विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Icar Launched Cleanliness Drive 8000 Locations Across Country Space Cleared Earning 1 4 Million

ICAR ने देशभर में 8000 जगहों पर चलाया सफाई अभियान: 4 हजार वर्ग फुट जगह कराई खाली और ₹14 लाख की हुई कमाई

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 06 Nov 2026 05:47 PM IST
सार

DARE और ICAR ने विशेष अभियान 6.0 पूरा किया। देशभर में 8 हजार जगहों की सफाई, 13 हजार फाइलों की छंटाई और कबाड़ से 14 लाख रुपये से अधिक का राजस्व मिला।

फाइल फोटो
फाइल फोटो - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग (DARE) तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) ने देशभर में विशेष अभियान 6.0 पूरा कर लिया है। इस अभियान के तहत देशभर में करीब 8 हजार स्थानों पर सफाई की गई। साथ ही, 13 हजार से अधिक पुरानी कागजी और डिजिटल फाइलों की छंटाई की गई। 

अभियान के दौरान कबाड़ के निपटान से 14 लाख रुपये से अधिक का राजस्व मिला और 4 हजार वर्ग फुट से ज्यादा कार्यालय की जगह खाली कराई गई। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों को साफ-सुथरा बनाना, पुराने रिकॉर्ड का बेहतर प्रबंधन करना और बेकार सामान का सही तरीके से निपटान करना था।

पुराने रिकॉर्ड और कबाड़ का किया निपटान
अभियान के दौरान DARE और ICAR के सभी संस्थानों में सफाई और कार्यालयों को व्यवस्थित करने का काम किया गया। इसमें पुरानी फाइलों की छंटाई, रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण, इलेक्ट्रॉनिक कचरे का निपटान और कार्यालयों में खाली जगह बनाने जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।

इसके अलावा, पौधरोपण, पर्यावरण अनुकूल तरीकों और कचरे के बेहतर प्रबंधन पर भी ध्यान दिया गया। धातु और प्लास्टिक के कचरे को सामान्य कचरे से अलग रखा गया, ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल और पुनर्चक्रण किया जा सके।

सफाई कर्मचारियों को किया सम्मानित
अभियान के तहत ICAR के विभिन्न संस्थानों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए शिविर लगाए गए। कई जगहों पर मुफ्त चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए गए। सफाई कर्मचारियों (सफाई मित्रों) को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसरों के साथ-साथ आसपास के खेतों, मैदानों और सड़कों पर भी सफाई अभियान चलाया। इसमें सभी स्तरों के कर्मचारियों ने भाग लिया।

फूलों से बनाई खाद, कचरे के दोबारा इस्तेमाल पर जोर
अभियान के दौरान कचरे को कम करने, दोबारा इस्तेमाल करने और पुनर्चक्रण को बढ़ावा दिया गया। इसके तहत इस्तेमाल किए जा चुके फूलों से खाद और वर्मी कम्पोस्ट बनाने जैसे तरीके अपनाए गए। ICAR के राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान प्रबंधन अकादमी, हैदराबाद में भी इस अभियान के तहत स्वच्छता और कचरा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियां चलाई गईं। विभाग के मुताबिक, अभियान के दौरान स्वच्छता से जुड़े कई लक्ष्य तय सीमा से बेहतर तरीके से पूरे किए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन