विज्ञापन
Home Khabar Junction Vegetable Clusters Built Near Cities Preparations Connect Farmers Larger Markets Nhb Seeks Applications

शहरों के पास बनेंगे सब्जी क्लस्टर : किसानों को बड़े बाजार से जोड़ने की तैयारी, NHB ने मांगे आवेदन

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 23 Sep 2026 04:31 PM IST
सार

  • NHB ने शहरों के आसपास सब्जी क्लस्टर विकसित करने के लिए आवेदन मांगे हैं।
  • FPO, सहकारी समितियां, सोसाइटी, फर्म और कंपनियां आवेदन कर सकती हैं।
  • आवेदन की अंतिम तारीख 22 अक्तूबर 2026, शाम 6 बजे है।
  • 9 अक्तूबर को सुबह 11:30 बजे प्री-बिड बैठक होगी।

सब्जी
सब्जी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (NHB) ने शहरों के आसपास सब्जी क्लस्टर विकसित करने के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। यह पहल संशोधित क्लस्टर विकास कार्यक्रम (CDP) के तहत शुरू की गई है। इसका उद्देश्य किसानों को शहरी बाजारों से जोड़ना, सब्जियों की सप्लाई बेहतर करना और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने में मदद करना है। एनएचबी ने इस योजना के तहत परियोजनाएं शुरू करने वाली संस्थाओं और संभावित उद्यमियों से आवेदन मांगे हैं। इच्छुक संस्थाएं 22 अक्तूबर 2026 शाम 6 बजे तक अपना प्रस्ताव जमा कर सकती हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?
सब्जी क्लस्टर विकसित करने के लिए किसान उत्पादक संगठन (FPO), सहकारी समितियां, सोसाइटी, पार्टनरशिप फर्म, कंपनियां और पात्र कंसोर्टियम आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया और विस्तृत दिशा-निर्देश एनएचबी की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

ऑनलाइन जमा करना होगा आवेदन
एनएचबी के अनुसार आवेदन ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। इसके लिए एनएचबी की वेबसाइट nhb.gov.in और सीडीपी पोर्टल cdp.nhb.gov.in पर जानकारी और आवेदन से जुड़े दस्तावेज देखे जा सकते हैं। पोस्ट या किसी अन्य माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

9 अक्तूबर को होगी प्री-बिड बैठक
योजना को लेकर इच्छुक संस्थाओं और आवेदकों की शंकाओं को दूर करने के लिए 9 अक्तूबर 2026 को सुबह 11:30 बजे प्री-बिड बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक हाइब्रिड मोड में होगी, यानी इसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शामिल हुआ जा सकेगा।

सब्जियों की पूरी सप्लाई चेन पर रहेगा जोर
परियोजनाओं में सब्जियों की पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा। इसमें आधुनिक खेती और सटीक कृषि तकनीक, फसल कटाई के बाद प्रबंधन, कोल्ड चेन और लॉजिस्टिक्स, प्रसंस्करण व मूल्य संवर्धन और बाजार से सीधा जुड़ाव शामिल है। इसके अलावा किसानों की उपज को शहरी बाजारों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने और उपभोक्ताओं की ओर से मिलने वाले मूल्य में किसानों की हिस्सेदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।

डिजिटल तकनीक से भी जुड़ेगा बाजार
सब्जी क्लस्टर में डिजिटल ट्रेसबिलिटी यानी खेत से बाजार तक उपज की जानकारी को डिजिटल तरीके से दर्ज करने की व्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इससे सप्लाई चेन को बेहतर बनाने और किसानों की उपज को बाजार तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

आवेदन से पहले वेबसाइट पर देखें पूरी जानकारी
इच्छुक संस्थाएं आवेदन करने से पहले एनएचबी की वेबसाइट पर उपलब्ध EoI (रुचि की अभिव्यक्ति) दस्तावेज और पात्रता से जुड़ी शर्तों को जरूर पढ़ें। किसी भी जानकारी के लिए clusters@nhb.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन