ओडिशा के रायगढ़ा जिले में किसान अभी चक्रवाती तूफान अर्नब से हुए नुकसान से उबर भी नहीं पाए हैं कि धान की फसल पर भूरे फुदके (ब्राउन प्लांट हॉपर) यानी चकड़ा कीट का हमला हो गया है। मुनीगुड़ा ब्लॉक में इस कीट के प्रकोप से खेतों में खड़ी धान की फसल सूखने लगी है। इससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका सता रही है।
कीट के हमले से कई एकड़ में धान की फसल प्रभावित हुई है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मुनीगुड़ा ब्लॉक का भैरबगढ़ गांव सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है। गांव के किसान अरखिता गौड़ा ने बताया कि उनकी करीब चार एकड़ में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। कीट पर नियंत्रण के लिए वह चार बार कीटनाशक का छिड़काव कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रकोप कम नहीं हुआ। खेतों में धान के पौधे लगातार सूख रहे हैं।
फसल बर्बाद होने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उन्हें कर्ज चुकाने और परिवार का खर्च चलाने की भी चिंता सता रही है। किसानों ने कृषि विभाग से प्रभावित खेतों का जल्द सर्वे कराने, फसल नुकसान का आकलन करने और कीट नियंत्रण के लिए तकनीकी सलाह देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने सरकार से उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, चालू खरीफ सीजन में मुनीगुड़ा कृषि जिले के तहत कुल 12,910 हेक्टेयर में धान की खेती की गई है। इसमें मुनीगुड़ा ब्लॉक में 4,375 हेक्टेयर, बिस्समकटक ब्लॉक में 6,755 हेक्टेयर और चंद्रपुर ब्लॉक में 1,780 हेक्टेयर में धान की फसल लगी है। फिलहाल चकड़ा कीट का प्रकोप मुनीगुड़ा ब्लॉक में सामने आया है। मुनीगुड़ा कृषि जिला अधिकारी प्रकाश चंद्र बेहरा ने कहा कि प्रभावित किसानों को सरकारी नियमों के अनुसार जरूरी सहायता दी जाएगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।