Home›Khabar Junction›
Msc And Phd Courses In Natural Farming Will Begin Icar Will Prepare The Curriculum Governor
Natural Farming: प्राकृतिक खेती में एमएससी और पीएचडी की पढ़ाई होगी शुरू, ICAR तैयार करेगा पाठ्यक्रम- राज्यपाल
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 29 Nov 2026 01:59 PM IST
सार
देश के कृषि विश्वविद्यालयों में प्राकृतिक खेती में एमएससी और पीएचडी की पढ़ाई शुरू होगी। ICAR 23 दिसंबर तक पाठ्यक्रम तैयार करेगा। अगले शैक्षणिक सत्र से कोर्स शुरू करने की योजना है।
देश के कृषि विश्वविद्यालयों में अब प्राकृतिक खेती में एमएससी और पीएचडी की पढ़ाई शुरू होगी। केंद्र सरकार ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) को इन दोनों पाठ्यक्रमों का सिलेबस तैयार करने के निर्देश दिए हैं। 23 दिसंबर तक पाठ्यक्रम तैयार होने की उम्मीद है। अगले शैक्षणिक सत्र से इनकी पढ़ाई शुरू करने की योजना है।
गुजरात के राज्यपाल और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने शनिवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को उच्च शिक्षा और शोध से जोड़ना समय की जरूरत है। अभी इस विषय में बीएससी स्तर तक पढ़ाई की व्यवस्था है। एमएससी और पीएचडी शुरू होने से विद्यार्थियों, कृषि वैज्ञानिकों और शोधार्थियों को प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों और वैज्ञानिक तरीकों को समझने का मौका मिलेगा।
जैविक और प्राकृतिक खेती को एक न समझें
आचार्य देवव्रत ने कहा कि यह चिंता की बात है कि कई कृषि वैज्ञानिक भी जैविक खेती और प्राकृतिक खेती के बीच अंतर नहीं समझ पा रहे हैं। पिछले 30 से 40 वर्षों से जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, लेकिन प्राकृतिक खेती इससे अलग पद्धति है। इसलिए दोनों को एक समान नहीं मानना चाहिए।
उन्होंने बताया कि गुजरात में करीब नौ लाख और हिमाचल प्रदेश में ढाई लाख किसान प्राकृतिक खेती अपना रहे हैं। गुजरात में प्राकृतिक खेती के कारण यूरिया और डीएपी की खपत में करीब 33.5 हजार टन की कमी आई है। गुजरात के डांग जिले को प्राकृतिक खेती वाला जिला घोषित किया गया है।
उन्होंने खानपान में कीटनाशकों के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताई। उनका कहना था कि रासायनिक खेती से मिट्टी, पानी, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर इन नुकसानों को कम किया जा सकता है।
जयराम सरकार ने शुरू किया अभियान, सुक्खू सरकार भी बढ़ा रही आगे
आचार्य देवव्रत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल रहते हुए उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया था। उस समय पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस काम में सहयोग दिया और बजट भी उपलब्ध कराया।
उन्होंने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार भी इस अभियान को आगे बढ़ा रही है। यह अच्छी बात है कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर काम किया जा रहा है। उन्होंने नौणी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति राजेश्वर सिंह चंदेल के प्रयासों की भी सराहना की।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।