विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Meghalaya Paddy Fields Will Not Remain Vacant After Harvest Icar Will Grow Second Crop On 52700 Hectares

धान कटने के बाद खाली नहीं रहेंगे खेत : 52700 हेक्टेयर में दूसरी फसल उगाएगा ICAR

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 22 Nov 2026 04:34 PM IST
सार

  • मेघालय में 52,700 हेक्टेयर से अधिक खाली जमीन पर दोबारा होगी खेती।

  • धान की कटाई के बाद दलहन, तिलहन, सब्जियों और आलू की खेती को बढ़ावा।

  • ICAR ने 19 नवंबर को शुरू की नई पहल।

  • किसानों को बीज, खाद, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता मिलेगी।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में खेती का रकबा और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत मेघालय में धान की कटाई के बाद खाली पड़ी 52,700 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर दोबारा खेती की जाएगी। इस जमीन पर किसानों को दलहन, तिलहन, सब्जियों और आलू की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे खाली पड़ी जमीन का बेहतर इस्तेमाल होगा और किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

यह पहल 19 नवंबर को मेघालय के उमियम स्थित ICAR रिसर्च कॉम्प्लेक्स में शुरू की गई। कार्यक्रम में ICAR के विभिन्न संस्थानों, असम कृषि विश्वविद्यालय, केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय और पूर्वोत्तर राज्यों के कृषि विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसमें 300 से अधिक कृषि अधिकारी, वैज्ञानिक और किसान शामिल हुए। साथ ही 90 कृषि विज्ञान केंद्रों (KVK) के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

खाली जमीन पर दूसरी फसल उगाने की तैयारी
ICAR के मुताबिक, धान की कटाई के बाद पूर्वोत्तर राज्यों में काफी कृषि भूमि खाली रह जाती है। इस जमीन पर दलहन, तिलहन, मक्का और सब्जियों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे एक साल में एक से अधिक फसल लेने का चलन बढ़ेगा और खेती की उत्पादकता में सुधार होगा।

इस पहल का उद्देश्य खाद्यान्न और पोषण सुरक्षा मजबूत करना, खेती में विविधता लाना और किसानों की आमदनी बढ़ाना है। इसके साथ ही उपलब्ध कृषि भूमि का बेहतर इस्तेमाल कर किसानों की आजीविका को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

बीज, बुवाई, बाजार और सहयोग पर जोर
कार्यक्रम में पूर्वोत्तर परिषद (North Eastern Council) के सचिव सतींद्र कुमार भल्ला ने खेती को आगे बढ़ाने के लिए बीज, बुवाई, बिक्री और सहयोग यानी '4S' मॉडल को अहम बताया। उन्होंने कहा कि इन चारों क्षेत्रों पर एक साथ काम करने से कृषि उत्पादन और किसानों की स्थिति में सुधार किया जा सकता है।

वहीं, ICAR रिसर्च कॉम्प्लेक्स के निदेशक गोविंदासामी कादिरवेल ने राज्य सरकारों से बीज उत्पादन और वितरण व्यवस्था मजबूत करने की अपील की। उन्होंने दलहन, तिलहन के साथ मांस, मछली और अंडों के उत्पादन में भी आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर दिया।

किसानों को मिलेगा प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग
ICAR ने इस पहल के तहत किसानों को नियमित प्रशिक्षण देने और जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया है। किसानों को बेहतर खेती के तरीकों की जानकारी देने के साथ तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, समय पर अच्छी गुणवत्ता वाले बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जरूरत बताई गई है।

उपज बेचने के लिए बाजार और प्रोसेसिंग की सुविधा
किसानों को खेती के साथ उपज बेचने में भी मदद मिलेगी। इसके लिए दलहन और तिलहन की फसलों के बाजार से जुड़ाव को बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही कृषि उपज के प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) के लिए सुविधाएं विकसित करने पर ध्यान दिया जाएगा। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार और उचित दाम मिल सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन