विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Record Paddy Yield In Punjab Procurement Target On The Verge Of Being Surpassed Mann Government Makes This M

पंजाब में धान की रिकॉर्ड पैदावार : खरीद लक्ष्य पार होने की कगार पर, मान सरकार ने केंद्र से की ये बढ़ी मांग...

गांव जंक्शन डेस्क, चंडीगढ़ Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 12 Nov 2026 10:47 AM IST
सार

  • पंजाब में धान की बंपर आवक, 180 लाख मीट्रिक टन के खरीद लक्ष्य के करीब पहुंचा राज्य।
  • 23 में से 20 जिलों में धान की आवक खरीद लक्ष्य के 95 से 104 प्रतिशत तक पहुंची।
  • सात जिलों में तय लक्ष्य से ज्यादा धान की खरीद, सरकार ने 20 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त खरीद की मांगी अनुमति।
  • अब तक मंडियों में 175.9 लाख मीट्रिक टन धान की आवक, 170.14 लाख मीट्रिक टन की हुई खरीद।

पंजाब ने केंद्र से धान खरीद लक्ष्य  में बढ़ोतरी की मांग की है।
पंजाब ने केंद्र से धान खरीद लक्ष्य में बढ़ोतरी की मांग की है। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब में इस बार धान की शानदार पैदावार हुई है। कटाई का सीजन खत्म होने से पहले ही राज्य अपने 180 लाख मीट्रिक टन की खरीद के लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच गया है। ऐसे में प्रदेश सरकार ने मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन के लिए अपना खरीद लक्ष्य 180 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 200 लाख मीट्रिक टन करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री की बैठक और अधिकारियों की चिंता
बुधवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों ने कई जिलों में तय लक्ष्य से ज्यादा धान मंडियों में आने पर अपनी चिंता जाहिर की। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 23 में से 20 जिलों में धान की आवक खरीद लक्ष्य के 95 से 104 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

अधिकारियों को इस बात की आशंका है कि अगर धान की खरीद मंजूर किए गए लक्ष्य से ज्यादा होती है, तो केंद्र सरकार इस पर सवाल उठा सकती है। दरअसल, पिछले साल भी बाढ़ और कम पैदावार के बावजूद पंजाब ने तय लक्ष्य से ज्यादा धान खरीदा था। उस समय यह चिंता जताई गई थी कि पड़ोसी राज्यों का धान पंजाब लाकर यहां के ऊंचे न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बेचा गया था।

सात जिलों में लक्ष्य के पार पहुंची खरीद
राज्य के सात जिलों-  अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला, मोहाली और पटियाला में धान की खरीद पहले ही तय लक्ष्य से कुछ लाख टन ज्यादा हो चुकी है। लेकिन, अब इन जिलों में धान की आवक धीमी पड़ गई है। बुधवार को तरनतारन, होशियारपुर और कपूरथला की मंडियों में बिल्कुल भी धान नहीं आया, जबकि अमृतसर में मात्र 15 मीट्रिक टन धान ही पहुंचा।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, अब तक पंजाब की मंडियों में कुल 175.9 लाख मीट्रिक टन धान आ चुका है, जिसमें से 170.14 लाख मीट्रिक टन की खरीद भी हो चुकी है। 180 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने के लिए 48,000 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा मंजूर की गई थी। इसमें से लगभग 37,000 करोड़ रुपये किसानों को उनके खातों में भेजे जा चुके हैं।

मालवा में कटाई बाकी, पैदावार बढ़ने से मंडियों में आ रहा ज्यादा धान
वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि बरनाला, बठिंडा और मानसा जिलों में लगभग 25 प्रतिशत धान की कटाई अभी बाकी है। इन जिलों में बुधवार को भी भारी मात्रा में धान मंडियों में पहुंचा। बठिंडा में 60,799 मीट्रिक टन, मानसा में 52,456 मीट्रिक टन और बरनाला में 35,732 मीट्रिक टन धान की आवक हुई। सबसे ज्यादा धान मोगा (65,386 मीट्रिक टन) और लुधियाना (62,955 मीट्रिक टन) की मंडियों में दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि मंडियों में धान ज्यादा आने के मुख्य रूप से दो कारण हैं। पहला, कई जिलों में प्रति एकड़ पैदावार में 7 से 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। दूसरा, किसानों ने कपास और बासमती की खेती छोड़कर गैर-बासमती (परमल) धान की खेती की तरफ रुख किया है, जिससे खरीद का बोझ और बढ़ गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, धान की आवक लगातार जारी है, इसलिए सरकार केंद्र से 20 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त धान खरीदने की अनुमति मांग रही है।


विज्ञापन
विज्ञापन