Home›Khabar Junction›
Maharashtra Approves Free Foodgrains For 42 30 Lakh Farmers Rs 5 548 Crore For Narmada Tapi Project
महाराष्ट्र : 42.30 लाख किसानों को तीन महीने मुफ्त राशन, नर्मदा-तापी परियोजना को 5,548 करोड़
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 25 Nov 2026 08:57 PM IST
सार
महाराष्ट्र कैबिनेट ने 33 जिलों के 42.30 लाख बीपीएल किसानों को तीन महीने तक हर महीने पांच किलो मुफ्त अनाज देने की मंजूरी दी है। नर्मदा-तापी घाटी डायवर्जन परियोजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं।
महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति के बीच राज्य सरकार ने किसानों के लिए खाद्य सहायता और सिंचाई से जुड़ी बड़ी परियोजना को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 33 जिलों के 42,30,783 किसानों को अगले तीन महीने तक मुफ्त खाद्यान्न देने का फैसला किया गया।
यह सुविधा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे (BPL) आने वाले उन किसानों को मिलेगी, जो प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) योजना में शामिल नहीं हैं। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को हर महीने पांच किलो अनाज दिया जाएगा। इसमें तीन किलो चावल और दो किलो गेहूं शामिल है।
26,526 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई का लाभ
कैबिनेट ने नंदुरबार जिले की नर्मदा-तापी घाटी डायवर्जन परियोजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस परियोजना के तहत छह डायवर्जन बैराज बनाए जाने की योजना है। इससे करीब 26,526 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलने और 11.50 मेगावाट बिजली उत्पादन का अनुमान है।
वित्तीय धोखाधड़ी के लिए अलग न्यायाधिकरण
कैबिनेट ने वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मामलों के तेजी से निपटारे के लिए महाराष्ट्र प्रोटेक्शन ऑफ इंटरेस्ट ऑफ डिपॉजिटर्स कानून में संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत अलग न्यायाधिकरण बनाया जाएगा, जिसमें मामलों का निपटारा 90 दिनों के भीतर करने का प्रावधान होगा। धोखाधड़ी करने वाली संस्थाओं की संपत्तियों को जल्द कुर्क करने के लिए भी संशोधन किए जाएंगे।
राजस्व विभाग के मामलों के लिए राजस्व न्यायालय केस मैनेजमेंट सिस्टम और महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता में संशोधन के जरिए 'एक जिला, एक अपील' व्यवस्था लागू करने का फैसला किया गया है।
शिक्षा और कर्मचारियों से जुड़े फैसले
कैबिनेट ने महाराष्ट्र निजी सहायता प्राप्त स्कूल (विनियमन) विधेयक, 2026 के मसौदे को मंजूरी दी। इसका उद्देश्य ऐसे स्कूलों के लिए व्यापक कानूनी ढांचा तैयार करना है। सरकार के मुताबिक, इससे शिक्षा की गुणवत्ता, कर्मचारियों की उपलब्धता और पारदर्शी दाखिला प्रक्रिया सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा शलार्थ प्रणाली के तहत आने वाले शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को आरबीआई में पंजीकृत गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों के जरिए वित्तीय सुविधाएं देने का फैसला किया गया है।
ईबीसी, एसईबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के स्वास्थ्य विज्ञान पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डॉ. पंजाबराव देशमुख छात्रावास रखरखाव भत्ता योजना के तहत भोजन, आवास और रखरखाव भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।
निजी सहायता प्राप्त आयुर्वेद और यूनानी कॉलेजों के पुस्तकालयाध्यक्षों को भी सातवें वेतन आयोग के अनुसार संशोधित वेतनमान मिलेगा। इसके अलावा विश्वविद्यालयों, श्रमिकों, निजी सुरक्षा गार्डों और लोक सेवा अधिकार कानून से जुड़े कई संशोधनों को मंजूरी दी गई है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।