विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Record Exports Of Fish Feed Deepen The Fodder Crisis Shrimp Industry Under Pressure Demand For Setting Expor

मछली दाने के रिकॉर्ड निर्यात से गहराया चारे का संकट : झींगा उद्योग पर दबाव, एक्सपोर्ट कोटा तय करने की मांग...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 23 Nov 2026 06:09 PM IST
सार

  • भारत से मछली दाने (फिशमील) के निर्यात में बड़ी बढ़त दर्ज की गई है, वैश्विक बाजार में कम सप्लाई से यह रुझान देखने को मिल रहा है
  • भारत का फिशमील निर्यात 2024-25 में 2.24 लाख टन से बढ़कर 2025-26 में 3.92 लाख टन पहुंच गया।
  • सीफूड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईएआई) ने घरेलू जलीय कृषि और झींगा पालन को बचाने के लिए निर्यात पर कोटा लगाने की मांग की है।

मछली पालन
मछली पालन - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय मछली दाने की विदेश में मांग तेजी से बढ़ रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार के इस रुझान ने घरेलू स्तर पर जलीय कृषि के लिए कच्चे माल का संकट खड़ा कर दिया है। इस चुनौती से निपटने के लिए मछली दाने के निर्यात पर सीमा लागू करने की मांग उठी है। 

निर्यात पर लागू हो सीमा, आवंटन के लइए पिछला रिकॉर्ड भी आधार बने 
सीफूड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार, घरेलू आवश्यकताओं और स्थानीय झींगा पालन की सुरक्षा के लिए जब तक यह संकट हल नहीं होता, तब तक मछली दाना के निर्यात की अधिकतम मात्रा तय की जानी चाहिए और पिछले तीन सालों के प्रदर्शन के आधार पर ही निर्यातकों को कोटा आवंटित किया जाना चाहिए।

पेरू में सप्लाई घटने से चढ़ा वैश्विक बाजार, भारत से निर्यात में भारी बढ़त
रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में मछली दाना का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता देश पेरू है। अल नीनो के प्रभाव और समुद्री पर्यावरण पर उद्योग के नकारात्मक असर को देखते हुए पेरू ने अपने निर्यात में भारी कटौती कर दी है। इसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें काफी बढ़ गई हैं, जिसने भारतीय उत्पादकों को बड़े पैमाने पर निर्यात बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, भारत ने वर्ष 2024-25 में 269.40 मिलियन डॉलर मूल्य के 2,24,289 टन मछली दाना का निर्यात किया था, जो वर्ष 2025-26 में उछलकर 507.73 मिलियन डॉलर मूल्य का 3,92,538 टन हो गया। वहीं, चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान ही 387.73 मिलियन डॉलर के 1,81,594 टन मछली दाना का निर्यात किया जा चुका है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में केवल 124.47 मिलियन डॉलर मूल्य का 1,19,378 टन निर्यात हुआ था।

घरेलू जलीय कृषि में चारे की किल्लत, 5.62 अरब डॉलर के झींगा उद्योग पर दबाव
एसईएआई के महासचिव के एन राघवन के अनुसार, भारत में सालाना लगभग 5.5 लाख टन मछली दाना का उत्पादन होता है। यदि निर्यात की यही रफ्तार बनी रही, तो चालू वित्तीय वर्ष में निर्यात का आंकड़ा 4.5 लाख टन के करीब पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में देश के भीतर जलीय कृषि और झींगा पालन के लिए बेहद कम मात्रा बचेगी। एसोसिएशन ने आगाह किया है कि इस कमी से चारे की लागत में भारी वृद्धि होगी, जिसका सीधा असर भारत के 5.62 अरब डॉलर के विशाल झींगा निर्यात क्षेत्र पर पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि पूरा समुद्री खाद्य निर्यात तंत्र लगभग 40 लाख लोगों को रोजगार देता है, जिसमें 20 लाख जलीय कृषि किसान और 20 लाख प्रसंस्करण इकाइयों में काम करने वाले श्रमिक शामिल हैं।

पश्चिमी तट पर छोटी मछलियों के शिकार से समुद्री पर्यावरण को नुकसान
मछली दाना बनाने के लिए अपरिपक्व यानी छोटी मछलियों के बढ़ते उपयोग ने एक नया संकट खड़ा कर दिया है। पारंपरिक रूप से मछली दाना तैयार करने के लिए जाल में अवांछित रूप से फंसी मछलियों, गैर-खाद्य प्रजातियों और मछली प्रसंस्करण से निकलने वाले कचरे का ही इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, पश्चिमी तट पर छोटी और अविकसित मछलियों को पकड़े जाने की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे समुद्री पारिस्थितिकी और भविष्य के मछली भंडार को भारी नुकसान होने की आशंका है। एसोसिएशन का कहना है कि अधिकांश मछुआरे मानव उपभोग के लिए ही मछली पकड़ते हैं, लेकिन मछली दाना निर्माताओं द्वारा दिए जा रहे ऊंचे दामों के लालच में कुछ नौका मालिक अब जानबूझकर छोटी मछलियों को भी निशाना बनाने लगे हैं।

कड़े अंतरराष्ट्रीय मानकों के चलते विदेशी बाजारों में साख का खतरा
एसोसिएशन ने यह भी चेतावनी दी है कि छोटी मछलियों से तैयार किया गया मछली दाना भारतीय जलीय कृषि उत्पादों के निर्यात के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी मुश्किलें पैदा कर सकता है। अमेरिका, यूरोपीय संघ, जापान और ब्रिटेन जैसे विकसित देशों में पर्यावरण संरक्षण और जलीय जीवों की निरंतरता को लेकर बेहद सख्त नियम हैं। यदि इन प्रमुख बाजारों को यह पता चलता है कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर मछली दाना तैयार किया जा रहा है, तो वे कड़े प्रतिबंध या नियामक कार्रवाई कर सकते हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय समुद्री उत्पादों की साख को गहरा नुकसान पहुंच सकता है।


विज्ञापन
विज्ञापन