेटे हैं। सलीमा को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनकी बड़ी बहन अनिमा का खास योगदान रहा है। उन्होंने सलीमा के खर्च को पूरा करने के लिए सिमडेगा से लेकर बेंगलुरू तक में लोगों के घरों में बरतन धोने का काम किया है। उनके पिता के पास कई बार सलीमा को देने के लिए पैसे नहीं होते थे। तब वो गांव के फादर और आस-पड़ोस के लोगों से कर्ज लेते थे और बाद में इसे मजदूरी कर चुकाते थे।

जब पदक बेचना बन जाता है मजबूरी

स्वर्ण पदक विजेता रहे हॉकी खिलाड़ी सिलबानुस ढुंगडुंग ने आर्थिक संकट के दिनों में कई बार ओलंपिक स्वर्ण पदक को बेचने का मन बनाया। राष्ट्रीय खिलाड़ी निर्मुति धान को अपने अंतिम दिनों में दवा के अभाव का सामना करना पड़ा, अस्पताल में बढ़ते खर्च को देख परिजनों ने भी साथ छोड़ दिया। मृत्यु के पश्चात रात भर शव अस्पताल में पड़ा रहा। राज्य के युवा निशानेबाज आकाश रविदास के पिता पेशे से ट्रक ड्राइवर है। लॉन बॉल्स की राष्ट्रीय खिलाड़ी आरजू रानी मां आंगनबाड़ी सेविका है, तो राष्ट्रीय महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी के पिता ऑटो चालक रहे हैं।

राज्य सरकार ने ह़ॉकी के विकास के लिए कई योजनाएं बनाई हैं। रांची के होटवार में 325 एकड़ भूमि पर बना मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा मेगा स्पोर्टस कांप्लेक्स ऐसा है जिस पर झारखंह ही नहीं, देश भी गर्व कर सकता है। इस कांप्लेक्स में वॉलीबाल, बास्केटबॉल, तैराकी, जिमनास्टिक, निशानेबाजी, तीरंदाजी, साइकिलिंग, टेनिस, एथेलेटिक्स और बैडिमिंटन के 9 अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम हैं। यह विश्व में अपनी तरह का अनूठा स्टेडियम है। इतने सारे खेलों के लिए एक ही स्थान पर एक ही कैंपस में इतने स्टेडियम और किसी देश में नहीं हैं। वहीं, हॉकी की बात करें तो रांची और सिमडेगा में भी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम बन गए हैं। सिमडेगा में दूसरे खेलों के लिए भी एलबर्ट एक्का स्टेडियम बनाया गया है। लेकिन, ऐसी कोई योजना अब तक नहीं बनी है, जो खिलाड़ियों की बदहाली दूर करने में सहायक हो या फिर बदहाली के दिनों में उन तक मदद पहुंचा सके।


विज्ञापन
विज्ञापन