विज्ञापन
Home› Khabar Junction› National Milk Day Special Milk Prices Rise Even During The Flush Season Fat Content Missing From Market Su

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस विशेष : फ्लश सीजन में भी बढ़े दूध के दाम, बाजार से फैट नदारद, चारे-सूखे ने बिगाड़ा गणित

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 26 Nov 2026 08:26 AM IST
सार

  • अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दाम बढ़ाए।
  • फ्लश सीजन में भी सामान्य से 15 दिन से एक महीने पीछे चल रही दूध की आवक।
  • मक्के की कीमत एमएसपी से ऊपर पहुंची।
  • पशु आहार और चारे की महंगाई से बढ़ी पशुपालकों की उत्पादन लागत।
  • दूध के बढ़े खरीद भाव के बावजूद किसानों की बचत में नहीं हुआ इजाफा।

उत्पादन बढ़ने के सीजन में क्यो बढ़ी दूध की कीमत?
उत्पादन बढ़ने के सीजन में क्यो बढ़ी दूध की कीमत? - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

26 नवंबर को देशभर में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया जा रहा है। श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती पर भारत दुनिया के सबसे बड़े दुग्ध उत्पादक देश के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है। देश के कुल वैश्विक दुग्ध उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत हिस्सेदारी है और सालाना उत्पादन 256 मिलियन टन से अधिक पहुंच चुका है। लेकिन इस उपलब्धि के बीच डेयरी क्षेत्र वर्तमान में कई चुनौतियों का सामना कर रहा है।

रेटिंग एजेंसी केयरएज की रिपोर्ट के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में अमूल और मदर डेयरी जैसी प्रमुख कंपनियों ने दूध की खुदरा कीमतों में कुल 4 से 8 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। आमतौर पर अक्टूबर से फरवरी तक डेयरी क्षेत्र में फ्लश सीजन रहता है। इस दौरान दूध की आवक बढ़ने से खरीद कीमतों पर दबाव कम होता है। लेकिन इस बार फ्लश सीजन सामान्य से 15 दिन से एक महीने तक पीछे चल रहा है। डेयरी विशेषज्ञों के मुताबिक, दूध की सीमित उपलब्धता और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी के चलते कंपनियों को कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं।

फ्लश सीजन में भी नहीं बढ़ी दूध की आवक
डेयरी क्षेत्र में अक्टूबर से फरवरी के बीच फ्लश सीजन माना जाता है। इस दौरान मौसम अनुकूल रहने और चारे की बेहतर उपलब्धता से पशुओं का दूध उत्पादन बढ़ता है। इससे डेरियों को अधिक दूध मिलता है और आमतौर पर खरीद कीमतों में नरमी रहती है। लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार दूध की आवक सामान्य स्थिति में आने में अभी 15 दिन से एक महीने तक का समय लग सकता है। इसका असर दूध की उपलब्धता और डेयरियों की खरीद लागत पर पड़ रहा है।

दूध की थैलियों से ढुलाई तक बढ़ा खर्च
दूध की कीमतें बढ़ने के पीछे केवल कच्चे दूध की कमी जिम्मेदार नहीं है। डेयरी कंपनियों की पैकेजिंग और संचालन लागत में भी काफी इजाफा हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, दूध की थैलियां बनाने में इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग फिल्म की कीमत पहले 150 से 160 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 225 से 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। यानी इसमें करीब 50 से 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा डीजल, परिवहन और मजदूरी का खर्च भी बढ़ा है।

महंगे मक्के ने बढ़ाई पशुपालन की लागत
विशेषज्ञों के मुताबिक, डेयरी फार्मिंग की कुल लागत में 60 से 70 प्रतिशत हिस्सा पशु आहार और चारे का होता है। पशु आहार में मक्का एक प्रमुख सामग्री है। सरकार की इथेनॉल नीति और खरीफ सीजन में उत्पादन प्रभावित होने के कारण मक्का इस समय न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से ऊपर बिक रहा है। 

जानकार एक आकलन का हवाला देकर बताते हैं कि, मक्के की कीमत में प्रति किलो एक रुपये की बढ़ोतरी होने से दूध उत्पादन की लागत करीब 25 से 30 पैसे प्रति लीटर बढ़ जाती है। ऐसे में महंगे मक्के का सीधा असर पशुपालकों के खर्च पर पड़ रहा है। दाना, चूनी और दूसरे चारे की बढ़ती कीमतों ने भी किसानों की लागत बढ़ाई है।

दूध की कमी पूरी करना भी डेरियों के लिए महंगा
दूध की उपलब्धता कम होने पर डेरियां स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी) और बटर का इस्तेमाल करके अपनी जरूरत पूरी करती हैं। लेकिन इस बार यह विकल्प भी महंगा साबित हो रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, देश में मिल्क फैट का बफर स्टॉक सीमित है और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिल्क पाउडर की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। इससे डेरियों के लिए दूध की कमी पूरी करना आसान नहीं रह गया है।

पनीर की बढ़ती मांग से मक्खन और घी के लिए फैट कम
विशेषज्ञों ने दूध में मौजूद फैट की कमी के पीछे एक नीतिगत बदलाव को भी वजह बताया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने पाम ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से बनने वाले एनालॉग पनीर पर निगरानी सख्त की है। इसके बाद डेरियों और हलवाइयों को असली दूध से पनीर बनाने पर अधिक जोर देना पड़ रहा है।

इसका असर यह हुआ है कि दूध में मौजूद फैट का बड़ा हिस्सा पनीर बनाने में इस्तेमाल हो रहा है। इससे मक्खन और घी बनाने के लिए उपलब्ध फैट कम पड़ रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इसी वजह से बाजार में बड़े ब्रांड के मक्खन की उपलब्धता भी प्रभावित हुई है। घी के दाम बढ़कर 10,000 से 10,500 रुपये प्रति टिन तक पहुंच गए हैं।

भैंस के मांस के निर्यात से भी उपलब्धता पर दबाव
विशेषज्ञों ने भैंस के मांस के निर्यात को भी देश में मिल्क फैट की उपलब्धता पर दबाव की एक वजह बताया है। उनके मुताबिक, भैंस के मांस का निर्यात बढ़कर करीब 5 से 5.5 अरब डॉलर यानी लगभग 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इससे दुधारू भैंसों की संख्या और देश में कुल मिल्क फैट की उपलब्धता प्रभावित हुई है।

राज्यों के हिसाब से अलग-अलग है दूध उत्पादन की लागत
देश के अलग-अलग राज्यों में पशुपालन और दूध उत्पादन की लागत एक जैसी नहीं है। कर्नाटक में राज्य सरकार की सब्सिडी के कारण खुदरा दूध की कीमत राष्ट्रीय औसत से करीब 10 से 15 प्रतिशत कम है। वहां डेरियां किसानों से 47 से 48 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध खरीदती हैं और कुल लागत करीब 50 से 52 रुपये प्रति लीटर बैठती है।

इसके उलट मुंबई की आरे कॉलोनी और इंदौर जैसे शहरी क्षेत्रों में पशुपालकों को सूखा भूसा और दाना बाहर से खरीदना पड़ता है। इससे उनकी उत्पादन लागत अधिक रहती है।

महाराष्ट्र में मक्का उत्पादन घटने से चारे की चिंता
महाराष्ट्र में सूखे के कारण खरीफ सीजन के दौरान मक्के के उत्पादन में 50 से 60 प्रतिशत तक गिरावट आई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, किसानों ने मक्का और शुगरग्रास से साइलेज बनाकर पशुओं के चारे का इंतजाम किया है। हालांकि, जनवरी और फरवरी में भूजल स्तर नीचे जाने के साथ चारे और पानी की उपलब्धता को लेकर परेशानी बढ़ सकती है।

दूध के बढ़े दाम से किसानों की बचत नहीं बढ़ी
खुदरा बाजार में दूध महंगा होने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या इसका फायदा पशुपालकों को मिल रहा है? विशेषज्ञों के मुताबिक, दुग्ध यूनियनों ने किसानों से दूध खरीदने की कीमतें जरूर बढ़ाई हैं, लेकिन इससे उनकी बचत में खास इजाफा नहीं हुआ है। महाराष्ट्र में बल्क दूध की कीमत 47 से 48 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर है।

विशेषज्ञों का कहना है कि किसानों को दूध के बदले मिलने वाली अतिरिक्त रकम महंगे मक्के, चूनी, दाने और चारे पर खर्च हो रही है। फसलों को नुकसान पहुंचने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में कई किसानों के लिए दूध रोजाना नकदी जुटाने का प्रमुख जरिया बना हुआ है। इसके लिए कुछ किसान अपने घरों में दूध की खपत कम करके भी डेरियों को दूध बेच रहे हैं। ऐसे में दूध का बढ़ा हुआ खरीद मूल्य उनकी बढ़ती लागत की भरपाई में ही खर्च हो रहा है।

2022 जैसी स्थिति नहीं, कीमतों में बड़ी गिरावट की उम्मीद कम
विशेषज्ञों के मुताबिक, मौजूदा समय में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की तुलना 2022 से नहीं की जा सकती। उस समय कोविड के बाद बाजार खुलने से मांग में अचानक उछाल आया था। जबकि इस बार दूध की कीमतें बढ़ने के पीछे पशु आहार, चारे, पैकेजिंग और दूसरी उत्पादन लागत में बढ़ोतरी के साथ सप्लाई से जुड़ी समस्याएं हैं।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि दिसंबर के आखिर तक उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के साथ दूध की आवक में कुछ सुधार हो सकता है। हालांकि, मौजूदा उत्पादन लागत और सप्लाई की स्थिति को देखते हुए निकट भविष्य में खुदरा दूध की कीमतों में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है।


विज्ञापन
विज्ञापन