Home›Khabar Junction›
Telangana Farmers Suffer Double Blow Kharif Production Plummets Banks Refuse To Reimburse Full Loans
किसानों पर दोहरी मार : खरीफ सीजन में घटा उत्पादन, बैंकों ने भी नहीं दिया पूरा कर्ज
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 22 Nov 2026 04:18 PM IST
सार
तेलंगाना में कमजोर मानसून से खरीफ उत्पादन 16-17% घटने का अनुमान है। वहीं, बैंकों ने कृषि कर्ज देने का लक्ष्य पूरा नहीं किया। रबी सीजन में भी किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
तेलंगाना के किसानों को इस खरीफ सीजन में दोहरी मार झेलनी पड़ी है। एक ओर अल नीनो के असर से मानसून कमजोर रहने के कारण फसलों का उत्पादन घट गया, वहीं दूसरी ओर बैंकों ने भी किसानों को कृषि कर्ज देने का तय लक्ष्य पूरा नहीं किया। अनुमान है कि इस बार खरीफ फसलों का उत्पादन 16 से 17 फीसदी तक कम हुआ है। इससे देश में सबसे ज्यादा धान उत्पादन करने वाले राज्य के किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
कम बारिश के कारण राज्य में पानी की कमी बनी हुई है। ऐसे में सरकार ने किसानों को रबी सीजन में धान जैसी ज्यादा पानी की जरूरत वाली फसलें नहीं लगाने की सलाह दी है। हालांकि, इस फैसले से प्रभावित किसानों को सरकार की ओर से कितनी मदद मिलेगी, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
कृषि कर्ज के लक्ष्य से पीछे रहे बैंक
बैंकों ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (1 अप्रैल से 30 सितंबर) में प्राथमिकता वाले क्षेत्र को 58,152 करोड़ रुपये का कृषि कर्ज देने का लक्ष्य रखा था। लेकिन इस दौरान केवल 42,885 करोड़ रुपये का ही कर्ज बांटा जा सका। यानी बैंक तय लक्ष्य का करीब 74 फीसदी ही हासिल कर पाए।
चालू वित्त वर्ष में प्राथमिकता वाले क्षेत्र के लिए कुल 1.81 लाख करोड़ रुपये का कर्ज देने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से अब तक 96,942 करोड़ रुपये का कर्ज बांटा गया है। खरीफ सीजन के दौरान फसल उत्पादन के लिए दिए जाने वाले अल्पकालिक कर्ज का लक्ष्य 58,152 करोड़ रुपये था।
सरकारी बैंकों का प्रदर्शन भी कमजोर
कर्ज बांटने के मामले में सरकारी बैंक निजी बैंकों से पीछे रहे। सरकारी बैंकों को पूरे साल में 1.15 लाख करोड़ रुपये का कर्ज देने का लक्ष्य मिला था। इसके मुकाबले उन्होंने अब तक 62,567 करोड़ रुपये का कर्ज बांटा है।
वहीं, निजी बैंकों ने 21,316 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 15,140 करोड़ रुपये का कर्ज दिया। इस तरह उन्होंने अपने लक्ष्य का 71.03 फीसदी हासिल किया। विदेशी बैंकों ने 122 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 567 करोड़ रुपये का कर्ज बांटा, जो तय लक्ष्य से कहीं अधिक है।
रबी सीजन में कर्ज मिलने पर भी सवाल
सरकार ने किसानों को रबी सीजन में धान जैसी ज्यादा पानी मांगने वाली फसलों की खेती से बचने की सलाह दी है। ऐसे में किसानों को आशंका है कि बैंक दूसरी छमाही में कृषि कर्ज देने में और सतर्कता बरत सकते हैं। बैंकों को डर हो सकता है कि अगर पानी की कमी बनी रही तो फसलों का उत्पादन प्रभावित होगा और किसानों के लिए कर्ज चुकाना मुश्किल हो सकता है। इससे रबी सीजन में किसानों को समय पर कर्ज मिलने में परेशानी आ सकती है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।