विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Weather Update Rain And Storm Alert In 15 States Winds Can Blow At A Speed Of 60 Km

Weather update: 15 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 03 Oct 2026 07:42 AM IST
सार

  • 3 अक्टूबर को यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
  • कुछ इलाकों में 50 से 60 KM प्रति घंटे तक चल सकती हैं तेज हवाएं
  • पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर में भारी बारिश की संभावना
  • उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब रहने का अनुमान

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में मानसून की विदाई के बीच 3 अक्टूबर को मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार समेत करीब 15 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी भारत, पहाड़ी राज्यों और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा इस समय गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर और नलिया से होकर गुजर रही है। उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी, सिक्किम और दक्षिण-पश्चिमी अरब सागर के आसपास भी मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं।

दिल्ली-NCR में बारिश से राहत, तेज हवा चलेगी
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 3 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। राजधानी में भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि, दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 4 अक्टूबर को हल्की बारिश या बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में कई जगह भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 3 अक्टूबर को मौसम बदल सकता है। मैनपुरी, हरदोई, कानपुर, एटा, आगरा, मथुरा, बरेली, कासगंज, प्रयागराज और मेरठ समेत कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

शाम के समय पूर्वी यूपी के गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही, अयोध्या, सुल्तानपुर और बस्ती में भी भारी बारिश हो सकती है। 5 से 8 अक्टूबर के बीच पूर्वी यूपी में और 7 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है।

बिहार में 10 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश
बिहार में 3 अक्टूबर को कई जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है। कटिहार, किशनगंज, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, गया, मुंगेर, पूर्णिया, वैशाली, जहानाबाद और भागलपुर में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना है। राज्य में 3 से 8 अक्टूबर के बीच अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

मध्य प्रदेश में आंधी के साथ बारिश
मध्य प्रदेश के पन्ना, उमरिया, गुना, इंदौर, देवास, कटनी, नीमच, मुरैना, छिंदवाड़ा और अशोकनगर में बारिश के साथ आंधी चल सकती है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 3 से 8 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
उत्तराखंड में नैनीताल, ऋषिकेश, चमोली, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में तेज बारिश और करीब 50 किमी प्रति घंटे की हवाओं का अलर्ट है। 5 से 8 अक्टूबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है। 7 अक्टूबर को राज्य के बड़े हिस्से में बारिश हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, लाहौल-स्पीति और बिलासपुर में भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ, बारामूला, राजौरी, डोडा, रामबन और सांबा में भी तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है।

झारखंड में भी बारिश और तेज हवाएं
झारखंड के बोकारो, पलामू, सिमडेगा, गुमला और हजारीबाग में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। राज्य में 3 से 8 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर में 60 किमी तक की हवा
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। नादिया, दार्जिलिंग, कूचबिहार, हावड़ा, बीरभूम और कोलकाता में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। हवा की रफ्तार 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का अलर्ट है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 3 से 8 अक्टूबर तक बारिश का असर रह सकता है।

पंजाब-हरियाणा में भी बदल सकता है मौसम
पंजाब के पटियाला, बरनाला, लुधियाना, जालंधर, पठानकोट और गुरदासपुर समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में भी बारिश के साथ हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। हरियाणा में मानसून की वापसी के बीच कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

राजस्थान और दक्षिण भारत में भी बारिश
राजस्थान के बीकानेर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी और बारां में बारिश के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है। हवा की रफ्तार करीब 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में 3 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं।

मानसून की विदाई भी जारी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से मानसून की पूरी तरह विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

किसानों के लिए सलाह
जिन इलाकों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है, वहां किसान खेत में खड़ी फसल, कटी उपज और कृषि उपकरणों को सुरक्षित रखें। बारिश के दौरान खुले खेत में बिजली चमकने पर पेड़ या बिजली के खंभे के नीचे खड़े होने से बचें।
 
विज्ञापन
विज्ञापन