विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Women Make Up 43 Of The Ayush Services Workforce Their Share In Spa And Wellness Resorts Exceeds 60

आयुष सेवाओं के कार्यबल में 43% महिलाएं, स्पा और वेलनेस रिसॉर्ट में हिस्सेदारी 60% से ज्यादा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 08 Oct 2026 05:35 PM IST
सार

  • आयुष सेवा क्षेत्र के कुल कार्यबल में महिलाओं की हिस्सेदारी 43 प्रतिशत
  • संगठित आयुष सेवाओं के कई क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी 50 प्रतिशत से अधिक
  • वित्त वर्ष 2024-25 में आयुष सेवा क्षेत्र का अनुमानित आकार 36.92 अरब डॉलर
  • आयुष क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा, वेलनेस और शिक्षा से 17.6 लाख लोगों की आजीविका जुड़ी
  • 2047 तक आयुष सेवा क्षेत्र का आकार 216 से 318 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान

आयुष सेवा क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है।
आयुष सेवा क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। - फोटो : ai
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आयुष सेवा क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। हालिया आकलन के अनुसार, आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध, सोवा-रिग्पा और होम्योपैथी से जुड़ी सेवाओं में कुल कार्यबल का 43 प्रतिशत हिस्सा महिलाएं हैं। संगठित आयुष सेवाओं के कई क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी 50 प्रतिशत से अधिक है।

आयुष मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में आयुष सेवा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था का अनुमान 36.92 अरब अमेरिकी डॉलर था। वित्त वर्ष 2022-23 से इसमें 16.91 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर दर्ज की गई। यह क्षेत्र स्वास्थ्य सेवा, वेलनेस, शिक्षा और इससे जुड़ी सेवाओं में करीब 17.6 लाख लोगों की आजीविका का प्रत्यक्ष रूप से समर्थन करता है।

अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों में महिलाओं की बड़ी हिस्सेदारी
हाल ही में आयुष दिवस 2026 पर जारी RIS के आयुष सेवा क्षेत्र रिपोर्ट के अनुसार, संगठित आयुष प्रतिष्ठानों में महिलाओं की भागीदारी कई क्षेत्रों में 50 प्रतिशत से अधिक है। स्पा और वेलनेस रिसॉर्ट में महिलाओं की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक है। शैक्षणिक संस्थानों में यह 58 प्रतिशत, डे-केयर केंद्रों में 57 प्रतिशत और अस्पतालों में 53 प्रतिशत है।

रिपोर्ट के अनुसार, आयुष क्षेत्र में महिलाएं स्वास्थ्य सेवाएं देने, शिक्षा, वेलनेस और इससे जुड़ी अन्य सेवाओं में काम कर रही हैं। स्थानीय और स्वतंत्र क्लीनिकों में 10 लाख से अधिक लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। इससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में इस क्षेत्र के रोजगार के दायरे का पता चलता है।

आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि आयुष सेवा क्षेत्र के विस्तार से स्वास्थ्य सेवा, वेलनेस, शिक्षा और इससे जुड़ी सेवाओं में रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। उनके अनुसार, इससे उद्यमिता, कौशल विकास और कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी के लिए भी नए अवसर खुल रहे हैं।

आयुष क्षेत्र में आयुर्वेद की सबसे बड़ी हिस्सेदारी
आयुष सेवा क्षेत्र में स्वतंत्र क्लीनिक सबसे बड़ा राजस्व देने वाला खंड है। रिपोर्ट के अनुमान के अनुसार, इनसे 16.21 अरब अमेरिकी डॉलर का राजस्व मिलता है, जो क्षेत्र के कुल राजस्व का 43.9 प्रतिशत है। डे-केयर केंद्रों से 10.13 अरब अमेरिकी डॉलर का राजस्व आता है। दोनों खंड मिलकर आयुष सेवा क्षेत्र के 70 प्रतिशत से अधिक राजस्व में योगदान करते हैं।

आयुर्वेद आयुष की व्यक्तिगत प्रणालियों में सबसे बड़ा क्षेत्र है। इससे 17.73 अरब अमेरिकी डॉलर का राजस्व मिलने का अनुमान है, जो आयुष सेवा क्षेत्र के कुल राजस्व का करीब 48 प्रतिशत है। वेलनेस क्षेत्र में 21.29 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर दर्ज की गई है। वहीं, दो वर्षों में योग केंद्रों के राजस्व में करीब 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

मेडिकल वैल्यू ट्रैवल में भी बढ़ रही हिस्सेदारी
आयुष क्षेत्र मेडिकल वैल्यू ट्रैवल (MVT) में भी अपनी जगह बना रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 में इस क्षेत्र से करीब 1.77 अरब अमेरिकी डॉलर का राजस्व मिलने का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मरीजों की संख्या कुल मरीजों की करीब 5 प्रतिशत है, लेकिन अस्पतालों के राजस्व में उनका योगदान लगभग 15 से 25 प्रतिशत है। उपचार कार्यक्रमों में आमतौर पर मरीजों को 5 से 11 दिनों तक रहना पड़ता है।

आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि गुणवत्ता मानकों, कौशल विकास, डिजिटल बुनियादी ढांचे और मजबूत संस्थागत नेटवर्क के साथ संगठित आयुष सेवाओं के विस्तार से रोजगार की संख्या और गुणवत्ता दोनों बढ़ सकती हैं। उनके अनुसार, संगठित आयुष प्रतिष्ठानों में महिलाओं की अधिक भागीदारी समावेशी आर्थिक विकास में क्षेत्र की भूमिका को भी दर्शाती है।

2047 तक 216 से 318 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान
आकलन के अनुसार, आयुष सेवा क्षेत्र का आकार वित्त वर्ष 2024-25 के 36.92 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर वर्ष 2047 तक 216 से 318 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच सकता है। इस विस्तार से स्वास्थ्य सेवाओं, वेलनेस, शिक्षा, मेडिकल ट्रैवल, अनुसंधान, डिजिटल स्वास्थ्य और इससे जुड़ी सेवाओं में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना बताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, संगठित आयुष प्रतिष्ठानों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और क्षेत्र के बढ़ते आर्थिक एवं रोजगार दायरे से महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और समावेशी विकास में इस क्षेत्र की भूमिका सामने आती है।


विज्ञापन
विज्ञापन