विज्ञापन
Home› Khabar Junction› 8th Grade Educated Farmer Develops Unique Pink Radish Variety Quadruples Income And Earns Lakhs In Profit

8वीं पास किसान का कमाल : मूली की खास गुलाबी किस्म का किया विकास, 4 गुना बढ़ी आमदनी; लाखों का मुनाफा...

गांव जंक्शन डेस्क, जोधपुर Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 23 Nov 2026 04:53 PM IST
सार

  • राजस्थान के जोधपुर के किसान मदनलाल देवड़ा ने शलजम और सफेद मूली के संकरण से गुलाबी मूली की नई किस्म विकसित की है।
  • आठवीं पास किसान ने साल 2018 में यह प्रयोग शुरू किया था, जो पांच साल की मेहनत के बाद 2023 में सफल हुआ।
  • केसर नाम की इस मूली का स्वाद सामान्य मूली से अलग तीखा-मीठा है, जिसे लोग गाजर और ककड़ी की तरह खाते हैं।
  • जयपुर, दिल्ली, आगरा, अहमदाबाद और सूरत के होटलों, रेस्टोरेंटों और शादियों में इसकी मांग बढ़ रही है। वर्तमान में इसे 35 रुपये प्रति किलो तक भाव मिल रहा है।

 

8वीं पास किसान ने केसर नाम की मूली किस्म का विकास किया।
8वीं पास किसान ने केसर नाम की मूली किस्म का विकास किया। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के जोधपुर जिले में रहने वाले किसान ने एक कमाल का प्रयोग किया है। आठवीं पास किसान मदनलाल देवड़ा ने शलजम और सफेद मूली के जीन का संकरण कराकर  केसर नाम से गुलाबी मूली की एक नई किस्म विकसित की है। पूर्व में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हो चुके देवड़ा ने साल 2018 में यह प्रयोग शुरू किया था, जिसे पांच साल की मेहनत के बाद साल 2023 में सफलता मिली।

पांच साल का कड़ा परिश्रम और स्वाद में मिठास
किसान के मुताबिक, उन्होंने खेत में गुलाबी शलजम और तीखी सफेद मूली के जीन मिलाकर यह नया बीज तैयार किया था। शुरुआती दौर में केवल चार से पांच गुलाबी मूलियां ही उगी थीं, जिससे उत्साहित होकर उन्होंने अगले मौसम में 3,500 पौधे तैयार किए। अब उनके खेत में इस किस्म की नियमित पैदावार हो रही है। सामान्य मूली के तीखे स्वाद के विपरीत इस गुलाबी मूली का स्वाद तीखा-मीठा है, जिसे लोग गाजर और ककड़ी की तरह बड़े चाव से खाते हैं।

बड़े शहरों में मांग और आय में चार गुना इजाफा
किसान का कहना है कि यह मूली दूर से गाजर और शकरकंद जैसी दिखती है। इसकी मांग अब जयपुर, दिल्ली, आगरा, अहमदाबाद और सूरत जैसे बड़े शहरों के होटलों, रेस्टोरेंटों और शादियों में लगातार बढ़ रही है। सामान्य सफेद मूली जहां 10 से 20 रुपये प्रति किलो बिकती है, वहीं यह गुलाबी मूली शुरुआत में 50 रुपये प्रति किलो बिकी थी और वर्तमान में इसका भाव 35 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। इस मांग के चलते उनकी आमदनी में चार गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

देसी खाद से घटाया खेती का खर्च
किसान मदनलाल देवड़ा के अनुसार, वे कुल 40 से 50 बीघा जमीन पर खेती करते हैं, जिसमें से चार बीघा में गुलाबी मूली लगाई गई है। इसके अलावा वे गेहूं, प्याज और देसी गाजर की खेती भी करते हैं। उत्पादन लागत घटाने के लिए वे खेत में बकरी की मिंगणी, वर्मी कंपोस्ट, गोमूत्र और सड़ी हुई नीम की पत्तियों से बनी देसी खाद का ही उपयोग करते हैं। इससे उनकी लागत घटकर आधी रह गई है और वे सारा खर्च निकालकर सालाना 15 से 20 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा कमा रहे हैं।


विज्ञापन
विज्ञापन