Home›Khabar Junction›
Uttarakhand Dfo Held Directly Responsible Missing Wildlife Parts New Instructions Issued Protection Of Ivory
उत्तराखंड : वन्यजीव अंग गायब हुए तो सीधे DFO होंगे जिम्मेदार, हाथी दांत की सुरक्षा के लिए जारी किए नए निर्देश
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 22 Nov 2026 12:13 PM IST
सार
उत्तराखंड में पांच हाथी दांत चोरी होने के बाद वन विभाग सख्त हो गया है। अब वन्यजीव अंग गायब होने पर DFO की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी। जानें नए सुरक्षा निर्देश।
वन विभाग के कार्यालयों में रखे हाथी दांत और वन्यजीवों के दूसरे अंगों की सुरक्षा अब और कड़ी की जाएगी। अगर इनमें से कोई भी अंग गायब होता है, बदल दिया जाता है या बिना अनुमति हटाया जाता है तो संबंधित वन प्रभाग के डीएफओ (DFO) की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय होगी। उत्तराखंड के प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) ने इस संबंध में सभी टाइगर रिजर्व और डीएफओ को नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल, पिछले महीने लैंसडौन वन प्रभाग के लालढांग रेंज में पांच हाथी दांत चोरी होने का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। इसे देखते हुए वन मुख्यालय ने वन्यजीवों के अंगों को सुरक्षित रखने और उनकी निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है।
डीएफओ को खुद करना होगा वन्यजीव अंगों का सत्यापन
प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) नीना ग्रेवाल की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, प्रत्येक डीएफओ को अपने वन प्रभाग में रखे सभी वन्यजीव अंगों की खुद जांच करनी होगी। उन्हें हर वस्तु की संख्या, माप, पहचान और सरकारी रिकॉर्ड का मिलान करना होगा।
अधीनस्थ कर्मचारियों की ओर से की गई गिनती और जांच को बिना खुद संतुष्ट हुए सही नहीं मानना होगा। अगर किसी वन्यजीव अंग के गायब होने, बदलने या बिना अनुमति हटाए जाने का मामला सामने आता है तो संबंधित डीएफओ की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।
हाथी दांत और दूसरे अंगों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम
वन विभाग ने वन्यजीवों के अंगों को सुरक्षित रखने के लिए कई जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षित जगह पर रखेंगे: हाथी दांत समेत सभी वन्यजीव अंगों को ताला लगे कमरे और मजबूत लोहे के संदूक में रखा जाएगा।
सीसीटीवी से निगरानी: जहां वन्यजीव अंग रखे जाएंगे, वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
सीमित लोगों को मिलेगी पहुंच: भंडारण स्थल पर केवल अधिकृत अधिकारियों और कर्मचारियों को ही जाने की अनुमति होगी।
हर आवाजाही का रिकॉर्ड: वन्यजीव अंगों को निकालने, रखने या एक जगह से दूसरी जगह ले जाने का पूरा ब्योरा दर्ज करना होगा।
माप और वजन की जांच: किसी भी वन्यजीव अंग का माप या वजन अधिकृत अधिकारियों की मौजूदगी में किया जाएगा।
हर महीने औचक जांच: अधिकृत अधिकारी महीने में कम से कम एक बार अचानक जांच करेंगे।
वन्यजीव अंग गायब होने पर FIR और विभागीय कार्रवाई
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अगर कोई वन्यजीव अंग गायब मिलता है तो इसकी सूचना तुरंत मुख्य वन संरक्षक और वन संरक्षक को देनी होगी। इसके साथ ही संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
वन्यजीव अंगों के रखरखाव से जुड़ी हर जानकारी स्टॉक रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसमें निरीक्षण, स्थानांतरण, सुपुर्दगी और दूसरी गतिविधियों का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। इन नए निर्देशों का उद्देश्य वन्यजीवों के अंगों की चोरी और हेराफेरी रोकना, सरकारी रिकॉर्ड में पारदर्शिता लाना और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी तय करना है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।