सीतामढ़ी की जलवायु और अच्छी मिट्टी तिलहन फसलों के लिए अच्छी है। इस क्षमता को देखते हुए कृषि विज्ञान ने पुपरी में किसानों के लिए खास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया है। वैज्ञानिकों के अनुसाार, अगर किसान वैज्ञानिक तरीके से उन्नत किस्मों की बुवाई करें, तो सरसों की पैदावार प्रति एकड़ आठ क्विंटल तक पहुंचाई जा सकती है, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक फायदा मिलेगा।
125 एकड़ में बुवाई का लक्ष्य और किस्म की खासियत
केविके के प्रधान व वरीय वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद और उद्यान वैज्ञानिक मनोहर पंजीकार के अनुसार, जिले में सरसों का रकबा बढ़ाने के उद्देश्य से योजना के तहत 125 एकड़ भूमि में फसल लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए किसानों को बीएम 11 प्रजाति का उन्नत बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह प्रजाति प्रति एकड़ आठ क्विंटल तक उपज देने में सक्षम है।
बीज उपचार और पोषक तत्वों का वैज्ञानिक संतुलन
शस्य वैज्ञानिक सच्चिदानंद प्रसाद के अनुसार, किसानों को प्रति एकड़ दो किलोग्राम बीज का प्रयोग करना चाहिए। बोआई से पहले बीज को दो ग्राम कार्बेंडाजिम से उपचारित करना अनिवार्य है। खरपतवार की रोकथाम के लिए बुवाई के 24 घंटे के भीतर पांच मिलीलीटर प्रति लीटर पानी की दर से पेंडिमेथलिन का छिड़काव करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए बुवाई के वक्त प्रति एकड़ 100 किलोग्राम सिंगल सुपर फॉस्फेट, 20 किलोग्राम पोटाश और 20 किलोग्राम यूरिया का संतुलित उपयोग अत्यंत असरदार साबित होता है।
मिट्टी जांच और कीटों से सुरक्षा के उपाय
पादप रोग वैज्ञानिक डॉ. श्रृति मोसेस के अनुसार, उर्वरक डालने से पहले किसानों को मिट्टी की जांच अवश्य करानी चाहिए ताकि जरूरत के हिसाब से ही खाद दी जा सके। लाही कीट के प्रकोप से फसल को बचाने के लिए 100 मिलीलीटर प्रति एकड़ की दर से इमेडाक्लोरप्रीड (17.8 प्रतिशत) का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा फसल की बेहतर वृद्धि के लिए प्रति एकड़ पांच किलोग्राम सल्फर (90 प्रतिशत जीआर) और ह्यूमिक एसिड के इस्तेमाल की सिफारिश की गई है।