विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Big Initiative For Shg Women Target Of 10 Lakh Crore Additional Loan In 5 Years Path To Loan Will Be Easy

SHG महिलाओं के लिए बड़ी पहल : 5 साल में 10 लाख करोड़ अतिरिक्त कर्ज का लक्ष्य, आसान होगी लोन की राह...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 26 Nov 2026 07:51 PM IST
सार

  • स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उद्यमी बनाने के लिए सरकार की नई पहल।
  • DAY-NRLM की ब्याज सहायता योजना और महिला उद्यम कोष का काम संभालेगा नाबार्ड।
  • अगले पांच साल में स्वयं सहायता समूहों को 10 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज देने का लक्ष्य।
  • व्यक्तिगत महिला उद्यमियों के लिए एक लाख करोड़ रुपये का कर्ज उपलब्ध कराने की योजना

ग्रामीण महिलाओं तक कर्ज आसानी से पहुंचाने के लिए नाबार्ड और ग्रामीण विकास विभाग ने मिलाए हाथ।
ग्रामीण महिलाओं तक कर्ज आसानी से पहुंचाने के लिए नाबार्ड और ग्रामीण विकास विभाग ने मिलाए हाथ। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ग्रामीण इलाकों में महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को कर्ज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए ग्रामीण विकास विभाग और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक ने समझौता पक्का किया है। सरकार का लक्ष्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को केवल आजीविका तक सीमित न रखकर उद्यमी और रोजगार देने वाले व्यवसायों के रूप में विकसित करना है।

इस समझौते के तहत नाबार्ड को दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) की ब्याज सहायता योजना और महिला उद्यम त्वरण कोष (WEAF) के लिए एकमात्र नोडल एजेंसी बनाया गया है। समझौते के बाद ब्याज सहायता पोर्टल भी शुरू किया गया।

ब्याज सहायता और महिला उद्यम कोष का काम संभालेगा नाबार्ड
ग्रामीण विकास विभाग के अतिरिक्त सचिव विपिन कुमार और नाबार्ड के उप प्रबंध निदेशक अजय कुमार सूद ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान ग्रामीण विकास सचिव रोहित कंसल और नाबार्ड के अध्यक्ष शाजी कृष्णन भी मौजूद रहे।

समझौते के मुताबिक, नाबार्ड दोनों योजनाओं के संचालन में तकनीकी, प्रबंधकीय और कार्यान्वयन से जुड़ी सहायता देगा। इसके साथ ही वह सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, निजी बैंकों, लघु वित्त बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों और सहकारी बैंकों के साथ समन्वय करेगा। सरकार के अनुसार, इस व्यवस्था से बैंकों के लिए दावों की प्रक्रिया और उनके निपटारे को आसान बनाने में मदद मिलेगी। इसके लिए सभी भाग लेने वाले बैंकों को समान नियमों और हिसाब मिलान की प्रक्रिया का पालन करना होगा।

पांच साल में स्वयं सहायता समूहों को 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज देने का लक्ष्य
ग्रामीण विकास सचिव रोहित कंसल ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के लिए अब तक 14 लाख करोड़ रुपये से अधिक का औपचारिक कर्ज जुटाया जा चुका है। उनके अनुसार, इससे ग्रामीण महिलाओं को अनौपचारिक कर्ज स्रोतों पर निर्भरता कम करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में ग्रामीण विकास विभाग का लक्ष्य स्वयं सहायता समूहों के लिए अतिरिक्त 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज उपलब्ध कराना है। इसके अलावा व्यक्तिगत महिला उद्यमियों के लिए एक लाख करोड़ रुपये का कर्ज उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

कंसल के मुताबिक, ब्याज सहायता से कर्ज सस्ता होगा, गारंटी शुल्क की प्रतिपूर्ति से बिना गारंटी वाले कर्ज की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित बनेगी और नए पोर्टल से दावों के निपटारे में तेजी आएगी।

बैंकों और महिला समूहों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
रोहित कंसल ने महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के लिए उनकी जरूरत के मुताबिक कर्ज उत्पाद तैयार करने की जरूरत बताई। उन्होंने महिला उद्यमों को सहयोग देने वाली व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

नाबार्ड के अध्यक्ष शाजी कृष्णन ने कहा कि इस साझेदारी में नाबार्ड की संस्थागत क्षमता और DAY-NRLM के सामुदायिक नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आजीविका चलाने से आगे बढ़ाकर मजबूत उद्यम स्थापित करने में मदद करना है। वहीं, ग्रामीण विकास विभाग के अतिरिक्त सचिव विपिन कुमार ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों ने वित्तीय अनुशासन और कर्ज चुकाने की क्षमता के जरिए औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था में अपनी विश्वसनीयता स्थापित की है। उन्होंने कहा कि अब सवाल यह नहीं है कि बैंकों को ग्रामीण महिलाओं को कर्ज देना चाहिए या नहीं, बल्कि यह है कि उन्हें कितनी जल्दी, कितनी कम लागत पर और कितनी बड़ी मात्रा में कर्ज मिल सकता है।

नए पोर्टल से कर्ज और दावों की जानकारी मिलेगी
ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार, ब्याज सहायता पोर्टल से बैंकों के शामिल होने के साथ दावों की समय पर प्रक्रिया और निपटारा करने में मदद मिलेगी। इस पोर्टल के जरिए ग्रामीण महिलाओं को दिए जाने वाले कर्ज का वास्तविक समय का आंकड़ा भी उपलब्ध होगा। इससे सरकार को योजनाओं के लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने और DAY-NRLM के तहत नीतियां तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


विज्ञापन
विज्ञापन