विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Up Cm Yogi To Provide Double Relief To Farmers Today 483 Crore To Be Credited To The Accounts Of Lakhs Of F

UP: CM योगी आज देंगे किसानों को दोहरी राहत, लाखों किसानों के खातों में आएंगे ₹483 करोड़, सस्ता लोन भी मिलेगा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 12 Oct 2026 09:27 AM IST
सार

  • यूपी के 9.18 लाख किसानों को 483 करोड़ रुपये का कृषि निवेश अनुदान जारी करेगी सरकार।
  • बाढ़, बारिश, ओलावृष्टि और चक्रवात से प्रभावित किसानों को मिलेगी आर्थिक मदद।
  • फसल नुकसान की भरपाई के लिए करीब 493 करोड़ रुपये के अनुदान की व्यवस्था।
  • मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत छोटे किसानों को अब 6% ब्याज पर मिलेगा कृषि कर्ज।
  • उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की 323 शाखाओं से किसान ले सकेंगे सस्ता ऋण।

सीएम योगी
सीएम योगी - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश सरकार सोमवार को प्रदेश के किसानों को दोहरी राहत देने जा रही है। प्राकृतिक आपदाओं और खराब मौसम की मार झेलने वाले किसानों के लिए सीएम योगी गोरखपुर से 483 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि जारी करेंगे। यह अनुदान सीधे 9 लाख 18 हजार 91 किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजा जाएगा। 

प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई
राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक, इस साल प्रदेश में बाढ़, भारी बारिश, ओलावृष्टि और खासतौर से सितंबर के आखिरी हफ्ते में आए अर्नव चक्रवात के कारण किसानों को भारी फसल नुकसान पहुंचा है। चालू वित्तीय वर्ष की शुरुआत से लेकर 9 अक्तूबर तक के सरकारी सर्वे में 9 लाख 18 हजार 91 ऐसे किसान पहचाने गए हैं, जिनकी फसलें बर्बाद हुई हैं। सरकार के अनुसार, बाढ़ खत्म होने के तुरंत बाद तेजी से काम करते हुए नुकसान का आकलन किया गया। इसी के तहत फसल क्षति की भरपाई के लिए सरकार की तरफ से करीब 493 करोड़ रुपये के कुल अनुदान की व्यवस्था की जा रही है।

प्रभावित परिवारों को पहले भी मिल चुकी है आर्थिक मदद
राहत आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्राकृतिक आपदाओं से निपटने और फसल क्षति के लिए सरकार ने पहले ही जिलों को 169 करोड़ रुपये की राशि एडवांस में जारी कर दी थी। इसमें से अब तक 1 लाख 29 हजार 326 किसानों को 78.75 करोड़ रुपये की मदद दी जा चुकी है। इसके अलावा, अलग-अलग प्राकृतिक आपदाओं में जिन परिवारों ने अपने परिजनों, पशुओं या मकानों को खोया है, उन्हें भी सरकार की तरफ से 225.93 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता बांटी जा चुकी है।

छोटे किसानों के लिए सस्ता हुआ कृषि कर्ज
मुआवजे के साथ-साथ सरकार सोमवार से 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' के तहत प्रदेश के छोटे (लघु और सीमांत) किसानों को सस्ती दरों पर लोन देना भी शुरू कर रही है। इस व्यवस्था के लागू होने से उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक (एलडीबी) के जरिए मिलने वाला जो कृषि ऋण पहले 11 प्रतिशत ब्याज पर मिलता था, वह अब किसानों को महज 6 प्रतिशत की दर पर मिलेगा।

इस सस्ती ऋण योजना की शुरुआत सोमवार को एलडीबी मुख्यालय से होगी। किसान एलडीबी की 323 अलग-अलग शाखाओं के जरिए इस योजना का फायदा उठा सकेंगे। ब्याज में दी जा रही इस छूट के बदले सरकार बैंक को अनुदान देगी, जिसके लिए 38 करोड़ रुपये जारी करने का आदेश भी सोमवार को ही निकाला जाएगा। गौरतलब है कि इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते 23 सितंबर को किया था।


विज्ञापन
विज्ञापन