विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Target Of 18 8 Million Quintals Of Sugar Tensions Rise In Muzaffarnagar Over Sugarcane Supply Procurement To

1,880 लाख क्विंटल चीनी का लक्ष्य : मुजफ्फरनगर में गन्ना सप्लाई को लेकर बढ़ी टेंशन, इन दो जिलों से होगी खरीद...

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 10 Nov 2026 04:21 PM IST
सार

  • मुजफ्फरनगर की चीनी मिलों को पहली बार हापुड़ और सहारनपुर में भी गन्ना खरीद केंद्र मिले हैं।
  • गन्ने की कमी दूर करने के लिए मिलें मेरठ, बागपत, शामली, हापुड़ और सहारनपुर से खरीद करेंगी।
  • जिले का कुल गन्ना रकबा दूसरे जिलों के सेंटर मिलने के बाद बढ़कर 2.08 लाख हेक्टेयर हो गया है।
  • इस पेराई सत्र में चीनी मिलों को 1,880 लाख कुंतल चीनी उत्पादन का लक्ष्य दिया गया है।
  • मुजफ्फरनगर की आठ में से छह चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू हो चुकी है।

मुजफ्फरनगर में गन्ने की सप्लाई को लेकर चीनी मिलों में चिंता।
मुजफ्फरनगर में गन्ने की सप्लाई को लेकर चीनी मिलों में चिंता। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में गन्ने की पेराई का नया सीजन (2026-27) शुरू हो चुका है। मुजफ्फरनगर में गन्ने की सप्लाई को लेकर चीनी मिलों में चिंता है। ऐसे में मिलों की नजरें दूसरे जिलों के गन्ने पर भी टिकी हुई हैं। इसी कमी को पूरा करने के लिए पहली बार मुजफ्फरनगर की चीनी मिलों को हापुड़ जिले की सिंभावली और सहारनपुर जिले की गागलहेड़ी चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना खरीद केंद्र (सेंटर) आवंटित किए गए हैं।

गन्ना रकबा और चीनी उत्पादन का बढ़ा लक्ष्य
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में मुजफ्फरनगर जिले का अपना कुल गन्ना रकबा 1.75 लाख हेक्टेयर है, जो पिछले साल की तुलना में एक हजार हेक्टेयर कम है। लेकिन, दूसरे जिलों में सेंटर मिलने के बाद जिले की शुगर मिलों का कुल गन्ना रकबा बढ़कर 2.08 लाख हेक्टेयर हो गया है। इस बार चीनी मिलों को 1,880 लाख कुंतल चीनी उत्पादन का लक्ष्य दिया गया है, जो पिछले पेराई सत्र से ज्यादा है। इस बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए ही जिले की मिलों को मेरठ, बागपत, शामली, हापुड़ और सहारनपुर से गन्ना खरीदने की अनुमति दी गई है।

पहली बार हापुड़ और सहारनपुर में बनाए गए सेंटर
जिला गन्ना अधिकारी संजय सिंह सिसौदिया के अनुसार, चीनी मिलों को गन्ना क्षेत्र का आवंटन कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि पहली बार हापुड़ की सिंभावली और सहारनपुर की गागलहेड़ी चीनी मिल क्षेत्र में जिले की मिलों के लिए सेंटर बनाए गए हैं। सरकार के इस कदम से मिलों तक गन्ने की आपूर्ति बढ़ेगी, जिससे चीनी का उत्पादन ज्यादा हो सकेगा। विभाग के अनुसार, मुजफ्फरनगर में कुल आठ चीनी मिलें हैं, जिनमें से छह मिलों ने गन्ने की पेराई शुरू कर दी है।

सात चीनी मिलें करेंगी दूसरे जिलों के किसानों से खरीद
आंकड़ों के मुताबिक, जिले की आठ में से सात चीनी मिलें दूसरे जिलों के किसानों से गन्ना खरीदेंगी। खतौली चीनी मिल अपने क्षेत्र के अलावा मेरठ, बागपत और शामली जिले से गन्ना खरीदेगी। इसी तरह, तितावी मिल को अपने क्षेत्र के साथ-साथ बागपत और शामली से तथा भैसाना चीनी मिल को बागपत, मेरठ और शामली से गन्ने की आपूर्ति होगी। वहीं, मंसूरपुर चीनी मिल को बागपत जिले से भी गन्ना मिलेगा।

टिकौला, खाईखेड़ी और रोहाना मिलों को भी मिला नया क्षेत्र
गन्ना विभाग की जानकारी के अनुसार, टिकौला शुगर मिल को मेरठ के साथ-साथ हापुड़ से भी गन्ना मिलेगा। हापुड़ में बनाए गए 16 सेंटरों के जरिए टिकौला मिल गन्ना खरीदेगी। वहीं, पहली बार खाईखेड़ी मिल को सहारनपुर की दया शुगर मिल प्राइवेट लिमिटेड (गागलहेड़ी) क्षेत्र में तीन सेंटरों के जरिए गन्ने की आपूर्ति होगी। रोहाना चीनी मिल भी गागलहेड़ी क्षेत्र में पांच सेंटरों के माध्यम से गन्ना खरीदेगी। इन सब मिलों के विपरीत, जिले की एकमात्र सहकारी शुगर मिल मोरना किसी दूसरे जिले से खरीद नहीं करेगी और केवल अपने ही क्षेत्र के गन्ने पर पूरी तरह निर्भर रहेगी।


विज्ञापन
विज्ञापन