Home›Khabar Junction›
Poultry Industry Seeks Stock Limits On Maize And Soybean Warns Of Rs 50 Kg Chicken Price Rise
मक्का-सोयाबीन की कीमतों से पोल्ट्री उद्योग संकट में, चिकन 50 रुपये किलो तक महंगा होने की आशंका
गांव जंक्शन डेस्क, बेंगलुरु
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 25 Nov 2026 09:22 PM IST
सार
पोल्ट्री उद्योग ने मक्का और सोयाबीन की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए सरकार से स्टॉक लिमिट लगाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि लागत बढ़ने से चिकन 40-50 रुपये प्रति किलो और अंडे 3-4 रुपये प्रति नग तक महंगे हो सकते हैं।
देश का पोल्ट्री उद्योग पिछले पांच दशकों के सबसे बड़े संकटों में से एक का सामना कर रहा है। मक्का और सोयाबीन की बढ़ती कीमतों से पशु आहार यानी पोल्ट्री फीड महंगा हो गया है। इससे मुर्गी पालन करने वाले किसानों की लागत बढ़ रही है और कई फार्म बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।
ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन (AIPBA) ने बुधवार को केंद्र सरकार से मक्का और सोयाबीन पर स्टॉक लिमिट लगाने की मांग की। संगठन ने पोल्ट्री उद्योग को रियायती दरों पर करीब 30 लाख टन मक्का उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
एक टन फीड 15 हजार रुपये महंगा
एसोसिएशन के अध्यक्ष बहादुर अली के मुताबिक, पोल्ट्री फीड की कीमतों में करीब 15,000 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी हुई है। इससे मुर्गी पालन का कारोबार चलाना मुश्किल हो रहा है।
संगठन का दावा है कि उत्पादन पर्याप्त होने के बावजूद बाजार में कृत्रिम कमी और जमाखोरी के कारण कीमतों पर दबाव है। पोल्ट्री फीड बनाने वाली इकाइयों में उत्पादन और मांग दोनों में 15-20 फीसदी की गिरावट आई है। उद्योग के अनुमान के मुताबिक, 20-25 फीसदी पोल्ट्री फार्म बंद हो चुके हैं या बंद होने की स्थिति में हैं।
चिकन और अंडे के दाम बढ़ने की आशंका
एसोसिएशन के अनुसार, किसानों को चिकन की बिक्री पर 40-50 रुपये प्रति किलो तक का नुकसान हो रहा है, क्योंकि बिक्री मूल्य में बढ़ोतरी फीड की लागत के अनुरूप नहीं हुई है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर मक्का और सोयाबीन की कीमतें नहीं घटीं तो चिकन 40-50 रुपये प्रति किलो और अंडे 3-4 रुपये प्रति नग तक महंगे हो सकते हैं। एसोसिएशन को जनवरी तक मक्का और सोयाबीन की कीमतों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल स्थिति अनिश्चित बनी हुई है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।