विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Fertilizer Subsidy Expenditure Could Surge 46 To 2 5 Lakh Crore Imported Urea Is Cheaper While Domesticall

FAI: 46% उछलकर ₹2.5 लाख करोड़ पहुंच सकता है खाद सब्सिडी खर्च, विदेशी यूरिया सस्ता, पर भारत में बनने वाला महंगा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 23 Nov 2026 06:46 PM IST
सार

  • चालू वित्त वर्ष 2026-27 सरकार के खाद सब्सिडी बिल में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना है
  • फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) ने खाद सब्सिडी खर्च में 46 प्रतिशत बढ़त का अनुमान लगाया है।
  • पश्चिमी एशिया में जारी संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे माल और तैयार उर्वरकों की कीमतों में तेजी आई है।
  • कुल सब्सिडी में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक राशि फॉस्फेटिक और पोटाश (पीएंडके) खादों पर खर्च होने का अनुमान है।
  • एफएआई के अनुसार, घरेलू यूरिया उत्पादन की लागत 66,000 रुपये प्रति टन पहुंच गई है, जबकि आयातित यूरिया करीब 35,000 रुपये प्रति टन में मिल रहा है।

विदेशी से आयात होने वाली यूरिया, भारत में बनने वाली यूरिया से सस्ता।
विदेशी से आयात होने वाली यूरिया, भारत में बनने वाली यूरिया से सस्ता। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चालू वित्त वर्ष (2026-27) में सरकार का खाद सब्सिडी बजट बिगड़ सकता है। फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार, इस साल खाद सब्सिडी का बिल 46 प्रतिशत बढ़कर करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। सरकार ने इस साल के बजट में उर्वरक सब्सिडी के लिए 1,70,799 करोड़ रुपये (लगभग 1.71 लाख करोड़ रुपये) का प्रावधान किया था, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कुल सब्सिडी खर्च 1,86,460 करोड़ रुपये रहा था। एसोसिएशन ने साफ किया है कि पश्चिमी एशिया में जारी संघर्ष की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे माल और तैयार पोषक तत्वों की कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन देश में चल रहे मौजूदा रबी बुवाई सीजन के लिए यूरिया, डीएपी और दूसरी खादों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

एफएआई के चेयरमैन एस. शंकरसुब्रमण्यम के अनुसार, चालू वित्त वर्ष के कुल 2.5 लाख करोड़ रुपये के सब्सिडी अनुमान में से फॉस्फेटिक और पोटाश (पीएंडके) खादों पर 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे, जबकि शेष राशि यूरिया सब्सिडी के रूप में दी जाएगी। हालांकि, यह आंकड़ा उस शुरुआती आशंका से कम है जिसमें संघर्ष शुरू होने के बाद सब्सिडी 3 लाख करोड़ रुपये के पार जाने का डर जताया गया था। चेयरमैन ने बताया कि वैश्विक बाजार में यूरिया की कीमत अपने उच्चतम स्तर 950 डॉलर प्रति टन से घटकर अब 350 डॉलर प्रति टन पर आ गई है। सरकार ने भी वैश्विक संकट का असर कम करने के लिए रबी सीजन में पीएंडके खादों के लिए हाल ही में 62,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर की है।

अल नीनो के कारण कुल खपत घटकर 65 से 67 मिलियन टन रहने की संभावना
चेयरमैन के मुताबिक, अल नीनो के असर से देश के कई हिस्सों में कम बारिश होने के चलते इस साल उर्वरकों की कुल खपत घटकर 65 से 67 मिलियन टन रह सकती है, जो पिछले साल 70 मिलियन टन दर्ज की गई थी। कम बारिश की वजह से चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान यूरिया की बिक्री 4 प्रतिशत घटकर 20.85 मिलियन टन रह गई, जबकि घरेलू उत्पादन 3 प्रतिशत बढ़कर 17.67 मिलियन टन पर पहुंच गया। इस अवधि में डीएपी की बिक्री में 1.6 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी हुई, लेकिन एनपी और एनपीके खादों की बिक्री 26 प्रतिशत गिरकर 6.65 मिलियन टन रह गई। इसके साथ ही एसएसपी और एमओपी (म्यूरिएट ऑफ पोटाश) खादों की बिक्री में भी गिरावट आई है।

घरेलू यूरिया की उत्पादन लागत 66,000 रुपये प्रति टन, आयातित यूरिया सस्ता
एफएआई के सह-अध्यक्ष शिबा प्रसाद मोहंती के अनुसार, महंगी गैस के कारण देश में यूरिया बनाने की लागत बढ़कर 66,000 रुपये प्रति टन तक पहुंच गई है, जबकि आयातित यूरिया लगभग 35,000 रुपये प्रति टन के भाव पर मिल रहा है। आंकड़ों के अनुसार, इस वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान देश का यूरिया आयात 23 प्रतिशत बढ़कर 7.2 मिलियन टन हो गया, जो बीते वर्ष इसी अवधि में 5.86 मिलियन टन था। पूरे पिछले वित्त वर्ष में कुल 10.35 मिलियन टन यूरिया आयात किया गया था, जबकि 29.32 मिलियन टन का घरेलू उत्पादन हुआ था और बिक्री 39.64 मिलियन टन रही थी। आगामी महीनों में आयात की मात्रा घरेलू उत्पादन और खरीफ सीजन के लिए शुरुआती स्टॉक की जरूरत पर निर्भर करेगी।

किसानों को 242 रुपये में 45 किलो यूरिया की बोरी, 2031 तक आत्मनिर्भरता का लक्ष्य
संगठन के अनुसार, किसानों को यूरिया सरकार द्वारा तय अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ही मिलता है। 45 किलोग्राम यूरिया की बोरी का वैधानिक मूल्य 242 रुपये तय है, जिसमें नीम कोटिंग का खर्च और टैक्स अलग से जुड़ते हैं। किसानों तक खाद पहुंचाने की वास्तविक लागत और बिक्री मूल्य के बीच के अंतर को सरकार कंपनियों को सब्सिडी के रूप में देती है। एफएआई ने सरकार की नई यूरिया निवेश नीति और कोल गैसीफिकेशन योजना का स्वागत करते हुए भरोसा जताया कि भारत वर्ष 2031 तक यूरिया उत्पादन में पूरी तरह आत्मनिर्भर हो जाएगा। इसके अलावा, एफएआई अध्यक्ष ने जमीन की सेहत सुधारने और खादों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए यूरिया को भी पीएंडके की तरह पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) नीति में शामिल करने का सुझाव दिया है।


विज्ञापन
विज्ञापन