विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Telangana Sharecroppers Excluded From Crop Loss Survey Demand Compensation Of Rs 10 000 Per Acre

तेलंगाना : फसल बर्बादी के सर्वे से बाहर बटाईदार किसान, 10 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 26 Nov 2026 07:50 PM IST
सार

  • तेलंगाना में बटाईदार किसानों को फसल नुकसान सर्वे में शामिल करने की मांग।

  • सरकार ने प्रभावित किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़ सहायता देने का वादा किया।

  • कमेटी का दावा: दो महीने में 68 किसानों ने आत्महत्या की, इनमें 51 बटाईदार थे।

  • अल नीनो के कारण 365 मंडलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तेलंगाना में बटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी फसल नुकसान के सर्वे में शामिल करने की मांग उठी है। तेलंगाना टेनेंट फार्मर्स रिकग्निशन स्ट्रगल कमेटी ने राज्य सरकार से मांग की है कि अल नीनो के कारण खरीफ फसलों को हुए नुकसान का आकलन करते समय बटाईदार किसानों को भी शामिल किया जाए। कमेटी का कहना है कि बटाईदार किसानों को फसल खराब होने के साथ-साथ जमीन का किराया चुकाने के कारण दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ रही है।

कमेटी ने बताया कि राज्य सरकार ने फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़ आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। ऐसे में बटाईदार किसानों को इस मदद से बाहर रखना उनके साथ अन्याय होगा।

तीन महीने बाद भी नहीं हुई बटाईदार किसानों की पहचान पर बैठक
कमेटी के नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2011 के लाइसेंस्ड कल्टीवेटर्स एक्ट को लागू कर बटाईदार किसानों को पहचान देने का वादा किया था। इसके लिए बनी कैबिनेट उपसमिति का गठन हुए तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक इसकी पहली बैठक भी नहीं हुई है। कमेटी ने सरकार से मांग की है कि बटाईदार किसानों की पहचान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए।

दो महीने में 68 किसानों ने की आत्महत्या, 51 बटाईदार
कमेटी ने बटाईदार किसानों की आर्थिक स्थिति पर किए गए एक अध्ययन की रिपोर्ट जारी की। इसमें दावा किया गया कि पिछले दो महीनों में आर्थिक परेशानी के कारण 68 किसानों ने आत्महत्या की है। इनमें 51 बटाईदार किसान थे। कमेटी के मुताबिक, एल नीनो के कारण राज्य के कई हिस्सों में सूखे जैसे हालात बने। इसके बाद सरकार ने 365 मंडलों को सूखाग्रस्त घोषित किया। राज्य में कपास, अरहर और सोयाबीन जैसी फसलों की पैदावार सामान्य उत्पादन के मुकाबले 50 फीसदी से भी कम रह गई।

10 गांवों में सर्वे के दौरान मिलीं कई खामियां
कमेटी ने बताया कि रायतु स्वराज्य वेदिका (Rythu Swarajya Vedika) की एक टीम ने आदिलाबाद और विकाराबाद जिलों के 10 गांवों में फसल नुकसान सर्वे का जायजा लिया। इस दौरान सर्वे में कई कमियां सामने आईं।

टीम के मुताबिक, कुछ फसलों को सर्वे से बाहर रखा जा रहा है। इसके अलावा जिन बटाईदार किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उनके नुकसान का भी सही तरीके से आकलन नहीं किया जा रहा है। इस अध्ययन के दौरान कुल 145 किसानों से बातचीत की गई। इनमें 89 बटाईदार किसान शामिल थे।

जमीन का किराया देने के बाद फसल खराब होने से बढ़ी परेशानी
कमेटी का कहना है कि बटाईदार किसान खेती शुरू करने से पहले ही जमीन का भारी किराया देते हैं। इसके बाद अगर सूखे या खराब मौसम के कारण फसल बर्बाद हो जाती है, तो उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कमेटी ने कहा कि उसने कई बार मंत्रियों और अधिकारियों के सामने बटाईदार किसानों की समस्याएं रखीं, लेकिन अभी तक फसल नुकसान के सर्वे में उन्हें शामिल करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।

सरकार से सर्वे में बटाईदारों का नाम जोड़ने की मांग
कमेटी ने राज्य सरकार से मांग की है कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं, ताकि एल नीनो से प्रभावित बटाईदार किसानों के नुकसान का भी रिकॉर्ड तैयार किया जा सके। इसके अलावा जिन इलाकों में फसल नुकसान का सर्वे पूरा हो चुका है, वहां भी बटाईदार किसानों का नाम और जानकारी जोड़ने का विकल्प दिया जाए। कमेटी का कहना है कि बटाईदार किसानों को सर्वे में शामिल किए बिना उन्हें फसल नुकसान के बदले मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ नहीं मिल पाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन