विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Pesticide Residue In Everest Cumin Powder Dirt And Flies In Bakery Fssai Takes Major Action

एवरेस्ट जीरा पाउडर में कीटनाशक अवशेष : बेकरी में गंदगी-मक्खियां... FSSAI ने लिया बड़ा एक्शन

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 04 Oct 2026 06:33 PM IST
सार

  • एवरेस्ट जीरा पाउडर की बैच E080668761 में दो कीटनाशकों के अवशेष तय सीमा से ज्यादा पाए गए।
  • दोनों लैब जांच में सैंपल ‘अनसेफ’ निकला; संबंधित बैच बाजार से वापस लेने का आदेश।
  • क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया।
  • बेकरी में गंदगी, मक्खियां, जंग लगे कंटेनर और पेस्ट कंट्रोल की कमी मिली।

एवरेस्ट जीरा पाउडर की एक बैच वापस होगी
एवरेस्ट जीरा पाउडर की एक बैच वापस होगी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर दो कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की एक बैच को बाजार से वापस लेने का आदेश दिया गया है।

FSSAI की जांच में क्रिएटिव बेकर्स की इकाई में गंभीर साफ-सफाई और हाइजीन संबंधी कमियां मिलीं। वहीं, एवरेस्ट के जीरा पाउडर के एक सैंपल में कीटनाशक अवशेष तय सीमा से ज्यादा पाए गए। जांच के बाद इसे खाने के लिए असुरक्षित (Unsafe) घोषित किया गया।

एवरेस्ट जीरा पाउडर की एक बैच वापस होगी
FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की एक बैच को भी बाजार से वापस लेने का आदेश दिया है। संबंधित उत्पाद का बैच नंबर E080668761 है। इस जीरा पाउडर का सैंपल गोवा के रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलिडे होम्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से लिया गया था। जांच में जीरा पाउडर में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम नाम के कीटनाशकों के अवशेष तय सीमा से ज्यादा पाए गए। इसके बाद सैंपल को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।

दोबारा जांच में भी सैंपल फेल
पहली जांच रिपोर्ट के बाद कंपनी को इसके खिलाफ अपील करने का मौका दिया गया। इसके बाद जीरा पाउडर के सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। दोबारा हुई जांच में भी एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम के अवशेष तय सीमा से ज्यादा पाए गए। रेफरल लैब ने भी सैंपल को अनसेफ घोषित किया।

FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स को संबंधित पूरी बैच को बाजार से तत्काल वापस लेने, वापस लिए गए उत्पाद का पूरा रिकॉर्ड रखने और तय समय में इसकी जानकारी व स्टेटस रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। साथ ही, भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया है।

बेकरी में गंदगी और मक्खियां मिलीं
FSSAI की जांच के दौरान क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स की बेकरी में फूड प्रोडक्शन और हैंडलिंग एरिया में गंदगी पाई गई। वहां ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मौजूद थीं। जांच में यह भी पाया गया कि जल्दी खराब होने वाले कच्चे खाद्य पदार्थों को खुले में रखा गया था। कच्चे और आधे तैयार खाद्य पदार्थों के लिए जंग लगे और ठीक से साफ नहीं किए गए कंटेनर इस्तेमाल किए जा रहे थे।

परिसर में कीड़ों की समस्या भी मिली और पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। मक्खियों और चूहों को रोकने के लिए भी जरूरी इंतजाम नहीं पाए गए। खिड़कियों और अन्य खुले हिस्सों पर कीड़ों को रोकने वाली जालियां भी नहीं लगी थीं।

कचरा और खराब सामान भी मिला
जांच के दौरान फूड हैंडलिंग एरिया में कचरा, पुराना स्टॉक, रिजेक्ट किया गया सामान और स्क्रैप मिला। कुछ मशीनों पर जंग लगी थी। दीवारों का पेंट उखड़ा हुआ था और कई जगह सीलन मिली। कुछ फर्श की टाइलें भी टूटी हुई थीं। FSSAI के अनुसार, खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई जरूरी रिकॉर्ड और प्रक्रियाएं भी ठीक से नहीं रखी गई थीं। इनमें पानी और तैयार खाद्य पदार्थों की जांच, समय और तापमान की निगरानी, मशीनों की जांच व रखरखाव, मॉक रिकॉल, ग्राहक शिकायतों, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और ऑडिट रिकॉर्ड शामिल हैं।

बेकरी का लाइसेंस तत्काल सस्पेंड
इन गंभीर कमियों को देखते हुए FSSAI ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल सस्पेंड कर दिया है। कंपनी को लाइसेंस सस्पेंड रहने के दौरान सभी खाद्य कारोबार गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

 
विज्ञापन
विज्ञापन