विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Sebi Proposes Up To 80 Early Payout For Fpos In Commodity Derivatives Trading

सेबी का नया प्रस्ताव : FPO को कमोडिटी एक्सचेंज में बिक्री के 80% तक पैसे पहले मिल सकेंगे

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Wed, 25 Nov 2026 09:05 PM IST
सार

सेबी ने किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को कमोडिटी डेरिवेटिव एक्सचेंज पर बिक्री की रकम का अधिकतम 80 फीसदी हिस्सा अनुबंध की समाप्ति से 30 दिन पहले तक देने का प्रस्ताव रखा है। इससे एफपीओ की कार्यशील पूंजी की समस्या कम हो सकती है।

FPO को कारोबार के लिए समय पर पैसा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से SEBI ने नई व्यवस्था का प्रस्ताव रखा।
FPO को कारोबार के लिए समय पर पैसा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से SEBI ने नई व्यवस्था का प्रस्ताव रखा। - फोटो : ICAR
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को कारोबार के लिए समय पर पैसा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने नई व्यवस्था का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत एफपीओ को कमोडिटी डेरिवेटिव एक्सचेंज पर किए गए बिक्री सौदे की रकम का अधिकतम 80 फीसदी हिस्सा अग्रिम भुगतान के रूप में मिल सकेगा।

सेबी ने बुधवार को 'अर्ली पे आउट ऑफ फंड्स फॉर फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशंस' नाम से परामर्श पत्र जारी किया। इसमें प्रस्ताव दिया गया है कि पात्र ट्रेडिंग सदस्य गोदामों में जमा कृषि उपज के बदले एफपीओ को अग्रिम भुगतान कर सकेंगे। यह भुगतान अनुबंध की समाप्ति से अधिकतम 30 दिन पहले तक किया जा सकेगा।

किसानों को भुगतान में देरी से मिलेगी राहत
एफपीओ छोटे और सीमांत किसानों की उपज एकत्र करके उन्हें संगठित बाजारों और एक्सचेंज आधारित कारोबार से जोड़ते हैं। सामान्य बाजार में बिक्री के बाद संगठनों को जल्दी भुगतान मिल जाता है, लेकिन कमोडिटी डेरिवेटिव सौदों में बिक्री की रकम मिलने के लिए इंतजार करना पड़ता है।

सेबी के मुताबिक, इस देरी से एफपीओ के पास नई उपज खरीदने और अपने सदस्य किसानों को समय पर भुगतान करने के लिए पर्याप्त कार्यशील पूंजी नहीं बचती। इससे किसानों का भरोसा और एक्सचेंज आधारित बाजारों में उनकी भागीदारी प्रभावित हो सकती है।

3 करोड़ नेटवर्थ वाले ट्रेडिंग सदस्य ही दे सकेंगे सुविधा
प्रस्ताव के मुताबिक, यह सुविधा केवल उन एफपीओ को मिलेगी, जिन्होंने कृषि जिंस एक्सचेंज पर जमा कर दी है और बिक्री सौदे से जुड़ी शुरुआती भुगतान प्रक्रिया पूरी कर ली है।
कम से कम तीन करोड़ रुपये की नेटवर्थ वाले कॉरपोरेट ट्रेडिंग सदस्य ही यह सुविधा दे सकेंगे। उनके कुल अग्रिम भुगतान की सीमा नेटवर्थ के तीन गुना तक होगी।

ट्रेडिंग सदस्य इसके लिए अपनी पूंजी या अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों और आरबीआई से विनियमित एनबीएफसी से लिया गया कर्ज इस्तेमाल कर सकेंगे। दूसरे ग्राहकों का पैसा इस सुविधा के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

अग्रिम भुगतान के बदले शुल्क लेने की अनुमति भी प्रस्तावित है। हालांकि, शुल्क और अन्य शर्तों की जानकारी एफपीओ को पहले देनी होगी और उनकी सहमति लेना जरूरी होगा। बाकी भुगतान अनुबंध की अवधि पूरी होने पर किया जाएगा।

सेबी ने प्रस्ताव पर 16 दिसंबर 2026 तक आम लोगों से सुझाव मांगे हैं। अंतिम सर्कुलर जारी होने के तीन महीने के भीतर इस व्यवस्था को लागू करने का प्रस्ताव है।
विज्ञापन
विज्ञापन