विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Sugar Production In Maharashtra Gains Momentum Sugar Output More Than Doubles Compared To Last Year Pune Lea

महाराष्ट्र के चीनी उत्पादन ने पकड़ी रफ्तार : पिछले साल से दोगुने से भी ज्यादा बनी चीनी, पेराई में पुणे आगे...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 23 Nov 2026 07:02 PM IST
सार

  • महाराष्ट्र में चीनी पेराई सीजन 2026-27 के दौरान 22 नवंबर तक 189 मिलों में पेराई शुरू हो चुकी है।
  • इन मिलों ने 292.42 लाख टन गन्ने की पेराई कर 26.04 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। औसत रिकवरी 8.91 प्रतिशत रही।
  • पिछले सीजन की इसी अवधि के मुकाबले गन्ने की पेराई में करीब 72 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि चीनी उत्पादन दोगुने से अधिक हो गया है।

महाराष्ट्र के चीनी उत्पादन में भारी उछाल।
महाराष्ट्र के चीनी उत्पादन में भारी उछाल। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के चीनी आयुक्तालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, चालू पेराई सीजन 2026-27 के दौरान चीनी उत्पादन में पिछले साल के मुकाबले तेजी देखने को मिल रही है। 22 नवंबर 2026 तक प्रदेश की चीनी मिलों ने कुल 292.42 लाख टन गन्ने की पेराई करके 26.04 लाख टन चीनी का उत्पादन कर लिया है। इस अवधि में पूरे राज्य की औसत चीनी रिकवरी 8.91 प्रतिशत दर्ज की गई है। चालू सत्र में अब तक कुल 189 मिलों में पेराई का काम शुरू हो चुका है, जिनमें 92 सहकारी और 97 निजी चीनी मिलें शामिल हैं। इन सभी चालू मिलों की कुल दैनिक पेराई क्षमता 10,39,700 टन है।

पिछले सीजन की तुलना में गन्ने की पेराई 72 फीसदी अधिक, उत्पादन हुआ दोगुना
आयुक्तालय के आंकड़ों के मुताबिक, चालू सीजन की पेराई रफ्तार पिछले साल की तुलना में काफी आगे चल रही है। पिछले सत्र में इसी तारीख तक 183 मिलों ने 170.3 लाख टन गन्ने की पेराई की थी और 7.45 प्रतिशत की औसत रिकवरी के साथ केवल 12.69 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था। पिछले साल के मुकाबले इस बार गन्ने की पेराई में लगभग 72 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि चीनी का उत्पादन पिछले साल के स्तर से दोगुने से भी अधिक हो चुका है।

पेराई में पुणे संभाग सबसे आगे, कोल्हापुर में दर्ज हुई सबसे ज्यादा रिकवरी
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, गन्ने की पेराई के मामले में पुणे संभाग पूरे राज्य में पहले स्थान पर बना हुआ है। पुणे संभाग की 30 चीनी मिलों ने 76.64 लाख टन गन्ने की पेराई करके 9.68 प्रतिशत रिकवरी के साथ 7.41 लाख टन चीनी तैयार की है। वहीं, चीनी की गुणवत्ता और रिकवरी के मामले में कोल्हापुर संभाग राज्य में सबसे आगे रहा, जहां 9.95 प्रतिशत की सर्वाधिक रिकवरी दर्ज की गई। कोल्हापुर की 38 मिलों ने 48.6 लाख टन गन्ने की पेराई कर 4.83 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है।

सोलापुर में सबसे ज्यादा 41 मिलें चालू, अहिल्यानगर और नांदेड़ में भी अच्छी प्रगति
रिपोर्ट के मुताबिक, सोलापुर संभाग में सबसे ज्यादा 41 मिलें पेराई कर रही हैं, जिन्होंने 8.12 प्रतिशत रिकवरी के साथ 54.7 लाख टन गन्ना पेरकर 4.43 लाख टन चीनी बनाई है। अहिल्यानगर संभाग की 26 मिलों ने 8.67 प्रतिशत रिकवरी दर पर 41.22 लाख टन गन्ने से 3.57 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। इसके अलावा, नांदेड़ संभाग में 30 चालू मिलों ने 8.17 प्रतिशत रिकवरी के साथ 37.53 लाख टन गन्ने की पेराई कर 3.06 लाख टन चीनी तैयार की है।

संभाजीनगर में सबसे कम रिकवरी, नागपुर में अभी तक शुरू नहीं हुई पेराई
आंकड़ों के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर संभाग की 21 मिलों ने 30.45 लाख टन गन्ने से 2.44 लाख टन चीनी का उत्पादन किया, जहां पूरे राज्य में सबसे कम 8.04 प्रतिशत की रिकवरी दर्ज की गई। अमरावती संभाग में केवल तीन निजी मिलें ही काम कर रही हैं, जिन्होंने 8.08 प्रतिशत की रिकवरी दर से 3.28 लाख टन गन्ने की पेराई करके 0.26 लाख टन चीनी बनाई है। वहीं, चीनी आयुक्तालय की रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि नागपुर संभाग में अभी तक किसी भी चीनी मिल में पेराई का काम शुरू नहीं हो सका है।


विज्ञापन
विज्ञापन