विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Weather Dust Storms Expected In Several States Light Rain In Uttarakhand While The Rest Of North India Will

Mausam: कई राज्यों में चलेगी आंधी, उत्तराखंड में हल्की बारिश, बाकी उत्तर भारत में सूखा मौसम...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 18 Oct 2026 09:39 AM IST
सार

  • उत्तर भारत में पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान
  • पूर्वी यूपी और राजस्थान में तेज हवाओं का अलर्ट
  • 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
  • उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में कुछ दिन बारिश की संभावना
  • पंजाब के बठिंडा में 13 डिग्री रहा सबसे कम न्यूनतम तापमान

जानें देश के मौसम का हाल
जानें देश के मौसम का हाल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 अक्टूबर और आगामी दिनों के दौरान मौसम में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है। IMD के अनुसार अधिकांश उत्तरी राज्यों में आगामी दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, 18 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया गया है।

पूर्वी यूपी और पूर्वी राजस्थान में तेज हवाओं का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 18 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के विश्लेषण में यह भी बताया गया है कि वर्तमान में उत्तरी हरियाणा और उसके आसपास के इलाके में 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती हवाओं के रूप में बना हुआ है। इसके साथ ही, दक्षिण राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में भी औसत समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती हवाओं का परिसंचरण सक्रिय है।

आगामी सात दिनों का पूर्वानुमान
IMD के अनुसार, उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में आने वाले दिनों में मौसम सूखा ही रहेगा। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में 18 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 18 अक्टूबर की तेज हवाओं के बाद पूरे हफ्ते मौसम साफ रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 18 अक्टूबर को छिटपुट स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है, जिसके बाद 19 से 24 अक्टूबर तक यहां भी मौसम सूखा रहेगा।

पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड में 18 अक्टूबर को और फिर 23 तथा 24 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है, जबकि बीच के दिनों में मौसम साफ रहेगा। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 18 से 21 अक्टूबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा और फिर 22 से 24 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।

बठिंडा में सबसे ज्यादा सर्द रात दर्ज
देश के मैदानी इलाकों के तापमान को लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि सबसे कम न्यूनतम तापमान पंजाब के बठिंडा में 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस से भी अधिक दर्ज किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में भी यह सामान्य से काफी ऊपर रहा। दूसरी ओर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।


विज्ञापन
विज्ञापन