विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Rajasthan Promoting Organic Farming On Social Media Now Winning Election And Becoming A Zila Parishad Member

राजस्थान : सोशल मीडिया पर जैविक खेती का प्रचार, अब चुनाव जीतकर बनीं जिला परिषद सदस्य

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 22 Nov 2026 11:47 AM IST
सार

राजस्थान की जैविक खेती इन्फ्लुएंसर अनीता सिंह ने झुंझुनूं जिला परिषद चुनाव में जीत दर्ज की। कांग्रेस के टिकट पर वार्ड 32 से 7,969 वोट पाकर अब किसानों के मुद्दे उठाएंगी।

जैविक खेती
जैविक खेती - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सोशल मीडिया पर लाखों लोगों तक जैविक खेती की जानकारी पहुंचाने वाली राजस्थान की अनीता सिंह अब जनप्रतिनिधि बन गई हैं। झुंझुनूं जिले की बुहाना पंचायत समिति के काकड़ा गांव की रहने वाली अनीता ने जिला परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 32 से जीत दर्ज की है। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली अनीता को 7,969 वोट मिले। उनकी जीत इसलिए खास है, क्योंकि वे सोशल मीडिया पर खेती-किसानी से जुड़े वीडियो और जानकारी साझा करने के साथ किसानों के बीच भी सक्रिय रही हैं।

अनीता सिंह ने बीएससी एग्रीकल्चर यानी कृषि विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई की है। उन्होंने अपनी पढ़ाई का इस्तेमाल किसानों को खेती की नई और बेहतर तकनीकों की जानकारी देने के लिए किया। सोशल मीडिया पर वे ‘इंडिया ऑर्गेनिक’ नाम से सक्रिय हैं। उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। वे अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, फसलों की देखभाल और खेती में होने वाले नए प्रयोगों के बारे में बताती हैं। उनका प्रयास है कि किसान खेती के पारंपरिक अनुभवों के साथ नई तकनीकों को भी अपनाएं। साथ ही रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता कम करें, ताकि खेती की लागत घटाई जा सके।

पांच राज्यों में किसानों के बीच पहुंचकर किया जागरूक
अनीता ने जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया के साथ-साथ गांवों और खेतों तक पहुंच बनाई। वे राजस्थान के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश में भी किसानों से मिल चुकी हैं। इन राज्यों में उन्होंने हजारों किसानों को जैविक खेती के तरीके समझाए और उन्हें कम लागत वाली खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।

अनीता किसानों को बताती हैं कि खेती में रासायनिक खाद और कीटनाशकों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल किए बिना भी बेहतर तरीके अपनाए जा सकते हैं। इसके लिए वे खुद खेती में जैविक तरीकों से प्रयोग करती हैं और अपने अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करती हैं।

उनके वीडियो में मनोरंजन या ग्लैमर के बजाय खेती-किसानी से जुड़े विषयों पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। डिजिटल माध्यम के जरिए वे उन किसानों तक भी खेती की नई जानकारी पहुंचाने की कोशिश करती हैं, जिनके लिए कृषि विशेषज्ञों तक पहुंचना आसान नहीं है।

अब राजनीति के जरिए उठाएंगी किसानों के मुद्दे
अनीता का मानना है कि समाज में बदलाव लाने के लिए राजनीति भी एक प्रभावी माध्यम हो सकती है। विधायक श्रवण कुमार और उनके पति एडवोकेट दीपेंद्र सिंह से प्रेरित होकर उन्होंने पंचायतीराज चुनाव लड़ने का फैसला किया। कांग्रेस ने उन्हें जिला परिषद के वार्ड नंबर 32 से उम्मीदवार बनाया। चुनाव में 7,969 वोट हासिल कर उन्होंने जीत दर्ज की।

अब तक अनीता सोशल मीडिया और किसानों से सीधे संवाद के जरिए खेती से जुड़ी समस्याओं पर काम कर रही थीं। जिला परिषद सदस्य बनने के बाद उनके सामने ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं को उठाने की नई जिम्मेदारी होगी।

अनीता का कहना है कि उनका जोर किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक करने, खेती की लागत कम करने और उनकी आमदनी बढ़ाने के अवसर तैयार करने पर रहेगा। इसके साथ ही वे रासायनिक पदार्थों का इस्तेमाल कम करने और लोगों तक सुरक्षित खाद्यान्न पहुंचाने की दिशा में भी काम करना चाहती हैं।

सोशल मीडिया की लोकप्रियता को वोट में बदलने में रहीं सफल
इस बार पंचायतीराज चुनाव में सोशल मीडिया पर लोकप्रिय कई चेहरों को मतदाताओं का उम्मीद के मुताबिक समर्थन नहीं मिला। ऐसे में अनीता सिंह की जीत चर्चा का विषय बन गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पहचान जरूर बनाई, लेकिन उनकी सक्रियता केवल ऑनलाइन दुनिया तक सीमित नहीं रही।

कृषि की पढ़ाई, किसानों के बीच काम और जैविक खेती को बढ़ावा देने की मुहिम ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। अब वे सोशल मीडिया के जरिए किसानों को जागरूक करने के साथ जिला परिषद के मंच से ग्रामीण समस्याओं और किसानों की जरूरतों को उठाने की तैयारी में हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन