हरियाणा सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले (बीपीएल) और अत्यधिक जरूरतमंद राशन कार्डधारकों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। सरकार के अनुसार, लाभार्थियों को उनके अक्टूबर महीने के कोटे का सरसों तेल अब 30 नवंबर तक हर हाल में वितरित किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई कार्डधारक इस तय समय सीमा के भीतर राशन डिपो से अपना तेल नहीं लेता है, तो उसे पिछले महीने के कोटे का यह लाभ नहीं मिलेगा।
तय हुईं सरसों तेल की मात्रा और कीमतें
अधिकारियों के अनुसार, लाभार्थियों तक समय पर राशन पहुंचाने के लिए डिपो होल्डरों (डीलरों) के पास सरसों तेल का स्टॉक भेजा जा रहा है। इस बार वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाते हुए सरकार ने सरसों तेल की मात्रा और उसकी दरें पहले से तय कर दी हैं। नई दरों के मुताबिक, लाभार्थियों को आधा लीटर तेल के लिए 15 रुपये, एक लीटर के लिए 30 रुपये और डेढ़ लीटर तेल के लिए 45 रुपये का भुगतान करना होगा।
डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही मिलेगा लाभ
हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर के अनुसार, इस संबंध में सभी जिलों के खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को नए निर्देशों का पालन करने को कह दिया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे समय रहते डिपो होल्डरों तक तेल का निर्धारित स्टॉक पहुंचाना सुनिश्चित करें। राज्य मंत्री के अनुसार, राशन डिपो पर किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए लाभार्थियों को डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही तेल दिया जाएगा।