Home›Khabar Junction›
National Agriculture Conference Rabi Campaign 2026 Agricultural Production Increased By 50 Shivraj Singh
राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2026: कृषि उत्पादन 50% बढ़ा, अब बेहतर बीज और सही किस्म पर फोकस- शिवराज
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Mon, 28 Sep 2026 02:48 PM IST
सार
राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2026 का हुआ आगाज। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 2015 से 2025 के बीच देश के कृषि उत्पादन में 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने इसे कृषि क्षेत्र में लगातार हो रही प्रगति का प्रमाण बताया।
राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2026 का आगाज
- फोटो : सोशल मीडिया
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (NASC), पूसा, नई दिल्ली में आयोजित हो रहे इस सम्मेलन में केंद्र और राज्यों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ, नीति निर्माता और कृषि क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोग शामिल हुए। सम्मेलन का उद्देश्य रबी सीजन के लिए बेहतर तैयारी, राज्यों के बीच समन्वय और किसानों तक कृषि योजनाओं व तकनीक का प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
2015 से 2025 के बीच कृषि उत्पादन में 50% बढ़ोतरी
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 2015 से 2025 के बीच देश के कृषि उत्पादन में 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने इसे कृषि क्षेत्र में लगातार हो रही प्रगति का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि खेती के लिए सबसे जरूरी चीजों में अच्छे और उपयुक्त बीज शामिल हैं। राज्यों को अपने क्षेत्र की पानी की उपलब्धता के हिसाब से फसल की किस्मों और बीजों का चयन करना चाहिए। जहां पानी पर्याप्त है, वहां अलग किस्में और जहां पानी की कमी है, वहां कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली किस्मों पर ध्यान देने की जरूरत है।
कृषि सम्मेलन को बनाया गया ज्यादा उपयोगी
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले रबी और खरीफ कृषि सम्मेलन केवल एक दिन के होते थे। इनमें कुछ लोग शामिल होते थे और कुछ नहीं। अब इन सम्मेलनों को ज्यादा उद्देश्यपूर्ण बनाया गया है। इसके साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर भी कृषि सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सम्मेलनों को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इनके जरिए खेती से जुड़े जरूरी मुद्दों पर चर्चा और आगे की रणनीति तैयार की जा रही है।
किसानों तक डिजिटल कृषि का लाभ पहुंचाने पर जोर
राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2026 में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव अतीश चंद्र ने डिजिटल कृषि पहलों को किसानों तक अंतिम स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान आईडी को उनकी जमीन से जोड़ने की प्रक्रिया को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कृषि योजनाओं, नई तकनीक और आधुनिक कृषि पद्धतियों को किसानों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए क्लस्टर आधारित व्यवस्था को महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, इससे किसानों के साथ बेहतर संवाद स्थापित होगा और गांव स्तर पर योजनाओं को लागू करने में भी मदद मिलेगी।
रबी सीजन के लिए राज्यों की तैयारी पर चर्चा
सम्मेलन में रबी सीजन के लिए फसलवार तैयारी, बीज की उपलब्धता, कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों तक नई तकनीक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारियों तथा कृषि विशेषज्ञों ने रबी सीजन को लेकर अपनी तैयारियों और रणनीतियों को साझा किया।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।