बिहार के कई हिस्सों में आलू की बुवाई जारी है। कृषि विभाग ने किसानों को अच्छी उपज के लिए खेत की तैयारी और सही किस्म का चुनाव करने की सलाह दी है। मधेपुरा जिले के पुरैनी प्रखंड में रबी सीजन के दौरान किसान बड़े रकबे में आलू उगाते हैं। कृषि अधिकारियों के अनुसार, प्रखंड क्षेत्र के झंडापुर बासा, गणेशपुर, पुरैनी, बघरा, डुमरैल, ओरलाहा, गणेशपुर दियारा, बघवा दियारा, भटौनी, चटनमा, बंशगोपाल, मकदमपुर, फुलपुर, छब्बू बासा, अंभोबासा, औराय और मरूवाही जैसे गांवों में हजारों हेक्टेयर रकबे पर आलू की खेती किसानों की आजीविका का अहम आधार है।
अकालनाशक फसल और बुवाई की तय समय-सीमा
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, आलू को अधिक उत्पादन देने के कारण अकालनाशक फसल माना जाता है, जिसकी बाजार में लगातार मांग बनी रहती है। क्षेत्र में इसकी बुवाई अक्टूबर के पहले हफ्ते से लेकर दिसंबर के आखिरी हफ्ते तक चलती है। विशेषज्ञों का कहना है कि पछेती बुवाई वाली फसल पर पाले और कीटों का खतरा ज्यादा रहता है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान होता है। ऐसे में अगेती किस्मों की समय पर बुवाई करके नुकसान के जोखिम को काफी हद तक घटाया जा सकता है।
उन्नत किस्मों का चुनाव और खाद की संतुलित मात्रा
कृषि विभाग के अनुसार, अच्छी पैदावार के लिए खेत की तैयारी और सही किस्म का चुनाव जरूरी है। अगेती किस्मों में राजेंद्र आलू-03, कुफरी ज्योति, कुफरी सतलज, कुफरी आनंद और कुफरी बहार प्रमुख हैं, जबकि पछेती खेती के लिए राजेंद्र आलू-01, कुफरी सिंदूरी और कुफरी लालिमा उपयुक्त मानी गई हैं। विशेषज्ञों की अनुशंसा के अनुसार, प्रति हेक्टेयर 200 क्विंटल सड़ी गोबर की खाद और पांच क्विंटल खल्ली खेत की तैयारी के समय डालनी चाहिए। इसके साथ ही प्रति हेक्टेयर 150 किलोग्राम नाइट्रोजन, 300 किलोग्राम यूरिया, 90 किलोग्राम फॉस्फोरस और 100 किलोग्राम पोटाश का प्रयोग जरूरी है।
सिंचाई का सही समय और झुलसा रोग से बचाव
प्रखंड कृषि पदाधिकारी अंशूली प्रिया के अनुसार, आलू में खाद की मात्रा अधिक होने के कारण रोपाई के 10 से 20 दिनों के भीतर पहली सिंचाई कर देनी चाहिए। इसके बाद की सिंचाइयों में 20 दिनों से अधिक का अंतर नहीं होना चाहिए। अधिकारी ने आगाह किया कि फसल को झुलसा रोग से बचाना सबसे जरूरी है, क्योंकि इस रोग के फैलने पर उत्पादन में 40 फीसदी तक की भारी गिरावट आ सकती है। किसानों को रोग के लक्षण दिखते ही तुरंत कृषि विशेषज्ञों की सलाह से उपचार शुरू करना चाहिए।