पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए खुशखबरी है। प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के बनासकांठा से PM किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। इस कदम के तहत 9.34 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये पहुंचेंगे।
गुजरात के किसानों को 1,051 करोड़ से अधिक की सहायता
गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वाघानी ने भीलड़ी में पीएम किसान उत्सव दिवस की तैयारियों की समीक्षा करने के बाद बताया कि प्रधानमंत्री 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि पीएम किसान की 24वीं किस्त से गुजरात के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को 1,051 करोड़ रुपये से ज्यादा की वित्तीय सहायता मिलेगी।
किसानों के खातों में पहुंचे 4.47 लाख करोड़ रुपये
पीएम-किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल तीन समान किस्तों में कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। कृषि मंत्री के अनुसार, इससे पहले दी गई 23 किस्तों के माध्यम से देश भर के किसानों को 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। इसमें से गुजरात के लाभार्थी किसानों को 24,137 करोड़ रुपये से अधिक की मदद मिली है।
बायोगैस कारखानों का होगा शिलान्यास
भीलड़ी के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री बनास डेयरी द्वारा थराद और राधनपुर में स्थापित किए जा रहे दो कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) संयंत्रों का शिलान्यास भी करेंगे। थराद संयंत्र में प्रतिदिन 75 टन और राधनपुर संयंत्र में प्रतिदिन 100 टन गोबर का प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) किया जाएगा। इन दो नए संयंत्रों के जुड़ने से 'बनास मॉडल' के तहत बायो-सीएनजी संयंत्रों की कुल संख्या छह हो जाएगी, जिनकी कुल गोबर प्रसंस्करण क्षमता 515 टन प्रतिदिन होगी।
वर्तमान में बनासकांठा डेयरी रोजाना लगभग 6,100 किलो बायो-सीएनजी की सप्लाई कर रही है। अनुमान के अनुसार, ये छह संयंत्र मिलकर हर साल 33,400 से 34,600 टन कार्बन उत्सर्जन को रोकने में मदद करेंगे।
अनुसंधान केंद्र और डेयरी परियोजनाओं का उद्घाटन
मंत्री जीतू वाघानी ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 328.77 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 'भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' (बीबीबीआरसी) का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री बनास डेयरी के नए आलू प्रसंस्करण विस्तार प्रोजेक्ट और अल्ट्रा-हाई-टेंपरेचर सुविधा के स्वचालित भंडारण और पुनर्प्राप्ति प्रणाली का भी लोकार्पण करेंगे।
पूरे राज्य में होगा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
इस अवसर पर पूरे गुजरात में 34 जिला-स्तरीय और 2,100 से अधिक क्लस्टर-स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इन कार्यक्रमों में कृषि और बागवानी विभागों की विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी किसानों को बांटे जाएंगे। मंत्री ने भीलड़ी में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर और गांधीनगर से वर्चुअल माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की है।
बनासकांठा के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को नर्मदा जिले के एकता नगर जाएंगे। वहां वे सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित 'राष्ट्रीय एकता दिवस' समारोह में हिस्सा लेंगे।