विज्ञापन
Home› Khabar Junction› New Tea Auction System Has Become Problem For Traders With Small Buyers In Kochi Struggling

Tea auction: चाय की नीलामी का नया सिस्टम बना कारोबारियों की मुसीबत, कोच्चि में छोटे खरीदारों का काम ठप

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 30 Oct 2026 06:56 PM IST
सार

कोच्चि में चाय की ऑनलाइन नीलामी के नए ट्रेडफोर्ज प्लेटफॉर्म में तकनीकी खराबी से छोटे खरीदारों और निर्यातकों का कारोबार प्रभावित हुआ। चाय खरीदार संघ ने चाय बोर्ड से हस्तक्षेप की मांग की।

चाय पत्ती
चाय पत्ती - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोच्चि में चाय की नीलामी के लिए शुरू किए गए नए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म 'ट्रेडफोर्ज' (TradeForge) में तकनीकी दिक्कतों के कारण खरीदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चाय खरीदार संघ ने नीलामी और खरीदी गई चाय की डिलीवरी में आ रही समस्याओं को लेकर चिंता जताई है। संघ ने चाय बोर्ड से जल्द हस्तक्षेप कर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

संघ के सूत्रों के मुताबिक, नीलामी संख्या 44 में खरीदारों को चाय आवंटित होने और भुगतान की व्यवस्था पूरी होने के बावजूद कई लोगों के डिलीवरी ऑर्डर जारी नहीं हुए। इससे खरीदी गई चाय को समय पर गोदाम से उठाने और बाजार तक पहुंचाने में देरी हो रही है।

छोटे खरीदारों का कारोबार प्रभावित
नए प्लेटफॉर्म से कोच्चि के उन छोटे खरीदारों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, जो कम मात्रा में चाय खरीदते हैं। उनकी पुरानी व्यवस्था के तहत खरीदार नीलामी में चाय खरीदकर उसी दिन उसकी डिलीवरी ले लेते थे और स्थानीय बाजार में बेच देते थे। इससे उन्हें अगले सप्ताह तक भुगतान मिल जाता था और कारोबार नियमित रूप से चलता रहता था। लेकिन नए ऑनलाइन सिस्टम में आ रही दिक्कतों से यह व्यवस्था लगभग ठप हो गई है। इससे छोटे खरीदारों के साथ निर्यातकों के कामकाज और कमाई पर भी असर पड़ रहा है।

चाय बोर्ड से हस्तक्षेप की मांग
चाय खरीदार संघ ने चाय बोर्ड से तकनीकी और परिचालन संबंधी समस्याओं को जल्द दूर करने की मांग की है। संघ का कहना है कि नए प्लेटफॉर्म पर नीलामी, भुगतान और डिलीवरी की प्रक्रिया आसान और भरोसेमंद होनी चाहिए, ताकि खरीदार बिना रुकावट कारोबार कर सकें।

नीलामी में चाय की बिक्री भी कमजोर
इस बीच, नीलामी संख्या 44 में चाय की खरीदारी भी कमजोर रही। डस्ट चाय की कुल पेशकश 4,38,007 किलोग्राम थी, जिसमें से केवल 52 फीसदी की बिक्री हुई। वहीं, लीफ चाय की 3,30,766 किलोग्राम पेशकश में से 87 फीसदी बिक सकी। कम खरीदारी के कारण दोनों किस्मों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन