विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Jhiri Mela Begins J K Lg Calls For Farmers Empowerment And Preservation Of Dogra Heritage

J&K: जम्मू में ऐतिहासिक झिड़ी मेले का आगाज, किसानों के अधिकार और डोगरा विरासत बचाने पर जोर

गांव जंक्शन डेस्क, जम्मू Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 24 Nov 2026 05:47 PM IST
सार

जम्मू में 10 दिवसीय झिड़ी मेले का उद्घाटन करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किसानों के अधिकार, डोगरा विरासत और कृषि के आधुनिकीकरण पर जोर दिया। मेले में हर साल 10 से 12 लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। जानिए, विस्तार से...

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को 10 दिवसीय वार्षिक झिड़ी मेले का उद्घाटन किया।
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को 10 दिवसीय वार्षिक झिड़ी मेले का उद्घाटन किया। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को 10 दिवसीय वार्षिक झिड़ी मेले का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने किसानों को सशक्त बनाने, डोगरा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और विकसित, समृद्ध व समावेशी जम्मू-कश्मीर के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

सिन्हा ने 16वीं सदी के किसान संत बाबा जित्तो के जीवन और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष सत्य, आत्मसम्मान और न्याय का संदेश देता है। करीब 500 साल पहले एक जमींदार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाते हुए बाबा जित्तो ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत, पसीने और अधिकारों का सम्मान होना चाहिए।

हर साल पहुंचते हैं 10 से 12 लाख श्रद्धालु
उत्तर भारत के सबसे बड़े किसान मेलों में शामिल झिरी मेले में हर साल 10 से 12 लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। इनमें जम्मू क्षेत्र के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के किसान भी शामिल होते हैं। मेले में बाबा जित्तो और उनकी बेटी बुआ कौड़ी के बलिदान को याद किया जाता है।

उपराज्यपाल ने कहा कि बाबा जित्तो का संघर्ष केवल अपनी फसल के लिए नहीं, बल्कि हर मेहनतकश व्यक्ति के अधिकार और सम्मान के लिए था। उनके और बुआ कौड़ी के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब कोई किसान अपने अधिकारों के लिए अकेले संघर्ष करने को मजबूर न हो।

कृषि को आधुनिक और लाभकारी बनाने पर जोर
सिन्हा ने बताया कि समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के तहत जम्मू-कश्मीर में कृषि, बागवानी और डेयरी क्षेत्रों को बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए भंडारण, ग्रेडिंग और पैकेजिंग सुविधाओं का विस्तार करने के साथ फसल विविधीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कृषि को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर ऐसी एकीकृत व्यवस्था में बदलने की जरूरत है, जिसमें किसानों को कम लागत पर बेहतर गुणवत्ता वाली उपज मिले और उसका लाभकारी मूल्य प्राप्त हो सके। छोटे और सीमांत किसानों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जानकारी से लैस करना भी जरूरी है।

मोटे अनाज और जल प्रबंधन पर ध्यान
उपराज्यपाल ने कहा कि कृषि और खाद्य क्षेत्र युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से तकनीकी ज्ञान और नवाचार के जरिये खेती को अधिक उत्पादक और लाभकारी बनाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के लिए सितंबर में अभियान शुरू किया गया है। किसानों पर बढ़ते आर्थिक दबाव और भूजल स्तर में गिरावट को देखते हुए बेहतर जल प्रबंधन तथा जलवायु अनुकूल खेती अपनाने की जरूरत है।
विज्ञापन
विज्ञापन