मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से अब तक जुड़ नहीं पाई महिलाओं के लिए राहत की उम्मीद जगी है। राज्य सरकार योजना में नए नाम जोड़ने के लिए पंजीयन पोर्टल दोबारा खोलने पर विचार कर रही है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को यह पता लगाने के निर्देश दिए हैं कि कितनी पात्र महिलाएं अब तक योजना के लाभ से वंचित हैं। हालांकि, पोर्टल कब खुलेगा और नए पंजीयन कब शुरू होंगे, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।
1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में भेजी गई 41वीं किस्त
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जारी की। इसके तहत करीब 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए राशि भेजी गई। फिलहाल योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
छूटी हुई महिलाओं के लिए क्या है सरकार की तैयारी?
स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सरकार उन महिलाओं को भी योजना का लाभ देने की संभावना पर विचार कर रही है, जो पात्र होने के बावजूद अब तक पंजीयन नहीं करा पाई हैं।
इसके लिए सबसे पहले अधिकारियों से ऐसी महिलाओं की संख्या का आकलन कराया जाएगा। समीक्षा और रिपोर्ट के आधार पर पोर्टल दोबारा खोलने का फैसला लिया जा सकता है। फिलहाल नए पंजीयन की तारीख या आवेदन की समय-सीमा तय नहीं हुई है।
लाड़ली बहना योजना की किस्त का स्टेटस ऐसे चेक करें
महिलाएं घर बैठे ऑनलाइन पता कर सकती हैं कि उनके बैंक खाते में 41वीं किस्त की राशि आई है या नहीं। इसके लिए ये कदम अपनाएं-
योजना की आधिकारिक वेबसाइट cmladlibahna.mp.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर ‘आवेदन एवं भुगतान की स्थिति’ विकल्प चुनें।
अपना आवेदन नंबर या समग्र आईडी दर्ज करें।
कैप्चा भरें और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज करें।
लॉगिन करने के बाद स्क्रीन पर आवेदन और भुगतान से जुड़ी जानकारी देख लें।
इसके अलावा, महिलाएं अपनी बैंक पासबुक अपडेट कराकर या बैंक से मिले एसएमएस के जरिए भी खाते में राशि आने की पुष्टि कर सकती हैं।
ध्यान दें: लाड़ली बहना योजना का पोर्टल दोबारा खोलने और नए पंजीयन शुरू करने का फैसला अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुआ है। महिलाओं को आवेदन की तारीख से जुड़ी जानकारी के लिए सरकार की आधिकारिक घोषणाओं पर नजर रखनी चाहिए।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।