विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Jharkhand Two Pair Of Bail With 90 Subsidy 832 Farmers Selected So Far Learn About Eligibility

Jharkhand: 90% सब्सिडी पर मिल रही बैलों की जोड़ी, अब तक 832 किसानों का हुआ चयन, जाने पात्रता-आवेदन का तरीका...

गांव जंक्शन डेस्क, रांची Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 22 Nov 2026 02:19 PM IST
सार

  • खेती की लागत को कम करने और मुनाफा बढ़ाने के लिए झारखंड सरकार छोटे किसानों को बैलों की जोड़ी पर सब्सिडी दे रही है
  • जोड़ा बैल वितरण योजना के तहत एक जोड़ी की कीमत 40 हजार रुपये, किसानों को 36 हजार रुपये तक अनुदान
  • चालू वित्त वर्ष में अब तक 832 किसानों का लाभार्थी के रूप में चयन
  • ग्राम सभा के माध्यम से होगा आवेदन, डीबीटी से सीधे किसानों के खाते में पहुंचेगी सब्सिडी

खेती की लागत कम करने के लिए झारखंड सरकार बैलों पर सब्सिडी दे रही है।
खेती की लागत कम करने के लिए झारखंड सरकार बैलों पर सब्सिडी दे रही है। - फोटो : pti
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छोटे किसानों की खेती की लागत को कम करने के लिए झारखंड सरकार जोड़ा बैल वितरण योजना चला रही है। इस योजना के तहत किसान 90 प्रतिशत सब्सिडी पर खेती के लिए बैलों की दो जोड़ी ले सकते हैं। चालू वित्तीय वर्ष में इस योजना का लाभ देने के लिए अब तक 832 लाभार्थियों का चयन कर लिया गया है।

इस योजना के तहत बैल के जोड़े (दो बैल) की लागत 40 हजार रुपये तय की कई है। इस हिसाब से किसान 36 हजार रुपये तक सब्सिडी हासिल कर सकते हैं। सरकार के अनुसार, इस तरह किसानों को अपनी जेब से केवल 10 प्रतिशत निवेश करना होगा, बाकी 90 प्रतिशत राशि सीधे डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से उनके खाते में भेज दी जाती है। 

पात्र किसान और बैलों के लिए तय मानक
विभाग के अनुसार, इस योजना में विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आदिम जनजाति वर्ग के छोटे और सीमांत किसानों को शामिल किया गया है। योजना के मानकों के मुताबिक, किसानों को दो से तीन वर्ष की उम्र के ऐसे स्वस्थ और काम करने में सक्षम बैलों की जोड़ी उपलब्ध कराई जा रही है, जो खेती-किसानी के सभी कामों के लिए पूरी तरह उपयुक्त हों।

ग्राम सभा से जिला स्तर तक चयन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज
योजना के नियमों के अनुसार, लाभ पाने के लिए किसानों को सबसे पहले अपनी ग्राम सभा के माध्यम से आवेदन करना होता है। ग्राम स्तर पर आवेदन जमा होने के बाद संबंधित प्रखंड स्तर पर पात्र किसानों का चयन किया जाता है, जिसके बाद चयनित लाभार्थियों की सूची अंतिम मंजूरी के लिए जिला प्रशासन को भेजी जाती है। विभाग के मुताबिक, अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद ही किसानों को बैलों की जोड़ी दी जाती है। आवेदन के समय किसान को अपना आधार कार्ड, पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाते का विवरण, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज अनिवार्य रूप से जमा करने होते हैं।

बैलों की आपूर्ति के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी
पशुपालन विभाग के अनुसार, किसानों तक समय पर बैलों  को पहुंचाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। इसके तहत विभाग ने एजेंसियों, गैर सरकारी संस्थाओं, आपूर्तिकर्ताओं और पशुपालन क्षेत्र में काम करने वाले किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को सूचीबद्ध करने के लिए प्रस्ताव मांगे हैं। विभाग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, इस टेंडर में आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 नवंबर तय की गई है और 27 नवंबर को टेंडर खोला जाएगा। इस प्रक्रिया के पूरा होते ही राज्य के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में किसानों को जोड़ा बैल वितरित किए जाएंगे।


विज्ञापन
विज्ञापन