विज्ञापन
Home› Khabar Junction› New Foreign Market Opens For Farmers 24 Metric Tons Of Frozen Food Shipped From Haryana To Canada

किसानों के लिए खुला नया विदेशी बाजार : हरियाणा से कनाडा भेजी गई 24 मीट्रिक टन फ्रोजन फूड

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 02 Oct 2026 06:48 PM IST
सार

  • हरियाणा से कनाडा भेजी गई 24 मीट्रिक टन फ्रोजन फूड की खेप
  • खेप में हरी मटर, मिक्स सब्जियां, मटर-गाजर, स्वीट कॉर्न और समोसे शामिल
  • 2,295 बॉक्स, कीमत 35,140 कनाडाई डॉलर
  • एफपीओ को एपीडा की वित्तीय सहायता योजना का मिला सहयोग

फ्रोजन फूड
फ्रोजन फूड - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के किसानों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के लिए विदेश में कृषि उत्पाद बेचने का नया रास्ता खुला है। हरियाणा से 24 मीट्रिक टन फ्रोजन खाद्य पदार्थों की खेप कनाडा भेजी गई है। इसमें हरी मटर, मिक्स सब्जियां, मटर-गाजर, स्वीट कॉर्न और समोसे समेत कई उत्पाद शामिल हैं।

कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने इस खेप को रवाना किया। सोनीपत से भेजी गई यह खेप Aterna Foods Producer Company Ltd. की है। इसमें फ्रोजन खाद्य पदार्थों के 2,295 बॉक्स शामिल हैं, जिनकी कीमत 35,140 कनाडाई डॉलर है।

एफपीओ को मिला निर्यात का मौका
इस निर्यात इकाई को एपीडा की वित्तीय सहायता योजना के तहत सहयोग मिला है। एपीडा के मुताबिक, यह मॉडल दिखाता है कि एफपीओ किसान समूहों को केवल कच्ची कृषि उपज बेचने तक सीमित रखने के बजाय प्रसंस्करण और निर्यात से जोड़ सकते हैं। इससे किसान समूहों को विदेश के बाजारों तक पहुंच बनाने और अपनी उपज की वैल्यू बढ़ाने का मौका मिलता है। एफपीओ के जरिए किसान अपनी उपज को एक जगह जुटाकर उसकी प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेच सकते हैं।

कच्ची उपज के बजाय तैयार उत्पाद पर जोर
एपीडा के अध्यक्ष अभिषेक देव ने कहा कि इस निर्यात से भारतीय किसानों और खाद्य उत्पादकों के लिए नए बाजार के अवसर बनेंगे। साथ ही एफपीओ, निर्यातकों और विदेशी खरीदारों के बीच संबंध मजबूत होंगे। एपीडा लगातार एफपीओ और किसान उत्पादक कंपनियों को निर्यातकों से जोड़ने का काम कर रहा है। इसका उद्देश्य किसानों की उपज को प्रसंस्करण और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़कर उन्हें वैश्विक मूल्य श्रृंखला में शामिल करना है।

एपीडा ने कहा कि कृषि उपज को प्रोसेसिंग और विदेशी बाजारों से जोड़ने वाला एफपीओ मॉडल किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने में मदद कर सकता है। इस खेप के जरिए कनाडा के बाजार में भारतीय फ्रोजन खाद्य उत्पादों की पहुंच बढ़ाने की उम्मीद है। निर्यात को बढ़ावा देने में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट (NIFTEM) का भी योगदान रहा है।

एपीडा ने कनाडा के बाजार में आगे भी निर्यात बढ़ाने की उम्मीद जताई है। एपीडा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत काम करता है और कृषि व प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के साथ किसानों और एफपीओ को विदेशी बाजारों से जोड़ने में मदद करता है।
विज्ञापन
विज्ञापन