विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Festive Season Ends Sugarcane Crushing Begins Sugar Industry Makes Major Demand Regarding Storage Limits St

त्योहारी सीजन खत्म, गन्ना पेराई शुरू : भंडारण सीमा पर चीनी उद्योग की बडी मांग, दिसंबर में मांग से अधिक स्टॉक

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 24 Nov 2026 08:50 PM IST
सार

  • गन्ना पेराई सीजन शुरू, चीनी उद्योग ने सरकार से चीनी भंडारण पर लागू सीमा को आगे नहीं बढ़ाने की मांग की है
  •  अगर स्टॉक पर पाबंदी जारी भी रहे, तो ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन ने सीमा में बदलाव का सुझाव दिया है
  • एसोसिएशन के अनुसार, दिसंबर महीने में चीनी की मांग 23 लाख टन रहेगी, जबकि स्टॉक 30 लाख टन मौजूद होगा

उद्योग ने दिसंबर में चीनी की मांग से ज्याद स्टॉक मौजूद रहने की उम्मीद जताई है।
उद्योग ने दिसंबर में चीनी की मांग से ज्याद स्टॉक मौजूद रहने की उम्मीद जताई है। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नए पेराई सीजन की शुरुआत का हवाला देते हुए ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन ने सरकार को व्यापारियों पर लागू चीनी भंडारण सीमा को 30 नवंबर के बाद आगे नहीं बढ़ाने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि पेराई शुरू होने से बाजार में चीनी की सप्लाई बढ़ने की उम्मीद है। दूसरी तरफ त्योहारी सीजन भी खत्म हो चुका है, ऐसे में पाबंदियां जारी रखने की जरूरत नहीं है। 

दिसंबर में 60 लाख टन से ज्यादा चीनी उत्पादन का अनुमान
एसोसिएशन के चेयरमैन प्रफुल्ल विठलानी के अनुसार, दिसंबर में चीनी की मांग करीब 23 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि महीने की शुरुआत में ही 30 लाख टन चीनी का स्टॉक उपलब्ध होगा। इसके अलावा चीनी मिलों में हर दिन करीब 2 लाख टन चीनी का उत्पादन होगा। इस हिसाब से दिसंबर में कम से कम 60 लाख टन चीनी का उत्पादन होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि 30 नवंबर तक सभी चीनी मिलें अपनी पूरी क्षमता से काम करने लगेंगी। ऐसे में देश में चीनी की उपलब्धता को लेकर चिंता नहीं है और स्टॉक रखने की मौजूदा पाबंदियों को आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है।

पाबंदी जारी रही तो इन कारोबारियों के लिए बढ़े स्टॉक की सीमा
एसोसिएशन ने सरकार को यह सुझाव भी दिया है कि अगर स्टॉक रखने की पाबंदी जारी रहती है तो इसकी सीमा में बदलाव किया जाए। एसोसिएशन के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के सात राज्यों में चीनी कारोबारियों को अधिकतम 2,800 टन चीनी रखने की अनुमति दी जानी चाहिए। वहीं, देश के बाकी हिस्सों में कारोबारियों के लिए 1,000 टन की सीमा बरकरार रखी जा सकती है।

इसके अलावा, बड़े उपभोक्ताओं के लिए चीनी का स्टॉक रखने की अवधि मौजूदा 15 दिन से बढ़ाकर 45 दिन करने का सुझाव दिया गया है।

बड़ी कंपनियों को पाबंदी से छूट देने की भी मांग

एसोसिएशन ने खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों समेत बड़े उपभोक्ताओं को स्टॉक रखने की पाबंदी से छूट देने की मांग की है। AISTA के चेयरमैन के अनुसार, कई कंपनियों की फैक्ट्रियां अलग-अलग जगहों पर हैं। ऐसे में चीनी को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में ही काफी समय लग जाता है। मौजूदा 15 दिन की समय सीमा में परिवहन के दौरान ही काफी समय खर्च हो सकता है।

उन्होंने बताया कि पेराई सीजन के दौरान बड़ी कंपनियां आमतौर पर चीनी मिलों से सीधे चीनी खरीदती हैं और उसका भुगतान भी जल्दी करती हैं। इससे चीनी मिलों को किसानों का गन्ना भुगतान करने के लिए समय पर पैसा मिलता है। साथ ही कंपनियों को अपनी जरूरत और गुणवत्ता के हिसाब से चीनी मिल जाती है।

सरकार ने जमाखोरी रोकने के लिए लगाई थी पाबंदी
खाद्य मंत्रालय ने साल 2026 के दौरान चीनी की जमाखोरी रोकने और बाजार में खुदरा सप्लाई बनाए रखने के लिए स्टॉक रखने के नियम सख्त किए थे। 15 अक्टूबर से 30 नवंबर तक लागू मौजूदा आदेश के तहत कारोबारियों को 15 दिनों के लिए अधिकतम 1,000 क्विंटल चीनी रखने की अनुमति है। कोलकाता के विस्तारित महानगरीय क्षेत्र और असम के लिए अलग छूट का प्रावधान किया गया है।


विज्ञापन
विज्ञापन