कमजोर मानसून के कारण मिट्टी में नमी और जलाशयों में पानी का स्तर घटने से रबी फसलों की बुवाई प्रभावित हुई है। कृषि मंत्रालय के मुताबिक, 20 नवंबर तक 2.61 करोड़ हेक्टेयर में बुवाई हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 2.90 करोड़ हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी।
देश में गेहूं, चना और दूसरी रबी फसलों की बुवाई पिछले साल के मुकाबले पीछे चल रही है। इस साल मानसून में कम और अनियमित बारिश के कारण कई राज्यों में मिट्टी में बची नमी और जलाशयों में पानी का स्तर प्रभावित हुआ है। इसका असर रबी फसलों की बुवाई पर पड़ा है। कृषि मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 20 नवंबर तक देश में 260.97 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुवाई हुई है। पिछले साल इसी अवधि में यह रकबा 290.80 लाख हेक्टेयर था। इस तरह बुवाई में सालाना आधार पर 10.26 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
गेहूं की बुवाई में 17 प्रतिशत की गिरावट
रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं का रकबा पिछले साल के मुकाबले 17 प्रतिशत कम है। उत्तर प्रदेश में 20 नवंबर तक 21.98 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई हुई, जबकि पिछले साल यह रकबा 23.16 लाख हेक्टेयर था। मध्य प्रदेश में गेहूं का रकबा 24.22 प्रतिशत घटकर 29.28 लाख हेक्टेयर रह गया, जो पिछले साल 38.64 लाख हेक्टेयर था। हरियाणा में बुवाई 33 प्रतिशत घटकर 6.97 लाख हेक्टेयर और राजस्थान में 37 प्रतिशत घटकर 7.20 लाख हेक्टेयर रही। गुजरात में सबसे अधिक 75.52 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और रकबा 1.07 लाख से घटकर 0.26 लाख हेक्टेयर रह गया। हालांकि, पंजाब में गेहूं की बुवाई लगभग पिछले साल के बराबर रही। यहां 20 नवंबर तक 27.73 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई, जबकि पिछले साल यह 27.77 लाख हेक्टेयर थी।
चना की बुवाई 14.64 प्रतिशत घटी, मध्य प्रदेश में बढ़ा रकबा
दलहन की प्रमुख रबी फसल चने का रकबा 14.64 प्रतिशत घटकर 41.35 लाख हेक्टेयर रह गया। पिछले साल इसी अवधि में 48.45 लाख हेक्टेयर में चने की बुवाई हुई थी। राजस्थान में चने का रकबा 61 प्रतिशत घटकर 6.91 लाख हेक्टेयर रह गया, जबकि मध्य प्रदेश में इसमें 90 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। मध्य प्रदेश में चने की बुवाई 8.16 लाख से बढ़कर 15.53 लाख हेक्टेयर हो गई।
गुजरात में चने का रकबा करीब 50 प्रतिशत घटकर 0.60 लाख हेक्टेयर रहा। उत्तर प्रदेश में यह 12 प्रतिशत घटकर 3.95 लाख हेक्टेयर और कर्नाटक में 29 प्रतिशत घटकर 5.67 लाख हेक्टेयर रहा। वहीं, मसूर की बुवाई में 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसका रकबा 8.96 लाख से बढ़कर 11.10 लाख हेक्टेयर हो गया। मटर का रकबा भी तीन प्रतिशत बढ़कर 5.68 लाख हेक्टेयर रहा।
सरसों की बुवाई लगभग पिछले साल के बराबर
प्रमुख तिलहन फसल सरसों का रकबा लगभग स्थिर रहा। 20 नवंबर तक 71.05 लाख हेक्टेयर में सरसों की बुवाई हुई, जबकि पिछले साल यह 71.23 लाख हेक्टेयर थी। राजस्थान में सरसों का रकबा सात प्रतिशत घटकर 29.24 लाख हेक्टेयर रहा। वहीं, मध्य प्रदेश में 43 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ यह 11.94 लाख हेक्टेयर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश में सरसों की बुवाई लगभग स्थिर रही और रकबा 19.96 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया।
धान और मक्का की बुवाई भी पीछे
रबी सीजन के धान का रकबा पिछले साल के मुकाबले नौ प्रतिशत कम रहा। तमिलनाडु में धान की बुवाई आठ प्रतिशत घटकर 7.52 लाख हेक्टेयर रही। आंध्र प्रदेश में इसमें 40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि केरल में 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। रबी मक्का की बुवाई भी 2.15 प्रतिशत घटकर पांच लाख हेक्टेयर रही। बिहार में इसका रकबा 39 प्रतिशत घटकर 0.13 लाख हेक्टेयर और महाराष्ट्र में 28 प्रतिशत घटकर 1.33 लाख हेक्टेयर रहा। कर्नाटक में भी मक्का की बुवाई पिछले साल के मुकाबले कम रही। हालांकि, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश में मक्का का रकबा बढ़ा है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।