यूपी सरकार ने निराश्रित गोवंश के संरक्षण और गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर हरे चारे के उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना बनाई है। जानकारी के अनुसार, गोशालाओं में पूरे साल पौष्टिक हरे चारे की निरंतर सप्लाई तय करने और पशुपालकों की आर्थिक सेहत को मजबूत करने के लिए नैपियर घास की खेती को खासतौर से बढ़ावा दिया जा रहा है। इस योजना के तहत गोशालाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए 7 हजार किसानों के साथ 14 हजार हेक्टेयर भूमि पर चारा उगाने का अनुबंध किया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर ही चारे की सप्लाई हो सकेगी।
प्रति हेक्टेयर 20 से 22 हजार रुपये तक सब्सिडी और मुफ्त रूट स्लिप की सुविधा
प्रदेश सरकार की चारा नीति 2025-26 के तहत हरे चारे की किल्लत को खत्म करने के लिए नैपियर घास उत्पादन योजना का चलाई जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस योजना के तहत किसानों और गोशालाओं से जुड़ी ग्राम पंचायतों को नैपियर घास की खेती करने पर प्रति हेक्टेयर 20 हजार से 22 हजार रुपये तक का आर्थिक अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा किसानों और पशुपालकों को उन्नत किस्म की नैपियर घास की जड़ें और रूट स्लिप पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य चारा उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने के साथ-साथ फसल अवशेषों का बेहतर उपयोग करना और सामुदायिक चरागाहों का तेजी से विकास करना है।
दो सालों में एक लाख लाभार्थी, 720 हेक्टेयर तक बढ़ाया जाएगा खेती का दायरा
पशुपालन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले दो वर्षों के दौरान चारा विकास के विभिन्न कार्यक्रमों से राज्य के करीब एक लाख किसान और पशुपालक लाभान्वित हो चुके हैं। वर्ष 2025-26 में जहां 60 लाख नैपियर रूट स्लिप का निःशुल्क वितरण किया गया था, वहीं वर्ष 2026-27 में यह संख्या बढ़कर 78 लाख पहुंच गई। वर्ष 2026-27 के दौरान 260 हेक्टेयर भूमि के लिए रूट स्लिप उपलब्ध कराई गई थी, जिसका रकबा अब नए साल में बढ़ाकर 720 हेक्टेयर करने की योजना बनाई गई है। इस तरह राज्य में नैपियर घास की खेती का रकबा करीब तीन गुना बढ़ाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
150 मास्टर ट्रेनर ब्लॉक स्तर पर पशुपालकों को सिखाएंगे वैज्ञानिक तकनीक
चारा उत्पादन के साथ-साथ उसके बेहतर प्रबंधन के लिए सरकार ने व्यापक प्रशिक्षण व्यवस्था तैयार की है। भारतीय चारागाह और चारा अनुसंधान संस्थान, झांसी में प्रत्येक जिले से 2 अधिकारियों को भेजकर राज्य स्तर पर 150 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं। ये मास्टर ट्रेनर ब्लॉक स्तर पर जाकर प्रत्येक विकासखंड से 100-100 पशुपालकों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान पशुपालकों को हरे चारे की नई किस्मों, उत्पादन की वैज्ञानिक विधियों, चारे के संरक्षण और सुरक्षित भंडारण के तरीके सिखाए जाएंगे, ताकि ग्रामीण पशुपालक अपने पशुओं के लिए साल भर पौष्टिक आहार जुटा सकें।
7,700 से अधिक गोशालाओं में 16 लाख गोवंश, पौने चार लाख हेक्टेयर में चारा उत्पादन जारी
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के अनुसार, प्रदेश में ऐसा पहली बार हुआ है जब 7,700 से अधिक गोआश्रय स्थलों के माध्यम से 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को संरक्षित किया गया है। इन पशुओं के भरण-पोषण के लिए वर्तमान में प्रदेश की करीब 3.74 लाख हेक्टेयर भूमि पर खरीफ, रबी और जायद तीनों मौसमों में हरे चारे की खेती की जा रही है। मंत्री ने बताया कि गोशालाओं में चारे की लागत को कम करने और नियमित आपूर्ति बनाए रखने के लिए किसानों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
योजना का लाभ लेने के लिए न्यूनतम 0.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि होना अनिवार्य
पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार, गोआश्रय स्थलों की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चारा उत्पादन के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ उठाने के इच्छुक प्रगतिशील किसानों और पशुपालकों के पास कम से कम 0.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि का होना आवश्यक है। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से जहां एक तरफ बेसहारा गोवंश को नियमित पौष्टिक आहार मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ किसानों और पशुपालकों के लिए ग्रामीण स्तर पर अतिरिक्त आय और आजीविका के नए द्वार भी खुलेंगे।